नेपाल में आम चुनाव के बाद आज शुक्रवार (6 मार्च) को वोटों की गिनती जारी है. नेपाल की प्रतिनिधि सभा के चुनाव गुरुवार (5 मार्च) को संपन्न हुए. इसके बाद देर रात से ही काउंटिंग शुरू हो गई. चुनाव आयोग ने मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर सीधे 165 सीटों (FPTP) के रिजल्ट जारी करने का दावा किया है. साथ ही ये भी बताया है कि पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटियों को इकट्ठा करके मतगणना स्थलों तक लाने में कम से कम 1 दिन लग जाता है, इसलिए बाकी नेपाल आम चुनाव रिजल्ट बाद में घोषित किए जाएंगे.
Gen-Z विद्रोह के बाद नेपाल में पहला आम चुनाव
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने उम्मीद जताई है कि इस बार मतदान का प्रतिशत 65 फीसदी से अधिक रहने की संभावना है. नेपाल में प्रतिनिधि सभा के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से 77 जिलों में 23 हजार केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला. ये पिछले साल सितंबर में जेन-जी विद्रोह के बाद नेपाल में हो रहा पहला आम चुनाव है.
नेपाल चुनाव की बड़ी बातें-
नेपाली चुनाव आयोग के अनुसार इस चुनाव में 18,903,689 पंजीकृत मतदाता हैं. अधिकतर उम्मीदवार 41 साल से अधिक आयु के हैं, जबकि 1,925 उम्मीदवार 41 से 60 साल के और 425 वरिष्ठ नागरिक हैं. 201 उम्मीदवार 30 साल या उससे कम उम्र के हैं. 165 सांसद फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट सिस्टम के तहत चुने जाएंगे, जबकि बाकी 110 सीटें आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से भरी जाएंगी.
8-9 सितंबर 2025 को हुए जेन जी आंदोलन में 77 लोगों की मौत हुई. इसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा. 2022 के चुनाव में 61.63 प्रतिशत वोटिंग हुई थी और उससे पहले 2017 में 68.67 प्रतिशत मतदान हुआ था.
नेपाल चुनाव परिणाम 2026 लाइव अपडेट
नेपाल की राजधानी काठमांडू के निर्वाचन क्षेत्र-1 से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) उम्मीदवार रंजू दर्शना ने बड़े अंतर से चुनाव जीता. RSP केंद्रीय समिति के सदस्य आरके ढुंगाना के मुताबिक रंजू ने 10,000 से अधिक वोट हासिल किए हैं, जो नेपाली कांग्रेस के उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रबल थापा छेत्री को मिले वोटों से लगभग दोगुने हैं. हालांकि, चुनाव आयोग द्वारा अभी इस जीत की आधिकारिक घोषणा बाकी है. काठमांडू के सभी 10 क्षेत्रों में RSP के उम्मीदवार बढ़त बनाए हैं.
दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की, नेपाल सरकार और जनता के साथ-साथ कई हितधारकों को पिछले साल रही असाधारण परिस्थितियों के बावजूद सफलतापूर्वक संपन्न हुए चुनावों के लिए बधाई देते हैं. उन्होंने कहा कि भारत ने नेपाल में शांति, प्रगति और स्थिरता का लगातार समर्थन किया है और नेपाली सरकार की अपील पर इन चुनावों के लिए आवश्यक सहायता दी है.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.