आज़मगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. ग्राम सुराई निवासी मो. कुद्दूस उर्फ कुद्दूस पुत्र अली रजा ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर मलेशिया की नागरिकता हासिल की और साथ ही भारत में मतदाता बनकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाता रहा. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपना नाम बदलकर “मोहम्मद कुद्दूस बिन रज्जाक शाह” कर लिया और पिता का नाम भी बदल लिया. इसी बदले हुए नाम पर उसने मलेशिया का पासपोर्ट बनवाया और बाद में OCI कार्ड भी हासिल कर लिया. हाल ही में वह मलेशिया से वापस अपने गांव लौटा था.
जांच में सामने आया कि OCI कार्ड धारक होने के बावजूद आरोपी का नाम ग्राम सुराई की मतदाता सूची में दर्ज था और वह भारतीय नागरिक की तरह सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठा रहा था. SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान भी उसने मतदाता के रूप में फार्म भरा और अपनी असली स्थिति छिपाने की कोशिश की, लेकिन इसी अभियान में पूरा मामला उजागर हो गया.
मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को नोटिस दिया गया. वह परिजनों के साथ थाने पर हाजिर हुआ लेकिन पूछताछ में न संतोषजनक जवाब दे पाया और न ही जरूरी साक्ष्य पेश कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी ने बताया कि अब्दुल कुद्दूस ने मलेशिया की नागरिकता लेने के बाद गलत दस्तावेजों के जरिए अपने पुत्र के माध्यम से वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराया और विदेशी नागरिकता की जानकारी जानबूझकर छिपाई. इसी आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय भेजा गया है. मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.