Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश बने राज्यसभा के सांसद, हो गई शपथ; पटना लौटकर CM पद छोड़ेंगे – Live Hindustan

Nitish Kumar Rajya Sabha
Bihar BJP CM Meeting LIVE: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बन गए हैं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण संसद भवन में हुआ, जहां एनडीए और विपक्ष के बड़े नेता भी मौजूद रहे। नीतीश का आज शाम ही पटना लौटने का कार्यक्रम है। 2-4 दिनों में वे बिहार सीएम का पद छोड़ देंगे। नीतीश के बाद भाजपा का मुख्यमंत्री एनडीए सरकार का नेतृत्व करेगा, जिसका नाम तय करने के लिए पार्टी ने दिल्ली में बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश के अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य नेता दिल्ली पहुंच गए हैं।
बीजेपी की बैठक में एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश होगी, जिसके बाद संसदीय बोर्ड बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। भाजपा के सीएम के नाम की घोषणा दिल्ली में नहीं हुई तो फिर पटना में बीजेपी विधायक दल के नेता के चुनाव के बाद पर्यवेक्षक ऐलान करेंगे। अभी सम्राट चौधरी बीजेपी विधायक दल के नेता और विजय सिन्हा उप-नेता हैं। दोनों ही नीतीश के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में उप-मुख्यमंत्री हैं।
इस बीच, नीतीश की शपथ के दिन ही राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश को भी सदन में तीसरी पारी मिल गई है। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा में मनोनित किया है। उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा था। नीतीश उनकी जगह पर ही राज्यसभा कैंडिडेट बनकर ऊपरी सदन पहुंचे हैं।

Bihar BJP CM Meeting LIVE: बिहार विल मिस यू नीतीश जी; इमोशनल हो गए जीतनराम मांझी
Bihar BJP CM Meeting LIVE: बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने नीतीश कुमार के सांसद की शपथ लेने पर कहा कि बिहार उन्हें हमेशा मिस करेगा। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज वो नीतीश को राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेने की बधाई नहीं देंगे। बस इतना कहेंगे। “बिहार विल मिस यू नीतीश जी।” मांझी ने कहा कि ये सिर्फ वो नहीं, पूरे बिहार की जनता कह रही है।
Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार ने हिन्दी में ली शपथ, देखें वीडियो
#Watch | Rajya Sabha Chairman C. P. Radhakrishnan administers oath/affirmation to newly elected member Nitish Kumar (JDU) from Bihar in Chairman's Conference Room, Parliament House. #oath #RajyaSabha @VPIndia @NitishKumar pic.twitter.com/jLS9Erf1zC
Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर हिन्दी में शपथ ली। वीडियो नीचे देख सकते हैं.

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार को नितिन नवीन ने बधाई दी
Bihar BJP CM Meeting LIVE: भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर नीतीश कुमार को बधाई दी है। नितिन ने कहा कि सुशासन के प्रति नीतीश की अटूट निष्ठा और सार्वजनिक जीवन का सुदीर्घ अनुभव उच्च सदन की गरिमा को ऊंचाइयां प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में उनके अतुलनीय योगदान और प्रशासनिक दूरदर्शिता से संसद की कार्यप्रणाली और सुदृढ़ होगी।
Bihar BJP CM Meeting LIVE: पीएम मोदी ने दी नीतीश कुमार को बधाई
Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके उन्हें बधाई दी है। पीएम ने कहा कि नीतीश देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। पीएम ने भरोसा जताया है कि नीतीश के लंबे अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी।
Bihar BJP CM Meeting LIVE: संजय झा बोले- बिहार को नीतीश का सतत नेतृत्व और मार्गदर्शन मिलता रहेगा
Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार की शपथ की तस्वीरें साझा करते हुए जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि राज्यसभा में उनका मार्गदर्शन देश को दिशा देगा, वहीं बिहार को भी उनका सतत नेतृत्व और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश ने बिहार को विकास और सुशासन की नई दिशा दी: संजय झा
