Samrat Choudhary Vijay Kumar Sinha BJP
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सीएम के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की अंतिम रूपरेखा सामने आ गई है। मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार (कल) दोपहर 2 बजे से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक दल की बैठक सीएम आवास पर बुलाई है। भाजपा ने 3 बजे विधायकों की बैठक बुलाई है, जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक दल के नेता यानी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे। जेडीयू और भाजपा की बैठकों के बाद शाम 4 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें भाजपा विधायक दल के नेता को गठबंधन का नेता चुना जाएगा। नीतीश की जगह पर आगे राजपाट चलाने के लिए यही नेता सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन जाएगा या जाएगी।
बिहार में भाजपा के नेतृत्व में बन रही पहली एनडीए सरकार 15 अप्रैल को शपथ लेगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर आज एनडीए के नेताओं की बैठकों का दौर चल रहा है। जेडीयू के नेता संजय झा और ललन सिंह ने उनसे करीब 40 मिनट मुलाकात की। फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी पहुंचे थे। इस समय सरकार गठन की गतिविधियों का केंद्र नीतीश का सीएम आवास और सम्राट चौधरी का डिप्टी सीएम आवास बना हुआ है। भाजपा विधायक दल के नेता को सीएम बनना है, जिसके लिए पर्यवेक्षक बनाए गए शिवराज सिंह चौहान कल सुबह पटना पहुंचेंगे।
पांच महीने पहले विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव कराने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को पर्यवेक्षक बनाया गया था। अभी भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उप-नेता विजय सिन्हा हैं। दोनों नेता नीतीश कैबिनेट में डिप्टी सीएम हैं, जिसकी आखिरी बैठक 14 अप्रैल को होगी। कैबिनेट बैठक के बाद गठबंधन के विधायक दल के नेता नीतीश त्यागपत्र देने राजभवन जाएंगे और अगली सरकार के गठन को औपचारिक रास्ता देंगे।
राजभवन से इस्तीफा देकर लौटने के बाद दोपहर 2 बजे नीतीश कुमार जदयू के विधायक दल की बैठक करेंगे, जिसका मौजूदा नेता रहने के कारण वो सीएम हैं। भाजपा के पास तो विकल्प है कि वो विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी या उप-नेता विजय कुमार सिन्हा को ना भी बदले, लेकिन जदयू के विधायकों को सांसद बन चुके नीतीश की जगह पर कोई नया नेता चुनना ही होगा, जो विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य हो।
Bihar BJP CM LIVE: वी विल मिस यू नीतीश जी: जीतनराम मांझी
पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने कहा है कि भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फ़ैसला नीतीश कुमार का अपना फ़ैसला है जिसपर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज ग़मज़दा है।
Bihar BJP CM LIVE: बीजेपी का सीएम तय होने से पहले पटना पहुंच रहे हैं नितिन नवीन
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा विधायक दल की मंगलवार को 3 बजे बैठक में नए सीएम का नाम तय होने से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना पहुंच रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नितिन नवीन मंगलवार की सुबह 10 बजे पटना आ रहे हैं। चूंकि वो अब सांसद हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि वो विधायक दल की बैठक में जाएंगे या नहीं।
पार्टी ने मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल के नेता का चुनाव कराने के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। शिवराज भी कल सुबह ही पटना पहुंचेंगे। विधायक दल की शाम 3 बजे बैठक के दौरान शिवराज या तो केंद्रीय नेतृत्व की पसंद बताकर विधायकों से उसका अनुमोदन करवाएंगे या फिर विधायकों की आवाज को सुनकर नेतृत्व को अवगत कराएंगे।
दोनों ही सूरत में शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक से पहले भाजपा विधायक दल का नेता चुनकर उसके नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। एनडीए की बैठक में भाजपा के नेता के नाम का अनुमोदन मात्र होना है। नया नेता नीतीश कुमार के बाद बिहार के सीएम बनेंगे या बनेंगी।
Bihar BJP CM LIVE: एनडीए विधायक दल की बैठक शाम 4 बजे से, भाजपा के सीएम चेहरे पर मुहर लगाएगा गठबंधन
