Donald Trump
Iran War News: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। ईरान ने 45 दिनों के सीजफायर प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। तेहरान का कहना है कि वह युद्ध का स्थायी समाधान चाहता है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अल्टीमेटम नजदीक आ रहा है। ट्रंप ने ईरान के खिलाफ हमलों की धमकी को बढ़ाते हुए अब सभी पावर प्लांट्स और ब्रिजों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि वह संभावित युद्ध अपराधों के बारे में बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं। उन्होंने ईरान को मंगलवार शाम 8 बजे तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से खोलने का अल्टीमेटम दिया है, वरना अमेरिका ईरानी बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देगा। भारतीय समयानुसार सुबह 5.30 बजे डेडलाइन खत्म हो रही है।
इजरायल ने मंगलवार तड़के ईरान पर हमलों की एक नई लहर चलाई, जबकि ईरान ने इजरायल और उसके खाड़ी अरब पड़ोसियों पर मिसाइलें दागीं। इस्तांबुल में इजराइली वाणिज्य दूतावास के बाहर गोलीबारी हुई, जिसमें 2 हमलावर मारे गए और एक को पकड़ लिया गया। युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान में 1,900 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, लेकिन सरकार ने कई दिनों से मौत का आंकड़ा अपडेट नहीं किया है। लेबनान में 1,400 से अधिक लोग मारे गए हैं और 10 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं। वहां 11 इजरायली सैनिक भी मारे गए। खाड़ी अरब देशों और कब्जे वाले वेस्ट बैंक में 24 से अधिक लोग मारे गए, जबकि इजरायल में 23 और अमेरिका के 13 सैनिकों की मौत हुई है।
ईरान के खर्ग द्वीप पर मंगलवार को एक साथ कई हमले किए गए। यह द्वीप फारस की खाड़ी के पार कुवैत और सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी बेस के सामने है और ईरान के तेल क्षेत्र में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। देश के लगभग 90% तेल निर्यात इसी द्वीप से होकर गुजरते हैं। ईरान के मशहद में रेलवे आवाजाही रोक दी गई है। इजरायल ने ईरानियों को चेतावनी जारी की थी कि शाम 9 बजे तक देश के रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल न करें। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के एक्स पेज पर पोस्ट किया गया कि ट्रेनों और रेलवे लाइनों के पास होना आपकी जान को खतरे में डाल सकता है।
पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की अमेरिका व ईरान के बीच लगभग 45 दिनों का युद्धविराम कराने का प्रयास कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने शत्रुता समाप्त करने के लिए एक फ्रेमवर्क तैयार किया है, जिसे ईरान और अमेरिका दोनों के साथ साझा किया गया है। इस बीच, तेहरान और उसके आसपास के शहर कराज में ताजा विस्फोटों की खबर आई है। इराक के उत्तरी कुर्दिस्तान क्षेत्र में अरबिल एयरपोर्ट के पास भी 2 धमाके सुने गए। इजरायल ने ईरान पर हवाई हमलों की एक लहर पूरी करने की घोषणा की है और कहा कि ईरान की ओर से दागे गए मिसाइलों के जवाब में उसकी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय है।
Iran War News Live: ‘ईरान किसी भी स्थिति के लिए तैयार’
ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे तनाव के बीच तेहरान हर संभावित स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के बाद यह बयान दिया। आरिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की स्थिरता को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सभी संभावित हालात के लिए योजनाएं तैयार कर ली हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि कोई भी खतरा उनकी तैयारियों और खुफिया क्षमता से परे नहीं है।
Iran War News Live: ईरानी हैकर्स भी पेश कर रहे चुनौती
