आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस आखिरकार बुधवार को खत्म होने वाला है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी आज विधायक दल की बैठक में अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। भगवा पार्टी ने महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम तय हो चुका है। बीजेपी पहले ही घोषणा कर चुकी है कि नया मुख्यमंत्री 5 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में मुंबई के आजाद मैदान में शपथ लेगा।
अन्य बड़ी खबरें
संसद शीतकालीन सत्र का सातवां दिन: सरकार और विपक्ष के बीच एक हफ्ते से चल रहे टकराव के बाद आज से संसद के दोनों सदनों में कामकाज सही तरीके से चलने की उम्मीद है। सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ऑफिस में इंडिया गठबंधन के नेताओं की मीटिंग हो रही है। विपक्ष ने दोनों सदनों में सही तरीके से कामकाज सुनिश्चित करने के लिए सहयोग करने की इच्छा जताई है। मंगलवार को लोकसभा में दो विधेयक पेश किए जाने की उम्मीद है। पहला बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक और दूसरा रेलवे (संशोधन) विधेयक। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकसभा में 13-14 दिसंबर को संविधान पर बहस होगी। इसके बाद 16-17 दिसंबर को राज्यसभा में बहस होगी।
किसानों ने अपना मार्च एक हफ्ते टाला: अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश भर से आए किसानों ने सोमवार को नोएडा-दिल्ली सीमा पर बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सात दिनों के अंदर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ओर अपना मार्च फिर से शुरू करेंगे। प्रदर्शन की वजह से सोमवार को दिनभर जाम की स्थिति रही। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अपनी किन मांगों को लेकर किसान अड़े हुए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
देश-दुनिया से जुड़ी बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा चुनावों में बुरी तरह हारने के बाद, कांग्रेस ने हताशा में संसद का इस्तेमाल अपने ‘परिवार का एजेंडा’ लागू करने के लिए करना शुरू कर दिया है। वह आम सहमति से ऊपर टकराव को तरजीह देती है। वह संवाद से ऊपर व्यवधान को तरजीह देती है। अगर आज वे सभी इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि संसद को चलना चाहिए, तो यह निश्चित रूप से स्वागत योग्य है। लेकिन सच तो यह है कि कांग्रेस के इस तरह के रवैये और दृष्टिकोण के कारण करदाताओं को भारी नुकसान हुआ है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक कृषि प्रधान देश में किसान का आंदोलित होना सरकार की सबसे बड़ी विफलता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘यह हर एक भारतीय के लिए त्वरित न्याय सुनिश्चित करने और साथ ही औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति पाने के हमारे प्रयासों का एक विशेष दिन है। आज दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ में तीन नए आपराधिक कानूनों, अर्थात् भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के सफल कार्यान्वयन को चिह्नित करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह बेहद खुशी की बात है कि ये कानून ऐसे समय में अस्तित्व में आ रहे हैं जब हम संविधान सभा द्वारा हमारे संविधान को अपनाए जाने के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।’
कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने गुजरात स्थित ख्याति अस्पताल विवाद पर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया, जहां नवंबर में पीएम-जेएवाई के कई लाभार्थियों पर “अनावश्यक” एंजियोप्लास्टी सर्जरी की गई, जिससे कम से कम 2 मौतें हुईं।