भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र के लिलोई गांव में दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की नाले में डूबकर मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों भाई 10 वर्षीय सौरभ पुत्र बंटू और 8 वर्षीय प्रांशु पुत्र बंटू घर के बाहर खेलते-खेलते सिकरौदा और लिलोई के बीच बने नाले के पास पहुंच गए. नाले में अचानक फिसल जाने से दोनों बच्चे उसमें डूब गए. जैसे ही घटना की जानकारी मिली, गोरमी थाना प्रभारी ध्यानेंद्र सिंह यादव तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया. परिजन सदमे में हैं और पिता की आंखों के सामने उसकी दुनिया उजड़ गई.
जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र के करमेता इलाके में फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. कटनी के बदमाशों द्वारा शिवा रैकवार नामक युवक पर फायरिंग की गई, जिससे वह घायल हो गया. शिवा की पीठ और हाथ में छर्रे लगे हैं, फिलहाल उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हैरानी की बात यह है कि करीब एक साल पहले भी शिवा पर फायरिंग हो चुकी है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसकी मदद से पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है. इलाके में वारदात के बाद दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए दबिश दे रही है.
शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के मालबर्वे गांव में दर्दनाक हादसा हो गया. गेहूं में रखी कीटनाशक दवा से निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घर में गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए रखी गई दवा से अचानक गैस निकली, जिससे यह हादसा हुआ. इलाके में इस घटना से शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने भी पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
हरदा जिले में किसानों की यूरिया के लिए जद्दोजहद अब भी जारी है. पिछले एक माह से खाद वितरण केंद्रों पर किसानों की लंबी कतारें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं. हालात ये हैं कि आज भी तेज बारिश के बीच किसान लाइन में खड़े नजर आए. जिले में आज 1350 मिट्रिक टन यूरिया की आवक हुई है, जबकि अब तक कुल करीब 20,000 मिट्रिक टन यूरिया वितरित की जा चुकी है. बावजूद इसके किसानों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं. लगातार बारिश के चलते धान और अन्य फसलों के लिए यूरिया की मांग बहुत बढ़ गई है. किसानों का कहना है कि खाद वितरण की व्यवस्था सुधारने और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की ज़रूरत है, ताकि फसल पर असर न पड़े.
ग्वालियर में आज कलेक्टर जनसुनवाई के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब मुरार क्षेत्र के रहने वाले युवक मिथुन परिहार ने अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर जमकर विरोध किया. मिथुन का आरोप है कि उसने ग्राम करीगवां में अवैध कॉलोनी को लेकर सबसे पहले 14 मार्च 2023 को शिकायत की थी, लेकिन हर जनसुनवाई में सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन ही मिलता रहा. आज भी अधिकारियों से यही जवाब मिलने पर मिथुन का गुस्सा फूट पड़ा और उसने हाईवोल्टेज हंगामा कर दिया. इस दौरान मुरार SDM कुलदीप दुबे के साथ उसकी तीखी बहस हो गई. बहस इतनी बढ़ी कि SDM दुबे भी आपा खो बैठे और शिकायतकर्ता मिथुन को जमीन पर धकेल दिया. मौके पर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस को बुलाया गया और मिथुन को हिरासत में ले लिया गया. घटना के बाद जनसुनवाई का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया. लगातार कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद नतीजा न मिलने पर युवक की नाराजगी चर्चा का विषय बनी हुई है.
देवास जिले के सोनकच्छ के भौरासा क्षेत्र में अवैध रूप से यूरिया खाद का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया है. नेवरी फाटे के पास रोके गए इस वाहन से कुल 70 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई है. जानकारी के अनुसार, ये यूरिया अवैध रूप से बड़वानी ले जाई जा रही थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि अधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया और भौरासा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई. साथ ही वाहन और यूरिया खाद की जब्ती की कार्रवाई भी की गई है. इस कार्रवाई से इलाके में अवैध खाद व्यापार करने वालों में हड़कंप मच गया है.
