Bareilly News
Bareilly News: लड़का पक्ष की तरफ से शादी तय करने के बाद मना करने पर लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने लड़का सहित तेरह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना शाही क्षेत्र के गांव विक्रमपुर के रहने वाले हरिराम ने बताया कि उसकी बेटी की शादी रवि कुमार पुत्र मदनलाल निवासी सब्जीपुर खाता थाना शाही से तय हुई थी। शादी से पहले पंद्रह सितंबर को तिलक और गोद भराई का कार्यक्रम हुआ था जिसमें उनके द्वारा लड़के को एक सोने की चैन, सोने की अंगूठी सहित कार के लिए आठ लाख रुपए रुपए दिए गए थे। शादी चौदह नवंबर को तय हुई थी। तिलक कार्यक्रम के बाद वो शादी की तैयारी में लग गए।
उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को लड़के के पिता का उनके पास फोन आया और उन्होंने अचानक शादी करने को मना कर दिया। लड़के के पिता ने कहा कि उनका लड़का अपनी पसंद से कहीं और शादी करना चाहता है। यह बात सुनके उनके होश उड़ गए उन्होंने काफी मिन्नतें कीं, पर लड़के पक्ष के लोग शादी करने के लिए तैयार नहीं हुए, जबकि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के कार्ड रिश्तेदारों सहित आसपास के लोगों में बांट दिए थे। लड़की की पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने लड़की के पिता की तहरीर पर रवि, पिता मदनलाल, माता लौंग श्री, भाई समरपाल, बहन इंदु, स्वेता, बहनोई जमुना प्रसाद चौहान, चाचा शिशुपाल, सुधीर, बुआ रेशम देयी, फूफा बबलू, मामा छत्रपाल सहित तेरह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।