Nawada News: नवादा में फ्रूटी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने फ्रूटी कुमारी के ससुराल वालों पर 3 लाख रुपए के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है.
Trending Photos
Nawada News: नवादा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. यह घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के ओहरी गांव की बताई जा रही है. भाई ने ससुराल वालों पर 3 लाख रुपए के लिए प्रताड़ित कर हत्या का करने का आरोप लगाया है. मृतका की पहचान नेमदरगंज थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी रामरतन सिंह की 24 वर्षीय पुत्री फ्रूटी कुमारी के रूप में हुई है.
पति और ससुराल वाले करते थे पैसे की मांग
फ्रूटी का विवाह 21 अप्रैल 2023 को करण सिंह के पुत्र राजा कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुआ था. मृतका के भाई रोशन कुमार ने बताया कि फ्रूटी के पति और ससुराल वाले अकसर उनसे पैसों की मांग करते थे. वे अपनी बहन के लिए पैसे देते रहे, लेकिन धीरे-धीरे प्रताड़ना बढ़ती गई. रोशन कुमार के अनुसार, कुछ समय पहले उनके जीजा को बालू चोरी के आरोप में पुलिस ने पकड़ा था, जिस पर ₹3 लाख का जुर्माना लगा था. ससुराल वाले लगातार फ्रूटी पर इस राशि की मांग के लिए दबाव डाल रहे थे और उसे प्रताड़ित कर रहे थे.
यह भी पढ़ें: ‘काजल राघवानी का WELCOME है…’, एक्ट्रेस संग दोबारा काम करने पर खुलकर बोले खेसारी
गला दबाकर कर दी गई हत्या
रोशन ने आरोप लगाया कि पैसे न देने पर उनकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई और फिर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया. घटना के बाद ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने जिस कमरे से फ्रूटी का शव बरामद किया, उसका दरवाजा खुला हुआ था. मायके वालों का कहना है कि यह हत्या का संकेत है. कादिरगंज थाना प्रभारी अवध किशोर ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.