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा के नेतृत्व में पहली सरकार के गठन के लिए एनडीए विधायक दल की बैठक शाम 4 बजे से विधानमंडल परिसर के सेंट्रल हॉल में होगी। इस बैठक में एनडीए के पांच घटक दलों के विधायक संयुक्त रूप से नया नेता चुनेंगे। भाजपा विधायक दल के नेता को ही एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा, यह तय है। इसलिए बिहार के नए मुख्यमंत्री का नाम शाम 3 बजे भाजपा के विधायक दल की बैठक में ही तय हो जाएगा। एनडीए में भाजपा, जदयू के अलावा चिराग पासवान की लोजपा-आर, जीतनराम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो शामिल है। इन सबके नेता 15 अप्रैल को सीमित संख्या में नए मुख्यमंत्री के साथ शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री बनेंगे।
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा विधायक दल की बैठक 3 बजे, शिवराज सिंह चौहान करेंगे नेता यानी नए सीएम के नाम का ऐलान
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा ने मंगलवार की शाम 3 बजे पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक बनकर दिल्ली से आ रहे हैं। इसी बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो नीतीश कुमार की छोड़ी गई सीएम की कुर्सी पर बैठेगा या बैठेगी। अभी सम्राट चौधरी नेता हैं और उस पद पर होने के कारण नंबर 2 के रुतबे के साथ डिप्टी सीएम हैं। भाजपा विधायक दल के नेता को ही एनडीए के पांच दलों के विधायकों की संयुक्त बैठक में नीतीश के बदले नया नेता यानी अगला मुख्यमंत्री चुना जाएगा।
Bihar BJP CM LIVE: जेडीयू दफ्तर से हटाए गए 25 से 30, फिर से नीतीश वाले होर्डिंग-पोस्टर
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में नई सरकार की कवायद के बीच नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के पटना दफ्तर से विधानसभा चुनाव के दौरान लगाए गए काफी पोस्टर और होर्डिंग हटा दिए गए हैं। इनमें वो पोस्टर सबसे खास है जिसके जरिए पार्टी ने 25 से 30, फिर से नीतीश का नारा दिया था।
Bihar BJP CM LIVE: निशांत कुमार अभी डिप्टी सीएम और सरकार के चक्कर में नहीं, जदयू को समय देने के मूड में
Bihar BJP CM LIVE: जेडीयू सूत्रों का कहना है कि सरकार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शामिल होंगे तो उनके लिए डिप्टी सीएम का पद तय है। लेकिन निशांत इस समय सरकार में जाने के चक्कर में नहीं हैं। सूत्रों का कहना है कि निशांत जदयू में समय देना चाहते हैं। उन्होंने बिहार की यात्रा करने का ऐलान पहले ही कर दिया है। माना जा रहा है कि पार्टी के बैनर तले यात्रा के जरिए निशांत आम लोगों से थोड़ा जुड़ाव और राजनीतिक अनुभव हासिल करने के बाद सरकार में आना चाहते हैं। ये भी कहा जा रहा है कि नीतीश तुरंत निशांत को डिप्टी सीएम बनाकर किसी भी सूरत में ये संदेश नहीं देना चाहते कि पद छोड़ने की एवज में उनके बेटे को पद दिया गया है। नीतीश चाहते हैं कि निशांत पार्टी संगठन को समझ लें फिर शासन-प्रशासन में घुसें।
Bihar BJP CM LIVE: नीतीश ने कल 2 बजे बुलाई जेडीयू विधायक दल की बैठक
Bihar BJP CM LIVE: जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंगलवार 14 अप्रैल को दिन में 2 बजे जेडीयू विधायक दल की बैठक सीएम आवास पर बुलाई है। इस समय जदयू के विधायक दल के नेता नीतीश ही हैं। नीतीश के सांसद बनने के बाद पार्टी के किसी और नेता को विधायक दल का नेता चुना जाना है। सबकी नजर इस पर टिकी है कि वो नेता विजय कुमार चौधरी होंगे या निशांत कुमार।
Bihar BJP CM LIVE: जीतनराम मांझी की पार्टी ने भी सभी विधायकों को पटना में कैंप करने कहा, अध्यक्ष संतोष सुमन का निर्देश
Bihar BJP CM LIVE: पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष संतोष सुमन के निर्देश पर पार्टी के सभी विधायकों को 14 एवं 15 अप्रैल को पटना में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। पार्टी के प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने कहा कि इन दोनों दिनों में सभी विधायक पटना में मौजूद रहेंगे। पार्टी के प्रधान महासचिव राजेश पांडेय ने इसका निर्देश पत्र जारी कर दिया है।
Bihar BJP CM LIVE: सम्राट चौधरी से मिले थे रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा, एनएसई के एमडी आशीष चौहान
Bihar BJP CM LIVE: नीतीश के सीएम पद छोड़ने के फैसले के ऐलान के बाद से सम्राट चौधरी से राष्ट्रीय स्तर के दो संगठनों के प्रमुख का मिलना भी केंद्र में सरकार चला रही भाजपा का संकेत माना गया था। सम्राट चौधरी से रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा और स्टॉक एक्सचेंज एनएसई के सीईओ सह एमडी आशीष चौहान उनके घर जाकर मिले थे।
Bihar BJP CM LIVE: सम्राट चौधरी का आवास सरकार गठन की बैठकों का केंद्र, ये भी कोई संकेत?
