झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर वाला एक बड़ा पोस्टर कथित तौर पर धनबाद की एक सड़क पर रखने वाले व्यक्ति की पुलिस ने तलाश शुरु कर दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। धनबाद थाने के प्रभारी अधिकारी मनोज पांडे ने बताया कि मंगलवार को रणधीर वर्मा गोलचक्कर के पास सड़क के बीचोंबीच पोस्टर रखा गया था, जिसके बाद वाहन उस पर से गुजरे। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा की धनबाद नगर इकाई के अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान ने इस संबंध में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रांची में दक्षिण पूर्वी रेलवे के एक मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक (सीसीआई) को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। केंद्रीय एजेंसी ने बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक पर शिकायतकर्ता से लंबित 8.7 लाख रुपये के बिल को मंजूरी देने के एवज में उक्त राशि का 10 प्रतिशत बतौर रिश्वत मांगने का आरोप है और सीबीआई ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। संघीय एजेंसी ने बताया, ‘जाल बिछाकर की गई कार्रवाई में आरोपी को शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी ली गई।’ सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
झारखंड की सीआईडी ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उनसे 10 लाख रुपये ऐंठने के आरोपी को बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी के रूप में पेश करते हुए पीड़ित को धमकाया और दबाव डालकर विभिन्न बैंक खातों में राशि स्थानांतरित करा ली। पुलिस की यह कार्रवाई रांची के साइबर अपराध थाने में 25 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में की गई।
बिहार के सारण जिले में एक नर्सिंग होम की छत पर व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक इसी नर्सिंग होम में काम करता था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम को बरामद शव के पास से एक नोट भी मिला है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम पुकार सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ‘प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।’ उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
बिहार में अब दिव्यांग बच्चों का नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत निजी विद्यालयों में भी दाखिला कराया जा सकेगा। राज्य सरकार की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। दिव्यांग बच्चों के दाखिलों को ध्यान में रखते हुए समाज कल्याण विभाग की सचिव वंदना प्रेयषी और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत निजी विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के नामांकन के लिए विशेष पहल की जाएगी।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने बुधवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों को ‘बुकलेट’ के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि जनता विकास कार्यों से भली-भांति अवगत हो सके। जदयू की ओर से जारी बयान के अनुसार निशांत ने पटना में स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सारण प्रमंडल के तीन जिलों गोपालगंज, सिवान और छपरा के जिलाध्यक्षों तथा संबंधित प्रखंड अध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे।