Feedback
एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की 2026 परीक्षा में शामिल 50 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के रिजल्ट का इंतजार जल्द खत्म होगा. यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के मुताबिक अप्रैल के आखिरी हफ्ते में यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित होगा. उन्होंने कहा है कि कापियों का मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद इस समय टेबुलेशन और प्रोसेसिंग किया जा रहा है. उनके मुताबिक मूल्यांकन के बाद रिजल्ट तैयार करने में लगभग 20 से 25 दिन का समय लगेगा.
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 4 अप्रैल को पूरा हो चुका है. कापियों का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल तक 15 कार्य दिवसों में पूरा किया गया है. मूल्यांकन के लिए कुल 254 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे.
यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल लगभग 50 लाख छात्र छात्राओं की करीब पौने तीन करोड़ कापियों का मूल्यांकन किया गया है. एक लाख 53 हजार परीक्षकों कापियों का मूल्यांकन सीसीटीवी की निगरानी में किया गया है. परीक्षकों के लिए भी मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया था. मूल्यांकन केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी.हालांकि पहले मूल्यांकन 18 मार्च से 1 अप्रैल के बीच पूरा होना था. लेकिन बीच में पड़ी ईद और रामनवमी की छुट्टियों के चलते मूल्यांकन 4 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था. मूल्यांकन पूरा होने के बाद रिजल्ट तैयार करने का काम तेज हो गया है.
हम आपको बता दें कि यूपी की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हुई थीं और 12 मार्च को समाप्त हुईं. यूपी बोर्ड की 2026 की परीक्षा में हाईस्कूल के 27 लाख 61 हजार 696 और इंटरमीडिएट के 25 लाख 76 हजार 082 परीक्षार्थी पंजीकृत थे. इस प्रकार यूपी बोर्ड की परीक्षा में कुल मिलाकर 53 लाख 37 हजार 778 परीक्षार्थी पंजीकृत थे.
जिसमें हाईस्कूल में लगभग 26 लाख और इंटरमीडिएट में लगभग 24.5 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है. हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में मिलाकर लगभग 2.87 लाख परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे. यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पूरे प्रदेश में बनाए गए 8033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी. यूपी बोर्ड में 2025 का रिजल्ट 25 अप्रैल 2025 को घोषित किया था. कापियों का मूल्यांकन पूरा होने के 23 दिन बाद रिजल्ट घोषित किया था. यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक इस बार भी रिजल्ट समय पर घोषित किया जाएगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू