MLA Dr Neeraj Bora
Lucknow News: राजधानी में गोमती नदी पर ब्रिटिशकालीन ऐतिहासिक पक्का पुल के समीप बनने वाले चार लेन नवीन सेतु का रविवार को क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर औपचारिक शुभारंभ किया। कुल 9289.41 लाख रुपये की लागत से बन रहे आर्च सेतु का कार्य जून 2027 तक पूर्ण होगा।
इस मौके पर डा. नीरज बोरा ने बताया कि 111 साल पुराने वर्तमान लाल पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद होने से लोगों को असुविधा हो रही थी। डबल इंजन सरकार ने इस नये पुल की सौगात देकर क्षेत्र की बहुसंख्य आबादी को राहत पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि नया पुल दोनों तरफ बन्धों के बीच पूर्व निर्मित आर्च सेतु की भांति ही होगा। लगभग 180 मीटर लम्बे और 20 मीटर चौड़े सेतु के दोनों ओर फुटपाथ तथा 326 मीटर पहुंच मार्ग भी बनेगा।
डा. नीरज बोरा ने बताया कि इसी जगह गोमती नदी पर अवध के नवाब आसिफुद्दौला द्वारा वर्ष 1780 में पत्थरों का शाही पुल बनवाने और इसे पार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से टैक्स टैक्स वसूले जाने की बात कही जाती है। सत्तावनी क्रान्ति के बाद अंग्रेजों ने अवध रियासत को अपने नियंत्रण में ले लिया था। अंग्रेजों ने तब के शाही पुल को कमजोर बताते हुए साल 1911 में इसे तोड़कर नए पुल का निर्माण कार्य शुरू करवाया। 10 जनवरी 1914 को पुल का उद्घाटन तत्कालीन ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड हार्डिंग द्वारा किया गया था जो वर्ष 1910 से 1916 तक भारत के वायसराय रहे थे। इस पुल का एक नाम हार्डिंग ब्रिज भी है जो आम जन में पक्का पुल और लाल पुल के नाम से जाना जाता रहा है।
इस विशेष मौके पर डा. नीरज बोरा के साथ भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह, रामप्रकाश शुक्ला, रामऔतार कनौजिया, सौरभ वाल्मीकि, मण्डल अध्यक्षगण दयाशंकर पाण्डेय, रमन निगम, चन्द्रशेखर गुप्ता, शैलेन्द्र मौर्य, संजय तिवारी, पार्षद मुन्ना मिश्रा, रंजीत सिंह, अनुराग मिश्र अन्नू, अवधेश त्रिपाठी, पंकज शंखनादी, अनिल मिश्र, माला निगम, रीता सिंह, शुभी सिंह, गुड़िया निगम, हर्षिका जायसवाल आदि के साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारी, अभियन्ता, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
Lucknow Reporter
Lucknow Reporter