18 से अधिक जिलों में होगी बारिश,कहीं-कहीं ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी – scn news india

मध्य प्रदेश का यूनिक और इनोवेटिव डिजिटल मीडिया


अंधड़ के साथ बरसात से भीगा आधा प्रदेश… भोपाल, इंदौर सहित 18 से अधिक जिलों में होगी बारिश
मध्य प्रदेश में चार सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। रविवार को 20 से अधिक जिलों में वर्षा हुई। इंदौर में सर्वाधिक 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह स्थिति अगले तीन-चार दिन तक बनी रह सकती है।
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेशभर में चार सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से लगातार नमी आ रही है, जिससे गरज-चमक के साथ बौछारों का सिलसिला जारी है। रविवार शाम को अंधड़ के साथ हुई बारिश में 20 से अधिक जिलों के कई इलाके भीग गए। इंदौर में सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि उज्जैन में 11 मिमी और राजधानी भोपाल में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज हुई।
इंदौर में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर में 70 मिमी वर्षा हुई, जो प्रदेश में सर्वाधिक रही। भोपाल में लगभग 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कुछ क्षेत्रों में हल्की बौछारें भी दर्ज की गईं। उज्जैन में 11 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं खंडवा में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक था।
तीन-चार दिन बना रह सकता है यह मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि वर्तमान में चार प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनसे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से निरंतर नमी आ रही है। इसी कारण विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर और शहडोल संभाग में सोमवार को भी वर्षा की संभावना जताई गई है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
सक्रिय हैं ये मौसम प्रणालियां
पश्चिमी विक्षोभ – मध्य पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब एवं उत्तर-पश्चिम राजस्थान में हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात के रूप में सक्रिय।
दक्षिणी उत्तर प्रदेश – यहां भी हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात बना हुआ है।
द्रोणिका – उत्तर-दक्षिण दिशा में मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक से होते हुए तमिलनाडु तक फैली हुई है।
उत्तरी मराठवाड़ा – यहां भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि बीते तीन दिनों से द्रोणिका मध्य प्रदेश से गुजर रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी है। फिलहाल मौसम का यह मिजाज अगले तीन से चार दिन तक बने रहने की संभावना है

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News