अमेरिकी साइबर सुरक्षा, कानून प्रवर्तन और खुफिया एजेंसियों ने मंगलवार को चेतावनी दी कि ईरान से जुड़े हैकिंग अभियान, अमेरिका के विभिन्न बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को निशाना बना रहे हैं और हालिया तनाव के चलते इनमें तेजी आई है। हैकर्स खास तौर पर सार्वजनिक रूप से एक्सेस किए जा सकने वाले प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर्स (PLC) और सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन (SCADA) सिस्टम के डिस्प्ले को टारगेट कर रहे हैं। ये उपकरण इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सिस्टम और मशीनों को नियंत्रित करने या उनके साथ इंटरैक्ट करने में इस्तेमाल होते हैं, जिससे इन पर हमले का खतरा गंभीर माना जा रहा है।
Iran War News Live: संयुक्त राष्ट्र भी हुआ सक्रिय
संयुक्त राष्ट्र ने हाल ही में घोषणा की है कि वह अपने महासचिव के निजी दूत जीन अर्नो को क्षेत्र में भेज रहा है, ताकि कूटनीतिक प्रयासों को मजबूत किया जा सके। चार दशकों के अनुभव वाले फ्रांसीसी राजनयिक अर्नो इस युद्ध और उसके प्रभावों पर संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने सभी पक्षों से तुरंत बातचीत शुरू करने की अपील की है।
Iran War News Live: पोप ने ट्रंप के बयान पर जताई कड़ी नाराजगी
पोप लियो XIV ने मंगलवार को डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान की सभ्यता को नष्ट करने की धमकी को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि नागरिक ढांचे पर किसी भी तरह का हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। युद्ध को लेकर अब तक के अपने सबसे कड़े बयानों में पोप ने अमेरिका और दुनिया भर के लोगों से अपील की कि वे अपने राजनीतिक नेताओं और प्रतिनिधियों से संपर्क करें और युद्ध का विरोध करते हुए शांति की दिशा में काम करने की मांग करें।
Iran War News Live: कुवैत ने घर के अंदर रहने की एडवाइजरी जारी की
कुवैत के गृह मंत्रालय ने देश में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे एहतियात के तौर पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक अपने घरों के अंदर ही रहें। मंत्रालय ने इसे एक सावधानी भरा कदम बताया है, जिसका उद्देश्य किसी संभावित खतरे या आपात स्थिति के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने नागरिकों से निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
Iran War News Live: सऊदी अरब जाने पर फिर से विचार करने की सलाह
अमेरिका ने अपने नागरिकों से इस साल हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाने पर फिर से विचार करने की सलाह दी है। रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास के कहा गया कि मौजूदा सुरक्षा हालात और बीच-बीच में होने वाली यात्रा बाधाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। बयान में हाल ही में जारी उस ट्रैवल एडवाइजरी का भी हवाला दिया गया, जिसमें ईरान की ओर से संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के कारण सऊदी अरब की यात्रा को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी गई थी। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को इस वर्ष हज में भाग लेने से पहले सावधानीपूर्वक निर्णय लेना चाहिए।
Iran War News Live: रूस और चीन का होर्मुज पर वीटो
रूस और चीन ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव को वीटो कर दिया, जिसका उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलना था और जिसमें बार-बार बदलाव किया गया था। प्रस्ताव में बार-बार संशोधन इस उम्मीद के साथ किया गया था कि ये दोनों देश इस पर मतदान से दूर रहेंगे।
Iran War News Live: केवल ट्रंप को पता है प्लान
डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को लेकर कड़े बयान के बाद व्हाइट हाउस ने कहा है कि ईरान के संबंध में उनकी योजनाओं की जानकारी केवल ट्रंप को ही है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान मंगलवार तक समझौता नहीं करता, तो पूरी एक सभ्यता खत्म हो सकती है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने एएफपी को दिए बयान में कहा कि ईरानी शासन के पास अमेरिकी समयानुसार रात 8 बजे तक का वक्त है, ताकि वह हालात की गंभीरता को समझते हुए यूएस के साथ एक समझौता कर सके।
Iran War News Live: पुर्तगाल ने अमेरिका को लेकर क्या कहा
