Gorakhpur News: गोरखपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां पर 5वीं का छात्र कन्हैया की खुले नाले ने जिंदगी छीन ली. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
Trending Photos
गोरखपुर/नागेंद्र मणि त्रिपाठी: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में निर्माण कार्य में बरती जा रही घोर लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली. चिलुआताल थाना क्षेत्र के मनबेला इलाके में खुले नाले और बाहर निकली सरिया ने 12 वर्षीय कन्हैया चौरसिया की जिंदगी छीन ली. सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना सुरक्षा इंतजाम के निर्माण कार्य किसकी जिम्मेदारी पर चल रहा था? क्या एक और हादसे के बाद ही प्रशासन जागेगा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक
निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. नाले का ढक्कन खुला हुआ था और लोहे की छड़ें बाहर की ओर निकली हुई थीं. इसी दौरान कन्हैया की साइकिल असंतुलित हुई और वह खुले नाले में जा गिरा. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी.
मृतक के बारे में
आनन-फानन में परिजन उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार गंभीर अंदरूनी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी. मृतक कन्हैया, मुड़ीला उर्फ मुंडेरा निवासी श्याम सुंदर चौरसिया का पुत्र था और वार्ड नंबर 5, मनबेला राप्ती नगर विस्तार कॉलोनी में रहता था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां बेसुध हो गईं, जबकि पिता और अन्य परिजन अस्पताल परिसर में रोते-बिलखते रहे.
ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही पहले से ही लोगों के लिए खतरा बनी हुई थी. खुले नाले और बाहर निकली सरिया की शिकायत कई बार की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया. पिता श्याम सुंदर चौरसिया ने ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
यह हादसा सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की बदहाल व्यवस्था पर बड़ा सवाल है. क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी यूं ही मासूम जिंदगियों की कीमत लेती रहेगी, या जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई होगी? अब सबकी नजर प्रशासन पर है.
उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें UP News और पाएं UP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी . उत्तर प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.