By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company’s Terms & Conditions and Privacy Policy.
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला खेला जाएगा. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन इस मुकाबले में जीत की दावेदार के रूप में उतरेगी. इस टूर्नामेंट में दोनों टीम के आपसी रिकॉर्ड और पिछले कुछ महीनों की फॉर्म को ध्यान में रखते हुए भी भारत का पलड़ा भारी है. मगर भारत-पाकिस्तान का ये मैच कुछ ऐसे संयोग लेकर आ रहा है, जिसमें एक खिलाड़ी टीम इंडिया की सफलता का सूत्रधार था और इस बार वो मुकाबले का हिस्सा नहीं है. वो हैं विराट कोहली.
रविवार को जब ये मैच खेला जाएगा तो पिछले करीब डेढ़ दशक में पहला मौका होगा जब विराट कोहली किसी वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे. जब से कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखे, तब से लगभग हर बार पाकिस्तान के खिलाफ उनका बल्ला चला. खास तौर पर वर्ल्ड कप में विराट कोहली ही ज्यादातर मौकों पर टीम इंडिया की जीत के सबसे बड़े स्टार रहे. इस बार वो नहीं हैं लेकिन फिर भी भारतीय टीम ही की दावेदार है.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें
फिर भी इतने सालों में कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया को जीत तक ले जाते हुए देखने की ऐसी आदत फैंस को पड़ी है कि उनके बिना ये मैच थोड़ा सूना लगेगा. मगर इस बार कोहली को फैंस इसलिए भी मिस करेंगे क्योंकि 15 फरवरी की तारीख, कोलंबो का प्रेमदासा स्टेडियम और भारत-पाकिस्तान मैच से विराट कोहली का खास कनेक्शन है, जिसमें जीत का इतिहास भी है.
असल में प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान के बीच आज तक 3 मैच (2 वनडे, 1 टी20) खेले गए हैं, जिसमें से 2 भारत ने जीते हैं. इन दोनों में ही कोहली न सिर्फ टीम इंडिया का हिस्सा थे, बल्कि प्लेयर ऑफ द मैच भी थे. जिस मैच में भारत को हार मिली थी, वो 2004 में खेला गया था और कोहली तब इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं थे. इस मैदान पर भारत-पाकिस्तान की पिछली टक्कर 2023 के एशिया कप में हुई थी, जब कोहली ने शतक जमाया था और भारत ने 228 रन से जीत दर्ज की थी.
मगर जो एकमात्र टी20 मैच यहां खेला गया था, वो 14 साल पहले वर्ल्ड कप में ही आया था. टी20 वर्ल्ड कप 2012 में तब कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 78 रन बनाए थे और टीम को जीत तक पहुंचाया था. साथ ही उन्होंने 1 विकेट भी लिया था. स्टेडियम और T20 वर्ल्ड कप के कनेक्शन के बाद अब 15 फरवरी का संयोग आपको बताते हैं.
रविवार को होने वाले मैच से पहले भारत-पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को पहले भी एक वर्ल्ड कप का मुकाबला हुआ था. ये मैच ठीक 11 साल पहले वनडे वर्ल्ड कप 2015 में हुआ था. एडिलेड में 15 फरवरी 2015 को हुए उस मुकाबले में भी विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक जमाया था और टीम इंडिया ने वो मैच भी जीता था. अब अतीत में जो हुआ, वो वर्तमान या भविष्य में भी दोहराया जाएगा, इसका तो कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता लेकिन कोहली के बिना भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच थोड़ा अधूरा तो लगेगा.