—विज्ञापन—
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त को लेकर देशभर के करोड़ों किसान इंतजार कर रहे हैं. पिछली यानी 21वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी की गई थी, जब सरकार ने करीब 9 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे. अब किसानों की नजर 22वीं किस्त पर टिकी है. हालांकि होली से पहले पैसे आने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जिसके बाद किसानों के मन में कई तरह के सवाल उठने लगे हैं.
कई किसानों को उम्मीद थी कि इस बार पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त होली से पहले उनके खातों में पहुंच जाएगी. लेकिन त्योहार गुजर जाने के बाद भी पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ. ऐसे में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर किस वजह से किस्त में देरी हो रही है और कहीं बड़ी संख्या में लाभार्थियों के नाम हटाने की प्रक्रिया तो नहीं चल रही.
रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ राज्यों में योजना से कई किसानों के नाम हटाए गए हैं. इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से हुई, जहां करीब 19 लाख किसानों को सूची से बाहर कर दिया गया. इसके बाद राजस्थान में भी बड़ी संख्या में नाम हटाए गए, जबकि मध्यप्रदेश में भी करीब 1.66 लाख किसानों के नाम इस योजना से काटे जाने की खबर सामने आई है.
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को हुई थी. इस योजना के तहत किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. साल भर में कुल तीन किस्तों के जरिए किसानों के खातों में 6,000 रुपये ट्रांसफर किए जाते हैं.
देश के ज्यादातर किसानों को हर किस्त में 2,000 रुपये मिलते हैं, लेकिन खबर है कि इस बार बिहार के किसानों को अतिरिक्त सहायता मिल सकती है. बताया जा रहा है कि 22वीं किस्त के साथ बिहार के किसानों को 3,000 रुपये मिलने की शुरुआत हो सकती है. अगर ऐसा होता है तो राज्य के किसानों को सालाना 6,000 की जगह 9,000 रुपये तक की सहायता मिल सकती है.
सरकार ने योजना की समीक्षा के दौरान पाया कि कुछ लोग गलत तरीके से इसका फायदा उठा रहे थे. कई मामलों में एक ही जमीन पर अलग-अलग लोग पैसे ले रहे थे. वहीं कुछ ऐसे भी मामले सामने आए हैं जहां लाभार्थी की मृत्यु के बाद भी उसके नाम पर पैसे निकाले जा रहे थे. ऐसे मामलों को रोकने के लिए सरकार लाभार्थियों की सूची को अपडेट कर रही है.
किस्त जारी होने में देरी की एक बड़ी वजह पात्रता की जांच बताई जा रही है. सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सिर्फ योग्य किसानों को ही योजना का लाभ मिले. इसके अलावा अब फार्मर आईडी को भी जरूरी किया गया है, लेकिन अभी सभी किसानों की यह आईडी तैयार नहीं हो पाई है, जिसकी वजह से प्रक्रिया धीमी हो गई है.
पीएम किसान योजना की किस्त आमतौर पर हर चार महीने के अंतराल पर जारी होती है. चूंकि 21वीं किस्त नवंबर 2025 में आई थी, इसलिए उसी पैटर्न के अनुसार अगली किस्त मार्च 2026 में आने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि अभी तक सरकार की तरफ से इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है.
न्यूज 24 पर पढ़ें , राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
—विज्ञापन—
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in