UP Latest Breaking News Today LIVE Updates: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि वर्ष 2025 में राज्य को तरक्की के रास्ते पर ले जाने के प्रयासों को और गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में प्रदेश की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि साल 2025 में राज्य को समृद्धि और विकास के रास्ते पर ले जाने के डबल इंजन सरकार के प्रयासों को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता का जीवन स्तर निरन्तर बेहतर हो रहा है। डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, नौजवान, महिला सहित समाज के हर वर्ग को प्राप्त हो रहा है।’’
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में साल 2025 के पहले दिन पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में लोग श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। साल के पहले दिन भक्तों ने पूजा-अर्चना की और सरयू नदी में डुबकी लगाई। मौसम विभाग ने 1 जनवरी को कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। 2 जनवरी को कुछ जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। तीन जनवरी से पांच जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कुछ जिलों में देर रात और सुबह कोहरा रहेगा। 6 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बिहार से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग
उत्तर प्रदेश से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों को जानने के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग
प्रयागराज से भदोही लौट रही एक कॉलेज की 21 साल की छात्रा को एक दबंग युवक ने कथित तौर पर बलपूर्वक मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसका अपहरण कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। ऊंज थाना के प्रभारी निरीक्षक रमाकांत यादव ने बताया कि 30 दिसंबर की शाम छह बजे घर लौटते समय जब छात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बस से उतरी, तभी घात लगाकर बैठा युवक राजकुमार यादव अचानक उसके सामने आया और छात्रा को जबरदस्ती अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर वहां से भगा ले गया। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक का पीछा भी किया, लेकिन तेज़ रफ़्तार से वह वहां से भाग निकला। उसके पिता को कुछ लोगों ने इस घटना की जानकारी दी। यादव ने बताया इस संबंध में छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी राजकुमार यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत मंगलवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती को बरामद करने और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम संभावित जगहों पर दबिश दे रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की
प्रयागराज में महाकुम्भ को लेकर की जा रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ ने योगी आदित्यनाथ सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं एक साधु पुरुष हैं। वह यहां बार-बार आकर व्यवस्थाओं का अवलोकन कर रहे हैं जिससे धर्मावलंबियों का हौसला और मनोबल प्रबल हो रहा है। ऋषि-मुनियों और साधकों को साधना, यज्ञ और तप करने के लिए अनुकूल माहौल मिल रहा है।’’ शंकराचार्य ने इस बात पर भी जोर दिया कि महाकुंभ के दौरान अनुष्ठान और पूजा का पुण्य न केवल राज्य, बल्कि व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी प्राप्त होगा।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाक्टर संजय निषाद के काफिले का एक वाहन पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया जिसमें सवार चार महिला कार्यकर्ताओं सहित पांच कार्यकर्ता घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार की रात जिले के ख़ेजुरी थाना क्षेत्र के जनुआन गांव के समीप हुआ।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोगों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेशवासियों को नव वर्ष 2025 की हार्दिक शुभकामनाएं। नया साल आपके जीवन में खुशियां और समृद्धि लाए। उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।”
लखनऊ मर्डर केस पर संयुक्त सीपी बबलू कुमार ने कहा, “5 लोगों के शव मिले हैं – चार लड़कियां और उनकी मां। होटल के कर्मचारियों ने कहा कि वे 30 दिसंबर को यहां आए थे और उनके भाई, पिता भी वहां थे। मामले की आगे जांच की जा रही है।”
लखनऊ में एक युवक ने होटल में पारिवारिक कलह में अपनी मां और चार बहनों की हत्या कर दी। परिवार आगरा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने वाला है। पांच जिलों में ऐसे डीएम हैं जो एक जनवरी से सचिव बन जाएंगे। इनके स्थान पर शीघ्र ही नए जिलाधिकारी भी तैनात किए जाएंगे। 35 अन्य अफसर भी विशेष सचिव से सचिव बुधवार को बन जाएंगे। इसके अलावा सात आइएएस अफसर सचिव से प्रमुख सचिव बन जाएंगे, इन्हें भी नए विभाग दिए जाएंगे।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि शाही जामा मस्जिद के पास पुलिस चौकी का निर्माण वक्फ की जमीन पर किया जा रहा है, हालांकि जिलाधिकारी ने आरोपों का खंडन करते हुए उसे नगर पालिका की संपत्ति बताया।
आगरा में अधिगृहीत भूमि का मुआवजा न मिलने पर आंदोलित किसान अब अपनी जमीन वापस मांग रहे हैं। मंगलवार को तीसरे दिन भी इनर रोड की एक लेन बंद कर किसानों ने परिवार सहित धरना-प्रदर्शन जारी रखा। वे मुख्यमंत्री से वार्ता कराने की मांग पर अड़े हैं। उधर, आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को शासन ने पत्रावलियों सहित तलब किया है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 की तैयारी जोरों पर है। प्रयागराज शहर में 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक महाकुंभ मेला 2025 का आयोजन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की बड़ी और ताजा खबरें जानने के लिए हमारे लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें। इस ब्लॉग में आपको राज्य स्तर की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग जिलों में होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी जानने को मिलेगा।