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के गठन के सिलसिले में बीजेपी और जेडीयू के नेताओं की बैठकों का केंद्र डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का आवास बन गया है। ललन सिंह और संजय झा बात करने सम्राट के पास गए थे। उनके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी भी उनके आवास गए। इसे भाजपा विधायक दल के नेता यानी अगले मुख्यमंत्री के चुनाव से पहले सम्राट चौधरी की मजबूत संभावना का एक संकेत माना जा रहा है।
Bihar BJP CM LIVE: सम्राट चौधरी से मिले ललन सिंह, संजय झा; संजय सरावगी भी पहुंचे डिप्टी सीएम आवास
Bihar BJP CM LIVE: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पहुंचे हैं। उनसे कुछ देर पहले जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहुंचे थे। तीनों के बीच करीब 40 मिनट बातें हुईं थी। नई सरकार के गठन को लेकर एनडीए नेताओं की बैठकों का दौर जारी है।
Bihar BJP CM LIVE: नीतीश के इस्तीफा से शुरू होगी नई सरकार के गठन की प्रक्रिया, बहुमत साबित करने के बाद पूरी होगी
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन सरकार के गठन की प्रक्रिया मौजूदा सीएम नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफे के बाद शुरू होगी। 14 चरणों में भाजपा के विधायक दल के नेता का चुनाव से लेकर सदन में नई सरकार का बहुमत साबित करना शामिल है, जिसके बाद सरकार गठन प्रक्रिया पूरी होगी।
खबर पढ़ें- बिहार में BJP कब-कैसे बनाएगी सरकार? 14 चरणों में समझिए CM चयन से बहुमत तक की बात
Bihar BJP CM LIVE: जेडीयू ने भी सभी विधायकों को बुलाया, 14 और 15 अप्रैल में पटना में रहने कहा गया
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार बनाने की प्रक्रिया में सोमवार को तेजी आ गई है। जदयू ने भी अपने सभी 85 विधायकों को पटना बुलाया है और 14 और 15 अप्रैल को राजधानी में रहने कहा है। जदयू के मंत्री श्रवण कुमार के आवास से पार्टी के विधायकों को इसके लिए फोन जा रहा है। बीजेपी ने भी अपने विधायकों को ऐसा ही निर्देश दिया है। भाजपा के लगभग 50 विधायक इस समय पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा के सीएम की सरकार में गिने-चुने मंत्री लेंगे पहले दिन शपथ!
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा के नेतृत्व में बनने वाली एनडीए की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में नए मुख्यमंत्री के साथ घटक दलों के गिने-चुने नेता ही मंत्री पद की शपथ लेंगे। जेडीयू के नेता विजय चौधरी ने कहा है कि अभी मंत्रिमंडल पर चर्चा नहीं हुई है। इससे संकेत मिलता है कि भाजपा सीएम के साथ जदयू के डिप्टी सीएम और लोजपा-आर, हम और रालोमो के मंत्री सीमित संख्या में शपथ लेंगे। खबर पढ़ें-
मंत्रियों की लिस्ट बनी नहीं, सरकार बनाने की तैयारी; नए सीएम के साथ छोटा कैबिनेट?
Bihar BJP CM LIVE: सीएम पद के लिए सम्राट, नित्यानंद, दिलीप, संजय, रेणु, जनक, संजीव के नाम चर्चा में
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर जिन लोगों के नाम चल रहे हैं, उनमें विधायक दल के वर्तमान नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी, मंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद संजय जायसवाल, विधान पार्षद जनक राम और विधायक संजीव चौरसिया शामिल हैं। भाजपा इनमें से किसी को चुनकर या इन सारे नामों को दरकिनार कर चौंका भी सकती है, जो उसके मुख्यमंत्री चुनने के बीते कुछ उदाहरण से साबित भी हुआ है।
Bihar BJP CM LIVE: अभी मंत्रियों के नाम पर नहीं हुई है चर्चा- विजय चौधरी
Bihar BJP CM LIVE: जेडीयू के सीनियर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि अभी मंत्रिमंडल को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। सरकार गठन के दो दिन पहले तक मंत्रियों के नाम पर चर्चा नहीं होने से यह संकेत मिल रहा है कि अभी गठबंधन के 5 दलों से मंत्रियों का सारा पद नहीं भरा जाएगा। नए सीएम के साथ सीमित संख्या में घटक दलों के प्रमुख नेता ही शपथ लेंगे।
Bihar BJP CM LIVE: नीतीश के करीबी विजय चौधरी बोले- जिसे एनडीए चुनेगा, वही बनेगा अगला सीएम
Bihar BJP CM LIVE: नीतीश के बहुत करीब जेडीयू मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि अगला सीएम वही बनेगा, जिसको एनडीए के सारे विधायक मिलकर नेता चुनेंगे। उन्होंने कहा है कि भाजपा की अनुशंसा पर एनडीए विधायक दल नेता चुनेगा। पहले भाजपा नाम तय करके बताएगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। उसमें विचार कर जिसे नेता चुना जाएगा, वह मुख्यमंत्री बनेगा।
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा के नेतृत्व में कल शाम सरकार बनाने का दावा
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सीएम पद हासिल कर रही भाजपा के विधायक दल के नेता कल शाम राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। विधायक दल के नेता का चुनाव कल है।
Bihar BJP CM LIVE: कल आखिरी कैबिनेट मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री पद छोड़ेंगे नीतीश कुमार
Bihar BJP CM LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल की सुबह 11 बजे अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई है। इस बैठक के बाद वो सीएम पद से इस्तीफ देने राजभवन जाएंगे। नीतीश कैबिनेट की इस आखिरी बैठक में सांकेतिक तौर पर कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। कैबिनेट दो दशक तक बिहार को चलाने के लिए नीतीश का आभार भी जता सकता है।
Bihar BJP CM LIVE: शपथ ग्रहण में पीएम मोदी का आना तय नहीं; अमित शाह, नितिन नवीन रहेंगे
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बनने जा रही सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन जैसे बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आना तय हुआ है या नहीं, इसको लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है।
Bihar BJP CM LIVE: नई सरकार का शपथ ग्रहण 15 अप्रैल को लोक भवन में हो सकता है
Bihar BJP CM LIVE: नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोक भवन में संभावित है। बापू सभागार को भी खाली रखा गया है। बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के अलावा कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। कुछ दिनों के बाद मंत्रिमंडल विस्तार में बाकी मंत्री शपथ लेंगे।
Bihar BJP CM LIVE: बीजेपी और जेडीयू के साथ-साथ लोजपा-आर, हम और रालोमो की भी बैठक कल
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में एनडीए विधायक दल का नया नेता चुनने से पहले 14 अप्रैल को एनडीए के सारे घटक दलों के विधायक दल की बैठक होगी। भाजपा, जेडीयू, लोजपा-आर, हम और रालोमो के विधायक भी अपने-अपने दल का सदन का नेता दोबारा या फिर से चुनेंगे। सभी दल मिलकर एनडीए विधायक दल का नेता यानी नया मुख्यमंत्री चुनेंगे।
Bihar BJP CM LIVE: शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना आएंगे
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव कराने पर्यवेक्षक बने शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना आएंगे। उनकी मौजूदगी में बैठक में नेता के नाम की घोषणा होगी।
Bihar BJP CM LIVE: बंगाल चुनाव से पटना बुलाए गए बिहार भाजपा के विधायक
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा ने पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में लगे भाजपा के सारे विधायकों को 14 अप्रैल को पटना लौट आने कहा है। भाजपा का मुख्यमंत्री 14 को सरकार बनाने का दावा पेश करेगा और शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को होगा। भाजपा के लगभग 50 विधायक बंगाल चुनाव में हैं, जिनमें कुछ तो मंत्री बनने की रेस में भी हैं।
Bihar BJP CM LIVE: महिलाओं के बीच नीतीश की तरह लोकप्रिय शिवराज को भेजने में कोई संकेत?
Bihar BJP CM LIVE: बिहार में भाजपा विधायक दल के नेता और उप-नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पहले से हैं। ऐसे में नए नेता का चुनाव औपचारिकता है या सच में कोई नया नेता चुना जाना है, यह सस्पेंस बना हुआ है। सम्राट चौधरी ने सुचारू चुनाव का भरोसा दिया है, जो खुद सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। शिवराज और नीतीश के बीच कुछ राजनीतिक समानता है। दोनों ओबीसी हैं और महिलाओं के बीच खासा लोकप्रिय हैं।
Bihar BJP CM LIVE: निशांत डिप्टी सीएम बनेंगे या नहीं, अभी क्लीयर नहीं
Bihar BJP CM LIVE: बीजेपी के नेतृत्व में बनने जा रही एनडीए सरकार में मौजूदा व्यवस्था ही तरह जेडीयू के दो डिप्टी सीएम बनने की चर्चा है। अटकलें विजय कुमार चौधरी और निशांत कुमार के नाम की है। लेकिन, कुछ समय पहले जेडीयू में शामिल हुए नीतीश के बेटे निशांत अभी पार्टी को समझने-समझाने में समय देंगे या सरकार में शामिल होंगे, ये क्लीयर नहीं है।
Bihar BJP CM LIVE: नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक 14 अप्रैल को
Bihar BJP CM LIVE: भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल की सुबह मौजूदा मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक लेंगे। इस कैबिनेट मीटिंग के बाद वो राजभवन जाकर इस्तीफा सौंप देंगे, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता खुलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play