पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के कमरहाटी में एक व्यक्ति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी पत्नी को आग लगा दी। घटना शुक्रवार शाम 5 बजे की है। महिला अपने रिश्तेदार से मिलने गई हुई थी। तभी उसका पति अपने दोस्तों के साथ पहुंचा। इसके बाद महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। महिला 80% तक झुलसी है। उसका सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है। आरोपी पति और उसके दोस्त फरार हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
जम्मू-कश्मीर के LG सिन्हा ने आतंकी संबंधों को लेकर दो सरकारी कर्मचारियों को टर्मिनेट किया
जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को दो सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। जानकारी सामने आई थी कि किश्तवाड़ के सरकारी शिक्षक जहीर अब्बास और स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट अब्दुल रहमान नायका आतंकियों के संपर्क में हैं। नायका का संबंध हिजबुल मुजाहिदीन से मिला है। वो इसके लिए ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) के रूप में काम करता था।
21 लाख के डिजिटल फ्रॉड केस में कश्मीर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया; आरोपी पंजाब, दिल्ली और UP के
कश्मीर की साइबर पुलिस ने 21 लाख की डिजिटल धोखाधड़ी के एक मामले में पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जम्मू और कश्मीर में हल किया गया डिजिटल धोखाधड़ी का पहला मामला है।
श्रीनगर के SSP ने बताया कि यह स्कैम तब सामने आया जब श्रीनगर के एक सीनियर सिटीजन ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) और CBI के अधिकारी बनकर उसके साथ धोखाधड़ी की।
आरोपियों ने उस पर 6.8 करोड़ रुपए की हेर-फेर करने का इलजाम लगाया और फेक वॉरंट या पेनाल्टी लगाने का डर दिखाकर उसे हाउस अरेस्ट किया। इसके बाद उसे अपने फिक्स्ड डिपॉजिट बंद करने और HDFC बैंक में 21 लाख रुपए ट्रांसफर करने को कहा। उससे कहा गया कि ये पैसा उसे वापस कर दिया जाएगा।
विक्टिम की तरफ से FIR दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और UP, बिहार और पंजाब में टीमें भेजीं। जहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
JNU में 2017 से अब तक 151 यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज, RTI से खुलासा
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 2017 से अब तक यौन उत्पीड़न के 151 मामले सामने आए हैं। यह जानकारी एक आरटीआई के माध्यम से मिली है। 2017 में यूनिवर्सिटी में जेंडर सेंसिटाइजेशन कमेटी अगेंस्ट हरासमेंट (GSCASH) की जगह इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (ICC) ने ली थी, तभी से यह आंकड़े दर्ज किए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने दावा किया है कि इनमें से करीब 98 प्रतिशत मामलों को सुलझा लिया गया है, जबकि तीन मामले अभी भी जांच के दायरे में हैं।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में पहुंचे राहुल, प्रियंका; महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा होगी
नई दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक जारी है। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद है। इस मीटिंग में कांग्रेस के हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव के प्रदर्शन पर चर्चा के साथ-साथ आगे की कार्यनीति तैयार की जाएगी। मीटिंग में अडाणी मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।
महाराष्ट्र के गोंदिया में बस पलटी, 12 यात्रियों की मौत, 16 घायल
महाराष्ट्र के गोंदिया में महाराष्ट्र महामंडल की शिवशाही बस अनिंयत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। 16 घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि बस भंडारा से गोंदिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान गोंदिया से 30 किलोमीटर दूर डव्वा के खजरी गांव में हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उनका इलाज चल रहा है।
दिल्ली के प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, बॉम्ब स्क्वाड बोला- सूचना फर्जी थी
दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक प्राइवेट स्कूल को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने बताया कि वेंकटेश्वर पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया।
सूचना मिलने पर सुबह 10:57 बजे बॉम्ब स्क्वाड स्कूल पहुंच गया। स्कूल को खाली कराकर जांच की गई। बॉम्ब स्क्वाड ने कहा कि कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। सूचना फर्जी थी। इससे पहले गुरुवार को रोहिणी के ही प्रशांत विहार में स्कूटर में धमाका होने से एक शख्स घायल हो गया था।
नेवी के जहाज में इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम लगेंगे, भारत ब्रिटेन के साथ मिलकर डिजाइन करेगा; दोनों देशों के बीच एग्रीमेंट फाइनल
इंडियन नेवी के जंगी जहाज पर प्रोपल्शन सिस्टम बनाने के लिए भारत और ब्रिटेन के बीच शुक्रवार सुबह एग्रीमेंट हुआ है। डिफेंस मिनिस्ट्री ने शुक्रवार को बतााय कि शिप के लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक पर कुछ दिनों बाद इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम होगा। इसको बनाने के लिए भारत और ब्रिटेन के बीच एग्रीमेंट हुआ है।
