कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयरों में आज 27 फरवरी को 4 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। यह गिरावट फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) सेगमेंट को लेकर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के एमडी और सीईओ आशीषकुमार चौहान के बयानों के बाद आई। डेरिवेटिव वॉल्यूम में संभावित गिरावट की आशंका से निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिसके चलते कई शेयर 4% तक लुढ़क गए।
ब्रोकिंग और एक्सचेंज से जुड़े शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखा गया। एंजल वन (Angel One) का शेयर 4% से अधिक गिरकर इंट्राडे में ₹235.6 तक पहुंच गया। पिछले दो सत्रों में यह शेयर करीब 5% टूट चुका है। बीएसई के शेयर 3% से ज्यादा गिरकर 2,708 रुपये पर कारोबार करते दिखे।
360 वन वैम लिमिटेड का शेयर 2.2% की गिरावट के साथ 1,102 पर कारोबार कर रहा था। CDSL के शेयर 1.9% फिसलकर 1,270 रुपये पर आ गए। कंप्यूटर एज मैनेजमेंट सर्विसेज (CAMS) 3.47% टूटकर ₹683.50 पर आ गया।
इन शेयरों की कमजोरी के साथ निफ्टी कैपिटल मार्केट्स इंडेक्स भी 1.5% तक गिर गया। इसके 15 में से 13 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल दो में बढ़त देखी गई।
STT बढ़ोतरी से F&O वॉल्यूम पर असर की आशंका
NSE के चीफ आशीषकुमार चौहान ने कहा कि अप्रैल से सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में बढ़ोतरी लागू होने के बाद F&O वॉल्यूम में और गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे बाजार का सेंटीमेंट प्रभावित हुआ।
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026 के बजट में फ्यूचर्स पर STT को 0.02% से बढ़ाकर 0.05% करने का प्रस्ताव रखा था। वहीं वहीं ऑप्शंस प्रीमियम पर STT को 0.1% से बढ़ाकर 0.15% तथा ऑप्शन एक्सरसाइज पर 0.125% से बढ़ाकर 0.15% करने की घोषणा की गई थी। सरकार का कहना था कि यह कदम F&O सेगमेंट में “उचित संतुलन” लाने और अतिरिक्त रेवेन्यू जुटाने में मदद करेगा।
चौहान ने गुरुवार को डेरिवेटिव ट्रेडिंग में भागीदारी के लिए “न्यूनतम पात्रता मानदंड” लागू करने की भी वकालत की, ताकि कम आय वर्ग के लोग सट्टेबाजी से बच सकें। एनालिस्ट्स का मानना है कि पॉलिसी और नियामकीय कदमों का सीधा असर ट्रेडिंग वॉल्यूम पर पड़ता है, क्योंकि स्टॉक ब्रोकर्स और एक्सचेंजों की आय का बड़ा हिस्सा ट्रेड एक्जिक्यूशन से आता है।
सेंसेक्स-निफ्टी भी दबाव में
ग्लोबल बाजारों से कमजोर संकेत और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी भी गिरावट में रहे। खबर लिखे जाने के समय BSE सेंसेक्स 618.81 अंक या 0.75% गिरकर 81,629.80 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी भी223.55 अंक या 0.88% टूटकर 25,273 पर कारोबार करता दिखा।
यह भी पढ़ें- Share Market Crash: शेयर बाजार इन 5 कारणों से धड़ाम; सेंसेक्स 600 अंक टूटा, निफ्टी भी 25,300 के नीचे
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।