पुर्तगाल ने कहा है कि उसने अमेरिका के विमानों को अजोरेस स्थित लाजेस एयर बेस पर 76 बार उतरने और अपने क्षेत्र से 25 बार उड़ान भरने की इजाजत दी, लेकिन यह शर्त रखी गई थी कि इनका इस्तेमाल नागरिक ढांचे पर बमबारी के लिए नहीं होगा। पुर्तगाल के विदेश मंत्री ने संसद में बताया कि अमेरिका ने इस शर्त का पालन किया और दोनों नाटो सहयोगियों के बीच वफादार सहयोग की भावना बनाए रखी, हालांकि कुछ मौकों पर लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार भी किया गया।
Iran War News Live: ईरान के सीनियर कमांडर को बनाया निशाना
इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान के एक सीनियर कमांडर को निशाना बनाकर हमला किया है। हालांकि, इस हमले के नतीजों की अभी समीक्षा की जा रही है और यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लक्ष्य पूरी तरह सफल हुआ या नहीं। सेना के अनुसार, यह कार्रवाई रणनीतिक रूप से अहम थी, लेकिन इसके प्रभाव और नुकसान का आकलन अभी जारी है।
Iran War News Live: ईरान पर क्या बोला व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया, ‘डोनाल्ड ट्रंप ही ऐसे व्यक्ति हैं जो ईरान को लेकर अपनी पूरी योजना जानते हैं।’ इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर तेहरान अमेरिका के साथ समझौता करने में विफल रहता है तो एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने कहा कि ईरानी शासन के पास रात 8 बजे तक का समय है कि वह इस मौके को समझे और अमेरिका के साथ समझौता करे।
Iran War News Live: पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाएगा
अमेरिका की ओर से ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला करने की स्थिति में पूरा क्षेत्र और सऊदी अरब अंधेरे में डूब जाएगा। सीनियर ईरानी सूत्र ने रॉयटर्स को जानकारी दी। सूत्र ने कहा कि पाकिस्तान लगातार संदेश पहुंचा रहा है, लेकिन अमेरिका का रुख अभी भी नहीं बदला है।
Iran War News Live: भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी
वाशिंगटन की ओर से तेहरान को दी गई चेतावनी के बाद पश्चिम एशिया संकट के एक गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। इस बीच, भारत ने मंगलवार को ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को अगले 48 घंटों तक ‘जहां हैं, वहीं रहने’ की सलाह दी। आपातकालीन परामर्श में, ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से घर के भीतर रहने, सैन्य ठिकानों, ऊर्जा ढांचों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से पूरी तरह दूर रहने का आग्रह किया।
Iran War News Live: तेल की कीमतों में उछाल
मंगलवार को तेल की कीमतों में उछाल आया और अमेरिकी कच्चा तेल 2022 के बाद अपने सबसे उच्चतम बंद भाव की ओर अग्रसर है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की समय-सीमा तय की है, नहीं तो ईरान के पावर प्लांट्स और अन्य बुनियादी ढांचे पर हमलों की चेतावनी दी है।
Iran War News Live: ईरान ने यूएस से संचार चैनल बंद किए
मंगलवार को ईरान ने कहा कि उसने अमेरिका के साथ सभी राजनयिक और अप्रत्यक्ष संचार चैनल बंद कर दिए हैं। यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर तेहरान युद्धविराम समझौता नहीं करता तो एक पूरी सभ्यता मर जाएगी।
Iran War News Live: राजनीतिक कैदी माने जाने वाले दोषियों को फांसी
ईरान के कट्टरपंथी न्यायपालिका प्रमुख ने मंगलवार को अदालतों से कहा कि अमेरिका-इजरायल युद्ध से जुड़े मामलों में फैसले तेजी से दिए जाएं, जिसमें फांसी की सजा भी शामिल है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि राजनीतिक कैदियों माने जाने वाले दोषियों की फांसी में तेजी आई है। युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक ईरान ने जनवरी के विरोध प्रदर्शनों से जुड़े 7 लोगों को फांसी दी है।
Iran War News Live: ईरान की रेलवे लाइनों और पुलों पर हमला
