Lucknow News Today UP STF and FSDA Team Raided and Caught Huge Quantity of Fake Oxytocin
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में मदेयगंज में गुरुवार देर रात यूपी STF और FSDA यानी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने एक नव निर्मित मकान में छापेमारी की कार्रवाई करके भारी मात्रा में नकली आक्सीटोसिन बरामद किया है। बताया जाता है कि बरामद हुई नकली आक्सीटोसिन लखनऊ के ग्रामीण इलाके के साथ ही लखनऊ के नजदीकी जिलों में भी भेजी जाती थी। हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से कितनी मात्रा में नकली आक्सीटोसिन बरामद हुई है, इसका खुलासा अभी टीम की ओर से नहीं किया गया है। जांच के बाद इस पूरी छापेमारी का खुलासा किया जाएगा।
देर रात दोनों टीमों की ओर से हुई छापेमारी के दौरान नव निर्मित मकान के एक कमरे में गैलन में आक्सीटोसिन भरा हुआ पाया गया। इसी से लगे दूसरे कमरे में भारी संख्या में छोटी शीशियां मिलीं, जिनमें भरकर नकली आक्सीटोसिन लखनऊ व आसपास के जिलों में पहुंचाया जाता था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान उस स्थान से कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। बताया जाता है कि पकड़े गए लोगों में दो युवक पहले भी आक्सीटोसिन इंजेक्शन तैयार करने के आरोप में जेल जा चुके हैं। मौके से कितने लोगों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ में उन्होंने क्या बताया, इसका खुलासा जल्द यूपी STF की टीम की ओर से किया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवकों द्वारा बताया गया है कि नकली आक्सीटोसिन का कारोबार वे अपनी टीम के साथ बड़ी रणनीति के तहत कर रहे थे। इस कारोबार में इन जालसाजों की कई टीमें लगी थीं, एक टीम गैलन में आक्सीटोसिन लिक्विड दिल्ली ट्रांसफर करती थी, जिसके बाद जालसाजों की दूसरी टीम द्वारा उसमें फिनायल, सिरका और पानी के साथ अन्य चीजों का मिश्रण किया जाता था। इस मिश्रण को बरामद हुईं छोटी शीशियों में भरा जाता। वहीं, तीसरी टीम उन शीशियों को लखनऊ व आसपास के जिलों के प्रमुख बाजारों में पहुंचाने का काम देखती है। टीम पकड़े गए माल का आकलन और आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।