अतीक अहमद के बेटे अबान की कार के एक्सीडेंट का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि तेज रफ्तार क्रेटा कार एक पिकअप को ओवरटेक करने के बाद बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 10 फीट हवा में उछल गई।
यह वीडियो अबान की कार के पीछे चल रही कार के डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। अबान की कार का एक्सीडेंट 6 अगस्त को झांसी से 70 किमी पहले पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ था। हादसे में अबान (21) और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। अबान झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था।
भास्कर रिपोर्टर सोनू राजपूत का कहना है कि वीडियो की लोकेशन सही है। घटनास्थल के करीब घर भी दिख रहा है। हादसा भी कुछ इसी तरह से हुआ था। इससे पता चलता है कि यह हादसे का ही वीडियो है। हादसे के बाद तुरंत बाद सोनू मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल स्थल को करीब से देखा था।
हालांकि, मोठ CO सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। झांसी SSP ने वीडियो की सत्यता जांचने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील है कि इसकी पुष्टि होने का इंतजार करें।
3 तस्वीरों में देखिए कैसे हुआ था हादसा-
अबान के शरीर में अंदरूनी चोटें इतनी कि मुंह में भर गया था खून
अबान गुरुवार (6 अगस्त) सुबह प्रयागराज से झांसी जा रहा था। क्रेटा कार में उसके 4 और दोस्त थे। अबान कार की आगे वाली सीट पर बैठा था। कार उसका साथी जैद चला रहा था, जबकि अबान के पीछे सोनू बैठा था। 120 किमी की रफ्तार से चल रही कार उसी तरफ डिवाइडर से टकराई, जिस तरफ अबान बैठा था। यही वजह रही कि उसे सबसे ज्यादा चोटें आईं। टक्कर के कुछ देर बाद अबान और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सबसे पहले पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी दीपक यादव ने बताया था- मैं शोर सुनकर मौके पर पहुंचा। देखा तो कार सवार तड़प रहे थे। मैंने कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद एक घर से सब्बल (लोहे की रॉड) लेकर आया और दरवाजा तोड़ा। सबसे पहले एक युवक को बाहर निकाला। उसके शरीर में अंदरूनी चोटें थीं और मुंह में खून भरा था। उसने कहा- मेरा नाम अबान है, मुझे बचा लो। इतना कहते ही वह बेहोश हो गया। थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई।
टक्कर से अबान के लीवर-लंग्स फट गए थे
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, तेज टक्कर से अबान के लीवर, लंग्स और शरीर की तिल्ली (Spleen) फट गई। पसलियां भी टूट गई थीं। शरीर के अंदर ज्यादा ब्लीडिंग होने से उसकी मौत हुई। कार में अबान की सीट के पीछे बैठे उसके साथी सोनू की मौत सिर की हड्डी टूटने से हुई थी।
पिता अतीक की कब्र के बगल में दफनाया गया था
8 अगस्त को अबान को प्रयागराज में पिता अतीक की कब्र के बगल में दफनाया गया था। तीनों भाइयों अली, उमर और अहजम ने अबान को कंधा दिया था। मां शाइस्ता परवीन बेटे के जनाजे में शामिल नहीं हुई। वह पति अतीक और बेटे असद के जनाजे में भी नहीं पहुंची थी। शाइस्ता 2023 से फरार है।
भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट से अली-उमर को पैरोल मिली थी। इसके बाद पुलिस झांसी से अली और लखनऊ से उमर को लेकर आई थी। दोनों का चेहरा न दिखे, इसलिए वैन पर पर्दे डाल दिए गए थे। अली-उमर को 4 साल में पहली बार पैरोल मिली थी।
भीड़ बेकाबू हुई तो पुलिस ने खदेड़ा
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए 5-6 हजार लोग जुटे थे। पुलिस ने भीड़ को कब्रिस्तान में जाने से रोका तो लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस ने लाठी पटकी, थप्पड़ मारे और बंदूक की बट से लोगों को पीछे हटाया। इसके बाद भीड़ को वहां से हटाया गया।
मेन गेट से एंट्री नहीं मिली तो लोग कब्रिस्तान की पिछली तरफ की बाउंड्री तोड़कर अंदर घुस आए। इसके अलावा कई हजार लोग ऐसे भी थे, जिन्हें कब्रिस्तान में एंट्री नहीं मिली।
———————
ये खबर भी पढ़िए-
अतीक के करीबियों ने टोल गेट तोड़ा, दबंगई का CCTV:प्रयागराज में उमर के काफिले की गाड़ियों ने पुलिसवालों को कुचलना चाहा, रील बनाई
माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर से जुड़ा एक और विवाद सुर्खियों में है। उमर के करीबियों ने टोल प्लाजा पर दबंगई और गुंडई दिखाई, जिसका CCTV सामने आया है। असल में अतीक के छोटे बेटे अबान की मौत के बाद सुपुर्द-ए-खाक में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल से उमर को प्रयागराज लाया जा रहा था। पूरी खबर पढ़िए
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.