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि इजरायली सेना ने ईरान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली रेलवे लाइनों और पुलों पर हमला किया है। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, ‘हम ईरान के आतंकवादी शासन को और भी अधिक जोर-शोर से और बढ़ती हुई ताकत के साथ कुचल रहे हैं।’
Iran-US war news LIVE: तेल की कीमतों में भारी उछाल
अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनल खर्ग द्वीप पर हमले के बाद मंगलवार को तेल की कीमतें काफी बढ़ गईं, जबकि शेयर बाजार गिर गए। निवेशक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से खोलने की समयसीमा का इंतजार कर रहे हैं, नहीं तो विनाशकारी हमलों की चेतावनी दी गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, मई में डिलीवरी के लिए अमेरिकी कच्चे तेल का बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 2 प्रतिशत से अधिक उछलकर 115 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया, जबकि जून डिलीवरी के लिए ब्रेंट नॉर्थ सी क्रूड आधा प्रतिशत बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया।
Iran-US war news LIVE: ईरान झुकने के मूड में नहीं
ईरान और अमेरिका पाकिस्तान के माध्यम से संदेशों का आदान-प्रदान जारी रखे हुए हैं, लेकिन एक सीनियर ईरानी सूत्र ने मंगलवार को रॉयटर्स को बताया कि जब तक वाशिंगटन दबाव में आत्मसमर्पण की मांग करता रहेगा, तब तक तेहरान किसी भी लचीलेपन का प्रदर्शन नहीं करेगा।
Iran-US war news LIVE: उत्तरी इजरायल में सड़क पर उतरे लोग
उत्तरी इजरायल में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान लोगों का एक समूह सड़क किनारे इकट्ठा हुआ। इनका कहना है कि वे सुरक्षा की तलाश कर रहे हैं, क्योंकि उनके ऊपर से ईरान की रॉकेटों की बौछार उड़ रही है।
Iran-US war news LIVE: कैसे सऊदी अरब अंधेरे में डूब जाएगा
अगर अमेरिका ने ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला किया तो पूरा क्षेत्र और सऊदी अरब अंधेरे में डूब जाएगा। एक सीनियर ईरानी सूत्र ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी। सूत्र ने आगे कहा कि पाकिस्तान लगातार संदेश भेज रहा है, लेकिन अमेरिका अपना रुख नहीं बदल रहा है।
Iran-US war news LIVE: ट्रंप की धमकी के बाद क्या बोले जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार को कहा कि यूएस के पास ईरान पर ऐसे कई टूल्स हैं जिनका इस्तेमाल हमने अब तक नहीं किया है। यह टिप्पणी उन्होंने उस समय की जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमलों के बीच चेतावनी दी कि आज रात पूरी सभ्यता मर सकती है। वेंस ने यह भी कहा कि अमेरिका अभी भी आश्वस्त है कि ट्रंप की ओर से तय की गई 8 पीएम की डेडलाइन तक ईरान का जवाब मिल जाएगा।
Iran-US war news LIVE: ट्रंप बोले- अभी भी एक मौका है
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ‘आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, जो कभी वापस नहीं लाई जा सकेगी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा हो जाएगा।’ हालांकि, ट्रंप के बयान में अभी भी बचाव का एक रास्ता रखा गया है। उन्होंने कहा कि शायद कुछ क्रांतिकारी रूप से अद्भुत घटित हो सकता है।
Iran-US war news LIVE: आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत- ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, लेकिन उन्होंने कहा कि ईरान के पास अभी भी समय है कि वह 8 बजे वाशिंगटन समय की डेडलाइन से पहले समर्पण कर दे। ट्रंप ने मंगलवार को यह कड़ी चेतावनी जारी की, जो उनकी उस डेडलाइन से लगभग 12 घंटे पहले थी जिसमें ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से खोलने समेत एक डील पर सहमत होना है, नहीं तो उसे भारी हमलों का सामना करना पड़ेगा।
Iran-US war news LIVE: UAE में दूरसंचार भवन पर ईरान का मिसाइल अटैक
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में एक दूरसंचार भवन पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल ने हमला किया, जिसमें दो पाकिस्तानी नागरिक घायल हो गए। मिसाइल शारजाह में थुराया टेलीकॉम्यूनिकेशंस कंपनी के प्रशासनिक भवन पर गिरी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play