Uttarakhand Avalanche LIVE: 57 में से 33 किए गए रेस्क्यू, Mi -17 से किए जाएंगे एयरलिफ्ट – Jansatta

Uttarakhand Badrinath Avalanche LIVE Updates: उत्तराखंड में ंबद्रीनाथ और माणा गांव के पास आए हिमस्खलन में अभी भी 25 मजदूर दबे हुए हैं। चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने मीडिया को जानकारी दी है कि 57 मजदूरों में से 32 को रेस्क्यू कर लिया गया है। इस हादसे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने DG, ITBP और DG, NDRF से बात की है। इंडियन आर्मी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हिमस्खलन सुबह करीब सवा सात बजे आया, जिसमें माणा और बद्रीनाथ के बीच एक मजदूरों का कैंप प्रभावित हुआ। इस भूस्खलन की वजह से आठ कंटेनर्स और एक शेड में 57 मजदूर दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही इंडियन आर्मी की टीमें तुरंत घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए पहुंच गईं। इन टीमों में डॉक्टर भी शामिल हैं। इंडियन आर्मी ने बताया कि 11:50 बजे तक रेस्क्यू टीम ने पांच कंटेनरों का पता लगा लिया था और 10 लोगों को रेस्क्यू कर लिया था। रेस्क्यू किए गए लोगों में चार की हालत गंभीर है। इंडियन आर्मी के जवान अभी भी तीन कंटेनर्स को खोज रहे हैं। हादसे वाली जगह पर चल रहे ऑपरेशन से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिए जनसत्ता डॉट कॉम के इस लाइव ब्लॉग के साथ…
Chamoli Avalanche LIVE Updates: भारतीय वायुसेना के अधिकारी ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने उत्तराखंड के चमोली जिले में राहत कार्यों के लिए अपने मध्यम-लिफ्ट हेलिकॉप्टर Mi-17 V5s और हल्के हेलीकॉप्टरों को तैयार रखा है। जैसे ही मौसम की स्थिति में सुधार होगा, भारतीय वायुसेना स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करके राहत कार्यों के लिए अपनी सामग्रियाँ तैनात करने के लिए तैयार हो जाएगी।
Mana Chamoli Avalanche LIVE:  उत्तराखंड सरकार के मुताबिक, चमोली जिले के माणा में हुए हिमस्खलन से 33 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निकाले गए मजदूरों का विशेष ध्यान रखा जाए। सीएम ने माणा में हेलीपैड को प्राथमिकता पर खोलने के निर्देश दिए, साथ ही जोशीमठ स्थित आर्मी अस्पताल, जिला अस्पताल, एम्स ऋषिकेश में पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से लिफ्ट करने की भी तैयारी की जाए, जो कल माणा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जोशीमठ में आपदा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी आर्मी आपसी सहयोग से बर्फ हटाने का काम तेजी से करें।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड सरकार ने हेल्पलाइन नम्बर जारी किए हैं। 8218867005, 9058441404 , 0135-2664315, टोल फ्री 1070 भी जारी किया
Mana Chamoli Avalanche LIVE: माणा में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के डीएम से लेटेस्ट अपडेट लिया है।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली जिले के माणा में हिमस्खलन की घटना के बाद चल रहे बचाव अभियान की समीक्षा करने के लिए देहरादून के आईटी पार्क स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष में मौजूद हैं।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: भारतीय सेना के ब्रिगेडियर मंदीप ढिल्लों ने कहा- “माणा गांव के पास एक शिविर में हिमस्खलन हुआ, जिसमें बीआरओ के कई कर्मी दब गए। भारतीय सेना की ब्रिगेड ने बचाव अभियान चलाने के लिए सुबह 8 बजे से सात अधिकारियों, 17 जेसीओ और 150 अन्य रैंकों की एक टीम को भेजा। टीम फंसे हुए कर्मियों की जान बचाने के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार काम कर रही है।”
Mana Chamoli Avalanche LIVE: चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने मीडिया को जानकारी दी है कि 57 मजदूरों में से 32 को रेस्क्यू कर लिया गया है।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक कुल 32 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। 
