शहर
बलरामपुर में तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति की मौत (फोटो-Istock)
बलरामपुर : जिले के सोहेलवा वन क्षेत्र के जंगल इलाके में तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव जंगल में पड़ा मिला और सूचना मिलते ही वन विभाग ने तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। जिलाधिकारी ने तेंदुए को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
वन विभाग के अधिकारी गौरव गर्ग ने शुक्रवार को बताया कि रेहरा गांव निवासी हरिकांत यादव (45) आज सुबह गांव के बगल में जंगल में महुआ चुनने गया था, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसके आधे शरीर को खा गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई है।
जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए ड्रोन कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि जंगल से सटे इलाकों में लगातार घट रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए वन विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाई जाए तथा वन्य जीवों के हमलों को रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरुक किया जाए।
इस घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक राकेश यादव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की तथा सरकार से मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले चार माह में रेहरा क्षेत्र में तेंदुए के हमलों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन वन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आज का मौसम कैसा रहेगा. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से … और देखें