Bihar BJP CM Meeting LIVE: जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार देश के उन विरले राजनीतिज्ञों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के सभी सदनों का सदस्य रहने का गौरव प्राप्त है। स्पष्ट दृष्टि, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनता के प्रति अथाह समर्पण के साथ नीतीश ने दो दशकों में बिहार को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। यही कारण है कि बिहार की जनता ने उन्हें बार-बार अपना विश्वास दिया है। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास की भावना के तहत समाज के हर वर्ग तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व पहल उनके नेतृत्व की पहचान रही है। आज बिहार पिछड़ेपन और भय के वातावरण से निकलकर विकास, विश्वास और नई संभावनाओं की ओर तेजी से अग्रसर है।
Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार को सांसद बनने पर सम्राट चौधरी ने बधाई दी
Bihar BJP CM Meeting LIVE: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि नीतीश ने बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। बिहार में सुदृढ़ आधारभूत संरचना, बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, महिलाओं के सशक्तीकरण की प्रभावी पहल और मजबूत कानून-व्यवस्था ने राज्य को नई पहचान दी है। चौधरी ने विश्वास जताया है कि राज्यसभा में उनका अनुभव, दूरदर्शिता और जनहित के प्रति समर्पण देश की नीतियों को नई दिशा देगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश ने कर ली लालू यादव की बराबरी, चारों सदन में जाने वालों में गिने-चुने ही नाम
राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। लोकसभा, राज्यसभा, बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद, इन चारों सदनों के सदस्य रहने वाले नेताओं में गिने-चुने नाम ही हैं। जबकि, बतौर मुख्यमंत्री इन चारों सदनों का सदस्य रहने वाले नेताओं की सूची में अब तक लालू यादव ही थे, दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार हो गए हैं। सुशील मोदी, नागमणि, उपेंद्र कुशवाहा और रामकृपाल यादव भी चारों सदनों के सदस्य रहे हैं, लेकिन ये सभी मुख्यमंत्री नहीं बने।
पूरी खबर पढ़ें
Nitish Kumar Oath LIVE: शपथ लेने के बाद वापस अपने दिल्ली आवास लौटे नीतीश कुमार
Nitish Kumar Oath LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद संसद भवन से निकल गए हैं। वह अपने दिल्ली के कामराज लेन स्थित आवास पर लौट रहे हैं। उनके साथ जेडीयू के वरीय नेता भी साथ हैं। शाम में उनका फ्लाइट से पटना लौटने का कार्यक्रम है।
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार ने ली राज्यसभा सांसद की शपथ
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार औपचारिक तौर पर राज्यसभा सांसद बन गए हैं। उन्होंने शपथ ग्रहण कर ली है। संसद भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई।
Nitish Kumar Oath LIVE: संसद भवन पहुंचे नीतीश कुमार, थोड़ी देर में लेंगे शपथ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संसद भवन पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में बतौर राज्यसभा सांसद उनका शपथ ग्रहण होगा। भाजपा, जदयू समेत एनडीए के कई नेताओं की मौजूदगी में वह शपथ लेंगे। राज्यसभा के सभापति सह उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन उन्हें शपथ दिलाएंगे। नीतीश ने 16 मार्च को राज्यसभा का चुनाव जीता था, उसके 14 दिनों के बाद बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। राज्यसभा की शपथ लेने के बाद वे पटना लौटेंगे और 2-3 दिन में मुख्यमंत्री का पद भी छोड़ देंगे।
Nitish Kumar Oath LIVE: उपराष्ट्रपति दिलाएंगे नीतीश को शपथ
रिपोर्ट्स के अनसार नीतीश कुमार को राज्यसभा सांसद की शपथ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दिलाएंगे। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी हैं। शपथ ग्रहण संसद भवन में सवा 12 बजे होगा, उनके साथ केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर भी दोबारा राज्यसभा की शपथ लेंगे। नीतीश पहली बार राज्यसभा सांसद बन रहे हैं। पटना लौटकर वह बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे।
Nitish Kumar Oath LIVE: दिल्ली आवास से निकले नीतीश कुमार, गाड़ी में सम्राट चौधरी भी
नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने अपने दिल्ली आवास से निकल गए हैं। आधे घंटे बाद संसद भवन में उनका शपथ ग्रहण होगा। नीतीश के साथ उनकी गाड़ी में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे हैं। नीतीश थोड़ी देर में राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के लिए निकलेंगे। इससे पहले उनके आवास पर नेताओं का जमावड़ा है। सम्राट भी बिहार भाजपा कोर ग्रुप की आज शाम होने वाली बैठक में शामिल होने दिल्ली आए हैं। सम्राट का नाम नए सीएम की रेस में प्रमुख तौर पर चल रहा है।
Nitish Kumar Oath LIVE: आज ही पटना लौटेंगे नीतीश, भाजपा नेतृत्व से मुलाकात नहीं होगी
नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद आज ही शाम को पटना लौट जाएंगे। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात नहीं होगी। पहले कहा जा रहा था कि नीतीश दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर विजय चौधरी बोले- हम कैसे कह दें
मंत्री विजय चौधरी ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार शपथ लेने के बाद पटना लौटेंगे। फिर 2-4 दिनों में बैठकर, बात करके नीतीश इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में जेडीयू और भाजपा की जो हिस्सेदारी है, उसी तरह की नई सरकार में भी रहेगी। मुख्यमंत्री की जहां तक बात है, एनडीए के विधायक मिलकर अपना नेता चुनेंगे। सम्राट चौधरी को सीएम बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम कैसे यह कह दें, यह एक पार्टी की बात नहीं है, पांच दलों की बात है। विधायक दल की बैठक में सभी दल अपना-अपना प्रस्ताव देंगे, फिर उस पर चर्चा करने के बाद फैसला लिया जाएगा।
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश का चार दशक लंबा संसदीय जीवन

नीतीश कुमार पहली बार 1985 में बिहार विधानसभा में विधायक बने थे। फिर वह 1989 में पहली बार लोकसबा सांसद बने। 1991, 1996 1998 और 2004 में सांसद रहे। फिर 2024 तक लगातार बिहार विधान परिषद में एमएलसी रहे। नवंबर 2005 में जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो नीतीश ने केंद्र की राजनीति छोड़ राज्य में सत्ता की कमान संभाली। दो दशक तक वह बिहार की सरकार के केंद्र में हे। अब राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में सीएम और नई सरकार का फैसला दिल्ली में, बीजेपी की बैठक में आज क्या होगा?
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में नई सरकार का मुख्यमंत्री चुनने की प्रक्रिया में भाजपा ने आज बिहार कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में बुलाई है। पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक से पहले अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के नेताओं के साथ बैठकर एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पूरी खबर पढ़ें-
बिहार में सीएम और नई सरकार का फैसला दिल्ली में, बीजेपी की बैठक में आज क्या होगा?
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश के शपथ के दिन राष्ट्रपति ने हरिवंश को तीसरी पारी के लिए राज्यसभा में कर दिया मनोनीत
Nitish Kumar Oath LIVE: दिल्ली में एक चौंकाने वाले राजनीतिक घटनाक्रम में राष्ट्रपति ने राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश को तीसरी पारी के लिए मनोनीत कर दिया है। नीतीश कुमार ने जेडीयू सांसद हरिवंश को तीसरा मौका नहीं दिया था और उस सीट से खुद चुनकर दिल्ली आए हैं। बिहार में 2022 में नीतीश के महागठबंधन के साथ जाने के बाद हरिवंश जेडीयू के लाइन-लेंथ से बाहर हो गए थे।

पूरी खबर पढ़ें-
हरिवंश फिर बने राज्यसभा सांसद, JDU ने नहीं भेजा तो सरकार ने किया नामित
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार बीजेपी के कोर ग्रुप की दिल्ली में बैठक आज, सीएम के नाम पर सहमति बनाने की कवायद
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के अगले सीएम के लिए एक नाम पर सहमति बनाने की कवायद भाजपा में तेज हो गई है। पार्टी ने दिल्ली में बिहार बीजेपी के कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। पार्टी के प्रमुख नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन यह बैठक लेंगे, जिसमें संजय सरावगी, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय जैसे नेता शामिल हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: 14 अप्रैल को नीतीश का इस्तीफा, 15 को शपथ, संसद सत्र से पहले बिहार में नई सरकार?