Mana Chamoli Avalanche LIVE: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चमोली में पिछले दो दिनों से मौसम खराब है। इसी वजह से मजदूर कंटेनरों में थे। इसी दौरान आज सुबह करीब साढ़े छह से सवा सात के बीच भारी मात्रा में हिमस्खलन हुआ। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जो मजदूर बचे वो बद्रीनाथ की तरफ भाग गए।
Chamoli Avalanche LIVE Updates: एनडीआरएफ के डीजी पीयूष आनंद ने कहा, “16 लोगों को निकाला गया है। एनडीआरएफ की चार टीमें तैनात की गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री इस अभियान की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मुझसे और डीजी आईटीबीपी दोनों से बात की है। हमारा ध्यान अधिक से अधिक लोगों को बचाने पर है। गृह मंत्री ने हर जान बचाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।”
Mana Chamoli Avalanche LIVE: एनडीआरएफ ने कहा कि उसने उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चमोली में चार टीमें भेजी हैं, जहां 41 बीआरओ मजदूर हिमस्खलन में फंस गए हैं। एनडीआरएफ के महानिदेशक (डीजी) पीयूष आनंद ने बताया कि इन टीमों के अलावा, अन्य चार इकाइयों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद सुमन ने कहा, “इलाके में लगातार बर्फबारी होने से वहां हालात मुश्किल हैं। बचाव अभियान में 65 लोगों की टीम लगी हुई है। अब तक 10 लोगों को बचाया जा चुका है, फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए अभियान जारी है। हमने सेना के हेलीकॉप्टर की मांग की है। बचाए गए लोगों को माना स्थित आईटीबीपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
Mana Chamoli Avalanche LIVE: आईटीबीपी कमांडेंट पीयूष पुष्कर ने कहा, “आईटीबीपी की 23 बटालियन जिसमें 89-90 जवान हैं, माणा में तैनात हैं। पिछले दो दिनों से इस इलाके में मौसम खराब है। आज सुबह से ही इलाके में भारी बर्फबारी हो रही है। इस वजह से इलाके में हिमस्खलन हुआ, जिससे वहां बीआरओ कैंप को नुकसान पहुंचा है। अब तक 10 लोगों को बचाया जा चुका है। बचाए गए लोगों को मामूली या गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है…”
Mana Chamoli Avalanche LIVE: आईटीबीपी भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। 10 घायल लोगों का अब आईटीबीपी और सेना के एमआई कक्षों में इलाज चल रहा है। खराब मौसम की चुनौतियों के बावजूद फंसे हुए बाकी मजदूरों को खोजने और निकालने के प्रयास जारी हैं।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “बचाव अभियान जारी है। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा का उपयोग नहीं किया जा सकता है। हम मजदूरों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पीएम और गृह मंत्री के कार्यालय हमारे संपर्क में हैं।”
Mana Chamoli Avalanche LIVE: लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही हैं। सेना के जवान फिर भी पूरी ताकत और तेजी के साथ रेस्क्यू में जुटे हुए हैं।

https://twitter.com/ANI/status/1895426344173109669
Mana Chamoli Avalanche LIVE: हादसे वाली जगह पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं। रेस्क्यू किए जा रहे मजदूरों को ले जाने के लिए बर्फ हटाने वाली मशीन का प्रयोग किया जा रहा है।

https://twitter.com/ANI/status/1895426291081544095
Mana Chamoli Avalanche LIVE:  अमित शाह ने X के जरिए कहा – उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने के संदर्भ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, DG ITBP और DG NDRF से बात की। हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। NDRF की दो टीमें भी जल्द ही घटना स्थल पर पहुंच रही हैं।