कृपया धैर्य रखें।
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआइओएस) की कक्षा 10 और 12 की 10 अप्रैल से 9 मई तक आयोजित परीक्षा में कई बदलाव हुए हैं। पहली बार, हिंदी और अ …और पढ़ें
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की कक्षा 10, 12 की 10 अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षा में कई बदलाव किए गए हैं।
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआइओएस) की कक्षा 10 और 12 की परीक्षा को लेकर इस बार कई बदलाव किए गए हैं। अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के परीक्षार्थियों के लिए प्रश्नपत्र पहली बार अलग-अलग किया गया है। इसके पहले एक ही प्रश्नपत्र में दोनों माध्यम के प्रश्न होते थे।
इसके अलावा चूंकि प्रश्नपत्र केंद्रों को आनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे, इसलिए प्रश्नपत्र का प्रिंटआउट केंद्र पर निकालने की बाध्यता को देखते हुए केंद्र पर परीक्षार्थियों की संख्या कम रखी गई है। प्रश्नपत्र पहली बार परीक्षा केंद्र के सीक्रेट पैनल पर भेजा जाएगा, जिसका पासवर्ड उनके ई-मेल पर परीक्षा ले करीब एक घंटा पहले उपलब्ध कराया जाएगा।
यह परीक्षाएं 10 अप्रैल से शुरू होकर नौ मई तक चलेंगी। एनआइओएस के क्षेत्रीय कार्यालय के परिक्षेत्र में 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। विद्यालयों में कक्षाएं संचालित होने को ध्यान में रखकर परीक्षा का समय दोपहर बाद 2.15 बजे से 5.30 तक निर्धारित किया गया है। इसमें शुरू के 15 मिनट प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए है।
इस बार केंद्र पर परीक्षार्थियों की संख्या औसतन 250 रखी गई है। कुछ केंद्रों पर संख्या 50 के लगभग ज्यादा होने पर परीक्षार्थियों की संख्या 300-325 तक निर्थारित की गई है। 400 की संख्या होने पर दो केंद्र कर दिए गए हैं, ताकि प्रश्नपत्र सीक्रेट पैनल से प्रिंटआउट कर समय पर सभी परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराया जा सके।
एक बार में ही एक ही डिवाइस पर प्रश्नपत्र खुलेगा। कोई समस्या आने पर दूसरी डिवाइस पर खोलने की कोशिश करने पर पहली डिवाइस स्वत: लागआउट हो जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से उत्तरपुस्तिका पर वाटरमार्क का उपयोग किया गया है।