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में सीएम बदलने की राजनीति का केंद्र दिल्ली बन चुका है। जदयू और भाजपा के तमाम बड़े नेता दिल्ली में जुटे हुए हैं। ताजा चर्चा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से 14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं और 15 अप्रैल को गांधी मैदान में बीजेपी के सीएम के नेतृत्व में नई सरकार शपथ ले सकती है। 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए नीतीश दिल्ली में रहेंगे। माना जा रहा है कि संसद सत्र से पहले बिहार में एनडीए सरकार के नेतृत्व परिवर्तन की सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
Nitish Kumar Oath LIVE: सामूहिक प्रगति के लिए समर्पित नीतीश कुमार का सार्वजनिक जीवन प्रेरणा: संजय कुमार झा
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार के राज्यसभा पारी की शुरुआत से पहले जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार की सुबह-सुबह एक ट्वीट के जरिए कहा है कि जनसेवा कोई पद नहीं, एक सतत संकल्प है। उन्होंने लिखा है कि नीतीश ने अपने सार्वजनिक जीवन के माध्यम से यही दिखाया है कि सादगी, धैर्य और निरंतर काम के जरिए समाज में वास्तविक बदलाव कैसे लाया जाता है। विकास को राजनीति के केंद्र में रखना और उसे ज़मीन पर उतारना- यही उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। चाहे बुनियादी ढांचा हो, सुशासन हो या समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाना- हर क्षेत्र में उनका दृष्टिकोण स्पष्ट और प्रतिबद्ध रहा है। ऐसा सार्वजनिक जीवन, जो व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक प्रगति के लिए समर्पित हो, हम सभी के लिए प्रेरणा है।
Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे पर रोहिणी आचार्य ने कस दिया तंज
Nitish Kumar Oath LIVE: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्टर शेयर करते हुए नीतीश कुमार पर तंज कसा है और कहा कि ‘अवसरवाद’ का जवाब जरूर मिलता है। इस पोस्टर में नीतीश की भावुक विदाई दिखाई गई है।
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री दिल्ली में मौजूद

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा दिल्ली पहुंच गए हैं। भाजपा के दोनों उप-मुख्यमंत्री वहां बीजेपी की कोर कमेटी की अहम मीटिंग में शामिल होंगे। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी। दोनों डिप्टी सीएम भी प्रोमोशन के इंतजार में हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: सब कुछ नीतीश कुमार के नेतृत्व में तय हो रहा, नितिन नवीन बोले
Nitish Kumar Oath LIVE: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, है कि एनडीए में कोई मतभेद नहीं है। सब कुछ समय के साथ हो रहा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि 10 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। गठबंधन धर्म का भाजपा ने हमेशा सम्मान किया है। सभी घटक दलों को हम पर विश्वास है। बिहार में सत्ता में बदलाव से जुड़े सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि पूरी प्रक्रिया नीतीश के नेतृत्व में तय हुई है और उसी अनुसार सब चीजें चल रही हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में नीतीश के बाद सीएम चुनने के लिए बीजेपी की दिल्ली में बैठक
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में नीतीश कुमार के बाद एनडीए सरकार चलाने वाले उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए बीजेपी ने बिहार के प्रमुख नेताओं की कोर ग्रुप मीटिंग दिल्ली में बुलाई है, जिसकी अध्यक्षता पार्टी चीफ नितिन नवीन करेंगे। इस बैठक में चर्चा के जरिए एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। माना जा रहा है कि सीएम पद पर उसकी ताजपोशी होगी, जिसे पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह इस पद के लिए मौजूदा माहौल में उपयुक्त समझेंगे। रेस में सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय समेत कई नाम हैं और ये सारे केंद्रीय नेतृत्व के करीबी गिने जाते हैं।
Nitish Kumar Oath LIVE: राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के लिए नीतीश कल शाम में दिल्ली आ गए थे। उनके साथ और उनके बाद बिहार से भाजपा और जदयू के कई नेता दिल्ली आए हैं। नीतीश 16 मार्च को राज्यसभा के सांसद निर्वाचित हुए थे।
Nitish Kumar Oath LIVE: दोपहर 12.15 बजे नीतीश कुमार लेंगे सांसद की शपथ
Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के सीएम नीतीश कुमार दोपहर 12.15 बजे सांसद पद की शपथ लेंगे। राज्यसभा के सभापति और देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन उनको राज्यसभा के सदस्य की शपथ दिलाएंगे।
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News