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- आज जोशीमठ (उत्तराखंड) के माणा क्षेत्र में दुर्भाग्यपूर्ण हिमस्खलन हुआ है, जिससे बीआरओ का जीआरईएफ कैंप प्रभावित हुआ है। स्थिति के बारे में सीएम श्री पुष्कर सिंह धामी से बात की। प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। स्थानीय सेना इकाइयों द्वारा बचाव प्रयास भी जारी हैं। सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके फंसे हुए कर्मियों को बचाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडियन आर्मी के जवान तीन कंटेनरों के लिए सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इनमें मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। क्षेत्र में भारी बर्फबारी जारी है, और GREF जोशीमठ और माणा के बीच सड़क को साफ करने का काम कर रहा है। बचाव और चिकित्सा सहायता में सहायता के लिए जोशीमठ से अतिरिक्त चिकित्सा संसाधन माणा में भेजे जा रहे हैं।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: भारतीय सेना ने बताया कि उनकी त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (जिसमें आईबेक्स ब्रिगेड के 100 से अधिक कर्मी) को तुरंत तैनात किया गया, जिसमें डॉक्टर, एम्बुलेंस और प्लांट उपकरण शामिल थे। सुबह 11:50 बजे तक, टीमों ने पांच कंटेनरों का पता लगा लिया और 10 व्यक्तियों को सफलतापूर्वक बचा लिया, जो सभी जीवित थे। बचाए गए 10 में से चार कर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
भारतीय सेना ने बताया कि 28 फरवरी 2025 को सुबह करीब 07:15 बजे माणा और बद्रीनाथ के बीच स्थित एक बीआरओ लेबर कैंप हिमस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे 57 श्रमिक आठ कंटेनरों और एक शेड के अंदर दब गए।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: इंडियन आर्मी की सूर्या कमांड के अनुसार, गढ़वाल सेक्टर के माणा गांव के पास GREF कैंप पर हिमस्खलन हुआ। कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के बावजूद भारतीय सेना की IBEX ब्रिगेड ने तेजी से बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 10 कर्मियों को बचाया जा चुका है और सेना द्वारा उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। अतिरिक्त सैनिकों और उपकरणों को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है।

https://twitter.com/ANI/status/1895409180506492964
Mana Chamoli Avalanche LIVE: हिमाचल के कुल्लू जिले में पिछले 24 घंटों से निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ है। क्षतिग्रस्त वाहनों को निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने नदियों और नालों के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया है और बिजली, यातायात और पेयजल सेवाओं को बहाल करने की कोशिश कर रहा है।
Mana Chamoli Avalanche LIVE: उत्तराखंड के चमोली जिले में माना के पास भारी बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
Chamoli Avalanche LIVE Updates: चमोली के संदीप तिवारी ने बताया – भारी बर्फबारी के कारण हम वहां हेलीकॉप्टर सेवाओं का उपयोग नहीं कर पाए हैं। उनके पास संवाद करने के लिए सैटेलाइट फोन या अन्य उपकरण भी नहीं हैं।
Chamoli Avalanche LIVE Updates: SDRF अधिकारियों ने बताया कि हिमस्खलन बद्रीनाथ धाम के नजदीक हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आपदा नियंत्रण कक्ष, चमोली को सबसे पहले हिमस्खलन की सूचना मिली और SDRF कमांडेंट ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। SDRF ने बताया कि गौचर और सहस्त्रधारा (देहरादून) चौकियों पर उच्च ऊंचाई वाली रेस्क्यू टीमों को भी स्टैंड बाय पर रखा गया है।
इस हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि BRO के 57 श्रमिक फंसे थे जिनमें से 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और बाकियों के लिए प्रयास चल रहे हैं… सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई हैं… हमारा आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से सक्रिय है। जिला प्रशासन और हम स्वयं लगातार संपर्क में हैं और हमारा प्रयास है कि सभी को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाए।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News