बिहार के नालंदा में होली मिलन समारोह में जमकर गोलियां चली हैं. रविवार (01 मार्च) को इस कार्यक्रम में भोजपुरी गायक रौशन रोही समेत कई कलाकार पहुंचे थे. अचानक पथराव, मारपीट और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची और कार्यक्रम स्थल को घेरा गया उसके बाद छापेमारी की गई.
पुलिस की छापेमारी के दौरान चार अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं. पुलिस ने भोजपुरी गायक रौशन रोही समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर आरजेडी नेता यासिर इमाम अपने बाउंसर के साथ पहुंचे थे. बरामद हथियार आरजेडी नेता के बाउंसर का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने पांच लग्जरी गाड़ियों को भी तोड़ दिया है. पुलिस ने करीब दो दर्जन से अधिक खोखा को बरामद किया है.
बताया जा रहा है कि बिहार थाना इलाके के नकटपुरा गांव स्थित वाटर पार्क में यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस दौरान स्थानीय लोगों और कार्यक्रम में शामिल लोगों से किसी बात पर बहस हो गई, उसके बाद स्थानीय लोगों ने फायरिंग कर दी जिसके बाद बवाल खड़ा हो गया. इस दौरान एक न्यूज चैनल के पत्रकार ऋषिकेश कुमार समेत तीन लोग जख्मी हो गए. जिसमें एक युवक को गोली भी लगी है, उसे बिहार शरीफ से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय थाने की पुलिस को किसी भी तरह की कोई सूचना नहीं दी गई थी और ना ही यह कार्यक्रम करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से परमिशन दिया गया था. यह कार्यक्रम बिना परमिशन के चल रहा था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आयोजक को भी हिरासत में लिया गया है. फिलहाल पुलिस इस इलाके में कैंप कर रही है.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.