रतलाम जिले में सैलाना एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के दर्जनों बच्चों ने अपनी समस्याओं को लेकर अनोखा कदम उठाया. छात्र करीब 12 किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए सैलाना से डेलनपुर पहुंचे. बच्चों की पैदल मार्च की खबर मिलते ही रतलाम कलेक्टर राजेश बाथम और जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और छात्रों से चर्चा शुरू की. कलेक्टर ने छात्रों को उनकी हर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. इस पैदल मार्च से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही, जिससे बच्चों को अपनी बात कहने के लिए इतना लंबा रास्ता पैदल तय करना पड़ा. प्रशासन अब छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की कोशिश कर रहा है.
इंदौर के जेल रोड स्थित जर्जर मकान पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की. खतरनाक घोषित किए गए इस पुराने मकान को आज बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया. बारिश के चलते मकान की हालत और ज्यादा खराब हो गई थी, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था. नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के बीच कार्रवाई को अंजाम दिया. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में निगमकर्मी भी मौजूद रहे, ताकि आसपास के इलाके में कोई दिक्कत न हो। इस कदम से क्षेत्र के लोगों ने भी राहत की सांस ली.
जबलपुर के कोतवाली थाना अंतर्गत चेरीताल वार्ड में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 63 वर्षीय वृद्धा हीरा बाई चौधरी की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई. रात में हीरा बाई अपनी पोती के साथ सो रही थीं. सुबह पोती की नींद खुली तो उसने देखा कि उसके भी हाथ-पैर बंधे हुए थे. किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर पोती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि वृद्धा हीरा बाई चौधरी के भी हाथ-पैर बंधे हुए थे और उनकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है. घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस टीम हत्यारों की तलाश में जुट गई है.
मऊगंज में इन दिनों खाद की भारी किल्लत से किसान बेहद परेशान हैं. सहकारी विपणन संघ के भंडारण केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है. खासतौर पर इस समय धान की रोपाई के लिए खाद की सबसे ज्यादा ज़रूरत है, लेकिन किसानों को दिनभर लाइन में खड़े रहने के बावजूद भी खाद नहीं मिल पा रही. भीड़ बढ़ने से मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने किसानों को समझाइस दी और हालात को संभालने की कोशिश की. तहसीलदार ने भी माना कि जिले में खाद की किल्लत है और कहा कि इसका समाधान प्रदेश स्तर से जल्द किया जाएगा.
मां की डांट से नाराज़ होकर 21 साल की युवती हीरोइन बनने के सपने लिए मुंबई निकल पड़ी. पंजाब के जालंधर की रहने वाली यह युवती छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के S-4 कोच की सीट नंबर 41 पर सवार थी. पंजाब से मिली सूचना पर ग्वालियर रेलवे कंट्रोलरूम सतर्क हुआ और ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर RPF ने युवती को ट्रेन से उतार लिया. इसके बाद युवती को ग्वालियर के वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है. इस बीच पंजाब से युवती के परिजन भी ग्वालियर के लिए रवाना हो गए हैं.
भोपाल में आज बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक शाम 7 बजे सीएम हाउस में आयोजित होगी. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री विधायकों के साथ आगामी विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर चर्चा करेंगे. बैठक में विशेष तौर पर विपक्ष के सवालों का सटीक जवाब देने और सत्र के दौरान सरकार की रणनीति तय करने पर मंथन होगा. माना जा रहा है कि सत्र में सरकार अपनी उपलब्धियों को मजबूती से रखने की तैयारी कर रही है.
ग्वालियर के पिंटोपार्क इलाके में खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की. घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल और रिफलिंग करने वालों पर यह कार्रवाई की गई. टीम ने दो दुकानों पर दबिश देकर वहां से कुल 26 गैस सिलेंडर जब्त किए. खाद्य विभाग ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत FIR दर्ज कराई है. विभाग का कहना है कि घरेलू सिलेंडरों का अवैध तरीके से व्यवसायिक उपयोग करना गंभीर अपराध है और इस पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.