भारत की तरफ से यह समझौता नेवल सिस्टम के जॉइंट सेक्रेटरी राजीव प्रकाश ने किया। वहीं, यूके डिफेंस मिनिस्ट्री के एडमायरल स्टीव मैकार्थी ने ब्रिटेन सरकार की तरफ से एग्रीमेंट पर साइन किए।
दरअसल, प्रोपल्शन सिस्टम एक मशीन होती, जो रॉकेट या मिसाइल को लॉन्च करने के लिए इस्तेमाल में लाई जाती है।
पश्चिम बंगाल स्कूल जॉब स्कैम- सुप्रीम कोर्ट ने CBI केस में पूर्व TMC युवा नेता कुंतल घोष को जमानत दी
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल प्राइमरी स्कूल भर्ती घोटाले से जुड़े CBI केस में पूर्व तृणमूल कांग्रेस युवा नेता कुंतल घोष को रेगुलर जमानत दे दी। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्जल भुइयां की बेंच ने कहा कि इस मामले का निकट भविष्य में पूरा होने की संभावना नहीं है और घोष पिछले 19 महीनों से हिरासत में हैं।
बेंच ने घोष को जमानत देते हुए कहा कि वे अदालत या जांच एजेंसी को बताए बिना पश्चिम बंगाल न छोड़ें। घोष कोई सार्वजनिक पद भी नहीं संभालेंगे। साथ ही जांच से जुड़ा कोई बयान मीडिया को नहीं देंगे।
घोष को ED ने 21 जनवरी, 2023 को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में और उसके बाद 20 फरवरी 2023 को CBI ने पश्चिम बंगाल प्राइमरी स्कूल भर्ती घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया था।
शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के घर-ऑफिस में ED का छापा; पोर्नोग्राफी केस से जुड़ा है मामला
प्रोड्यूसर राज कुंद्रा के जुहू वाले घर पर ED ने छापा मारा है। राज कुंद्रा एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति हैं। ED की टीम सुबह 6 बजे से राज के घर पर मौजूद है। पोर्नोग्राफी कंटेंट के डिस्ट्रीब्यूशन के केस में जुड़े लोगों पर ED की छापेमारी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई के अलावा UP में भी 10 से ज्यादा जगहों पर तलाशी ली जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
सुरक्षाबलों ने पुंछ में आतंकी ठिकाना ढूंढ निकाला, IED और RDX बरामद हुए
जम्मू कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों का एक ठिकाना ढूंढ निकाला। मनकोट इलाके के इस ठिकाने से सुरक्षाबलों को 1 से 2 किलो RDX, 2 IED, एक बैटरी, दो ब्लैंकेट और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है।
बिरसा मुंडा के परपोते मंगल मुंडा की रांची में मौत, सड़क दुर्घटना के बाद चल रहा था इलाज
आदिवासी नेता बिरसा मुंडा के परपोते मंगल मुंडा की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई है। 45 साल के मुंडा 25 नवंबर को एक पैसेंजर गाड़ी के छज्जे से गिर गए थे। हादसे में उनके सिर में गहरी चोटें आई थी। रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में मुंडा का इलाज चल रहा था। यहां शुक्रवार रात 12:30 बजे हार्ट फेल होने की वजह से उनकी मौत हो गई। इससे पहले मुंडा को वेंटिलेटर पर रखा गया था।
मुंडा की मौत से पहले उनके भाई जंगल सिंह मुंडा ने बताया था कि हादसे वाली रात ऑक्सीजन बैड खाली न होने की वजह से मंगल मुंडा को एंबुलेंस में ही रखना पड़ा था। अस्पताल ने उन्हें इमरजेंसी में भी भर्ती नहीं किया। इस दौरान डॉक्टरों ने भी उनकी जांच नहीं की। जंगल मुंडा ने बताया कि 26 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के फोन के बाद मंगल मुंडा का इलाज शुरू हुआ।
भारत-श्रीलंका की नेवी ने जॉइंट ऑपरेशन में पकड़ी 500 किग्रा ड्रग्स
एक जॉइंट ऑपरेशन में इंडियन नेवी और श्रीलंका नेवी ने अरब सागर में दो नाव से लगभग 500 किलोग्राम मादक पदार्थ (क्रिस्टल मेथ) जब्त किया है। ड्रग्स ले जा रहे 9 लोगों को भी अरेस्ट किया गया है।
तमिलनाडु में कोस्ट गार्ड ने समुद्र में फंसे 6 मछुआरों और 4 मजदूरों को बचाया, खराब मौसम की वजह से फंस गए थे
इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) ने गुरुवार को खराब मौसम के दौरान समुद्र में फंसे 6 मछुआरों और 4 मजदूरों का रेस्क्यू किया। सभी तमिलनाडु के कुड्डालोर में समुद्र तट से करीब 2 किमी दूर केमप्लास्ट जेट्टी पर फंसे हुए थे। कोस्ट गार्ड की टीम ने चेन्नई से एक एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर भेजा गया था। ICG ने X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट का चुनाव आयोग को नोटिस, चेनानी विधानसभा सीट पर चुनाव रद्द करने की मांग
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने गुरुवार को नेशनल पैंथर्स पार्टी-इंडिया (NPP-I) के उम्मीदवार हर्ष देव सिंह की याचिका पर चुनाव आयोग, प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जम्मू-कश्मीर सरकार को नोटिस जारी किया। याचिका में चेनानी विधानसभा चुनाव को रद्द करने की मांग की गई है।
याचिका में कहा गया है कि भ्रष्टाचार, अनुचित प्रभाव, वोट के लिए धर्म का इस्तेमाल और भ्रामक जानकारी फैलाकर चुनाव प्रभावित किया गया। इसके अलावा रिटर्निंग ऑफिसर सहित सरकारी कर्मचारियों पर भेदभाव करने के भी आरोप लगाए गए हैं। सभी पक्षों को चार से पांच सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करना है।
इस पर कोर्ट ने गृह विभाग, चेनानी के रिटर्निंग ऑफिसर और सीट पर चुने गए विधायक सहित कई अन्य को भी नोटिस जारी किए हैं। पूर्व मंत्री हर्ष देव भाजपा के बलवंत सिंह मनकोटिया से करीब 15 हजार वोटों से हार गए थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.