School Assembly News Headlines 28 January : स्कूल असेंबली के लिए 28 जनवरी की देश विदेश की बड़ी खबरें – Hindustan

School Assembly News Headlines 28 January Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 28 जनवरी 2026 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी UGC द्वारा 13 जनवरी 2026 को लागू किए गए ‘इक्विटी रेगुलेशन्स’ ने देशभर में एक तीखा विवाद छेड़ दिया है। जहां UGC का तर्क है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में बढ़ते जातिगत भेदभाव और आत्महत्याओं को रोकने के लिए ‘इक्विटी स्क्वाड’ (निगरानी दस्ते) का गठन और सख्त कार्रवाई अनिवार्य है, वहीं सामान्य वर्ग के छात्र और कई संगठन इसे ‘एकतरफा और दमनकारी’ बता रहे हैं।

यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ कई राज्यों में मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन हुए। दिल्ली, यूपी से लेकर झारखंड तक छात्र सड़कों पर उतरे। दिल्ली में यूजीसी मुख्यालय के सामने विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर नियम वापस लेने की मांग की। इस बीच, नियम के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका दाखिल की गई है।

भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने मंगलवार को ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए। इसे अब तक का सबसे बड़ा समझौता (मदर ऑफ ऑल डील्स) कहा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वार्ता पूरी होने की घोषणा की। करार से यूरोप के 27 देशों में भारतीय उत्पादों की धमक बढ़ेगी। साथ ही देश में यूरोपीय निवेश बढ़ने से नौकरियों के बड़े मौके मिलेंगे।

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल के कारण मंगलवार को देशभर में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। इससे दिल्ली में दस हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने अपने एक आदेश में स्पष्ट किया कि केंद्रीय सैन्य बल में नियुक्ति पाने वाले जवान को कम से कम दस साल सेवा देना जरूरी है। उच्च न्यायालय का तर्क था कि एक सैन्य बल को तैयार (प्रशिक्षण) करने में लाखों का खर्च आता है। ऐसे में कर्मी द्वारा मर्जी से नौकरी छोड़ने पर राजकोष नुकसान नहीं उठाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत में ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है। ऊर्जा के क्षेत्र में काफी अवसरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का ऊर्जा क्षेत्र 500 अरब डॉलर के निवेश के अवसर प्रदान करता है। इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक निवेशकों से ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश करने का भी आह्वान किया।

गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में होने वाली जनगणना का काम दो हिस्सों में बांटा गया है। जाति जनगणना दूसरे चरण के दौरान की जाएगी। मुख्य रूप से पूरे देश में जनसंख्या की गिनती का काम फरवरी 2027 में शुरू किया जाएगा। हालांकि, पहाड़ी और बर्फीले राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ दुर्गम इलाकों में यह काम सितंबर 2026 में ही शुरू कर दिया जाएगा।मंत्रालय का कहना है कि इसके बारे में पूरी जानकारी दिसंबर 2025 में ही दे दी गई थी, लेकिन फिर भी कुछ लोग जानबूझकर इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसीलिए सरकार ने दोबारा यह बयान जारी कर तारीखों और पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है

सुप्रीम कोर्ट ने उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में ‘वीआईपी दर्शन’ की प्रथा को चुनौती देने वाली याचिका पर विचार करने से मंगलवार को इनकार कर दिया। याचिका में वीआईपी दर्शन की प्रथा खत्म करके सभी श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश करने और शिवलिंग पर जल चढ़ाने की इजाजत देने की मांग की थी।

विवादों में फंसी देश की पहली गुवाहाटी-कोलकाता वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में रेलवे जल्द नॉनवेज परोसने जा रहा। ट्रेन के मेनू में पश्चिम बंगाल व असम के मछली-मांस भोजन को शामिल नहीं करने पर स्थानीय जनता में भारी आक्रोष था।

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर पीठ ने मंगलवार को शहर के भागीरथपुरा में दूषित जले से हुई मौत के मामले की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग का गठन कर दिया। आयोग का नेतृत्व हाईकोर्ट के एक पूर्व जज करेंगे।

बॉलीवुड के सबसे प्रसिद्ध गायक, संगीतकार अरिजित सिंह ने मंगलवार को प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास का ऐलान कर दिया। उन्होंने बताया, वह प्लेबैक सिंगर के तौर पर अब कोई नया असाइनमेंट नहीं लेंगे। कहा कि वह इसे खत्म कर रहे हैं। यह एक शानदार सफर था। उनके इस ऐलान से संगीत प्रेमी खासे हैरान हैं।

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने एक बार फिर हालात बिगाड़ दिए हैं। कश्मीर घाटी, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।

केंद्र सरकार 10, 20 और 50 रुपये छोटे मूल्य के नोटों को व्यापक रूप से उपलब्ध कराने के लिए कई विकल्पों पर विचार कर रही है। इसके लिए जगह-जगह पर छोटे नोट वितरित करने वाली मशीनें या हाइब्रिड एटीएम लगाए जा सकते हैं। इसका उद्देश्य बाजार में लंबे समय से बनी छोटे नोटों की कमी को दूर करना है।

वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख तथा भारत-यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा से सकारात्मक रुख के बीच बैंक और धातु शेयरों में भारी लिवाली से मंगलवार को शेयर बाजार बाजार बढ़त में रहा। सेंसेक्स 319.78 अंक चढ़कर 81,857.48 पर बंद हुआ। कारोबार दौरान यह ऊंचे में 82,084.92 अंक तक गया जबकि नीचे में 81,088.59 अंक तक आया। निफ्टी 126.75 अंक की बढ़त के साथ 25,175.40 पर बंद हुआ।

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त चमक देखी गई। चांदी 40,500 रुपये यानी 12.3 प्रतिशत की भारी छलांग लगाकर 3,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 7,300 रुपये यानी 4.6 प्रतिशत बढ़कर 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर झूठा और स्वार्थपूर्ण विवरण पेश करने पर पाकिस्तान के राजदूत को करारा जवाब दिया। साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा कि आतंकवाद को सरकारी नीति के औजार के रूप में पाकिस्तान द्वारा लगातार इस्तेमाल किए जाने को सहना सामान्य नहीं है।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ संबंधी धमकियों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ट्रंप की धमकियों को अमेरिका-कनाडा मुक्त व्यापार समझौते की समीक्षा से पहले की बातचीत संबंधी रणनीति के रूप में देखा जाना चाहिए।

भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में इजरायल के संस्कृति एवं खेल मंत्री मिकी जोहार ने कहा कि उनका देश नई दिल्ली के साथ अपने संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है और भारत को एक रणनीतिक साझेदार मानता है। जोहार ने सोमवार को कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा कि भारत का गणतंत्र दिवस अब इजरायलियों के लिए भी एक विशेष दिन बन गया है क्योंकि इसी दिन इजरायल ने सात अक्टूबर 2023 के हमास हमले के बाद गाजा से आखिरी बंधक के अवशेष बरामद करने की घोषणा की है।

सूर्यकुमार एंड कंपनी आज बुधवार को चौथे टी-20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखने उतरेगी। भारतीय टीम किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहेगी।

आईसीसी टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड की अचानक एंट्री ने टीम प्रबंधन के सामने कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। टूर्नामेंट शुरू होने में महज 15 दिन बचे हैं और स्कॉटलैंड को अभी तक वीजा, स्पॉन्सर और खेलने की जर्सी जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी करनी हैं।

आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News