भास्कर संवाददाता| खरगोन
शहर के बिस्टान नाक क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय केशव हीरमल डूडवे ने दो साल में साइकिल से संपूर्ण भारत की यात्रा पूरी की। केशव ने भारत भ्रमण के लिए साइकिल से 32 हजार किमी का सफर तय किया। शुक्रवार को केशव के शहर लौटने पर परिजनों और साथियों ने स्वागत किया। इस मौके पर साथियों ने आतिशबाजी कर नवग्रह मंदिर से बिस्टान नाके तक डीजे के साथ जुलूस निकाला। इस दौरान नागरिकों ने स्वागत मंच लगाकर जगह-जगह स्वागत किया।
केशव ने बताया कि भारत के प्रति प्रेम और देश को जानने की लगन के चलते जुलाई 2023 में यात्रा शुरू की थी। उनका कहना था कि सपनों को पूरा करने के लिए हौसले चाहिए। साइकिल से यात्रा का उद्देश्य कम खर्च में देश को जानना था। पूरे भारत में लोगों का भरपूर सहयोग और प्रेम के चलते उन्होंने साइकिल से यात्रा पूरी कर अपने संकल्प को पूरा किया। केशव ने बताया कि 32 हजार किलोमीटर की यात्रा के दौरान 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम, 42 शक्तिपीठ, पंच केदार, 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण किया। केशव ने बताया कि यात्रा के दौरान कई परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। इस यात्रा को उन्होंने साथियों और परिजनों की मदद से पूरा किया। साथी निर्मल चौहान ने बताया कि केशव बीए की पढ़ाई कर रहा है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.