Exclusive: भारत का समर्थक बन सकता है BCB का अध्यक्ष, बांग्लादेश के दौरे पर जा सकती है टीम इंडिया – Jagran

कृपया धैर्य रखें।
भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़े क्रिकेट संबंध सुधरने के संकेत मिल रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना है, जिसम …और पढ़ें
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के महीनों में बिगड़े क्रिकेट संबंधों को सुधारने की दिशा में अब सकारात्मक संकेत मिलने लगे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और बांग्लादेश की नई सरकार दोनों ही इस मुद्दे पर एकमत नजर आ रहे हैं। भारत के साथ रिश्तों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। इस बीच, बीसीबी के अंदर भी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, बीसीबी अध्यक्ष पद पर किसी भारत समर्थक की नियुक्ति हो सकती है। दरअसल, बीसीबी के मौजूदा अध्यक्ष अनीमुल इस्लाम ‘बुलबुल’ के कार्यकाल में बांग्लादेश के भारत के साथ क्रिकेट संबंध निचले स्तर पर पहुंच गए थे और अब बोर्ड के भीतर प्रभावशाली माने जाने वाले ‘बुलबुल लॉबी’ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। हाल के दिनों में कई निदेशकों ने इस्तीफा दिया है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि बोर्ड में एक नया गुट उभर सकता है। यह नया गुट भारत के साथ बेहतर संबंधों का समर्थक माना जा रहा है।
बीसीबी के नेतृत्व में बदलाव की भी चर्चा जोरों पर है। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल का नाम संभावित अध्यक्ष या अहम पद के लिए सामने आ रहा है, हालांकि अन्य नामों पर भी विचार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बीसीबी के शीर्ष अधिकारी मानते हैं कि पिछली सरकार के दौरान खेल सलाहकार द्वारा लिए गए कई फैसले राजनीतिक रूप से प्रेरित थे और वे न तो बांग्लादेश क्रिकेट के हित में थे और न ही भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों के लिए अनुकूल थे। इन फैसलों के चलते दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।
नई सरकार के सत्ता में आने के बाद अब भारत के साथ हर स्तर पर रिश्तों को बेहतर बनाना ढाका की प्राथमिकता है, जिसमें क्रिकेट को एक अहम कड़ी माना जा रहा है। क्रिकेट दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक बड़ा माध्यम रहा है और अब इसे फिर से पटरी पर लाने की कोशिशें तेज हो गई है।
हाल ही में आईपीएल से जुड़े मुद्दे पर अरुण धूमल की ओर से दिए गए बयान को भी बीसीबी ने सकारात्मक रूप में लिया है। इससे दोनों बोर्डों के बीच संवाद का माहौल बेहतर हुआ है। कुल मिलाकर बांग्लादेश में नई सरकार के आने के बाद भारत के साथ क्रिकेट संबंधों में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले महीनों में दोनों देशों के बीच क्रिकेट कूटनीति और द्विपक्षीय सीरीज के जरिए रिश्तों में नई मजबूती देखने को मिल सकती है।
भारतीय टीम अगस्त में बांग्लादेश का दौरा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश के विदेश मंत्री डा. खलीलुर रहमान का जल्द ही भारत दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक भविष्य की द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज और सहयोग के नए रास्ते खोल सकती है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बीसीसीआई को एक पत्र लिखकर भारत के बांग्लादेश दौरे का प्रस्ताव रखा है। उम्मीद जताई जा रही है कि मई महीने में बीसीसीआई इस पर सकारात्मक फैसला ले सकता है।
अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो भारतीय टीम अगस्त में बांग्लादेश का दौरा कर सकती है, जहां तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। बांग्लादेश को 2027 विश्व कप से पहले होने वाले अगले एशिया कप (वनडे प्रारूप) की मेजबानी भी सौंपी गई है। यह टूर्नामेंट भी दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को और मजबूती देने का अवसर बनेगा। इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) भी बांग्लादेश को अगले अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी सौंपने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा होता है, तो यह बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी और वैश्विक स्तर पर उसकी स्थिति को मजबूत करेगा।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News