अपने नेताओं को नसीहत देने से पहले TMC को लेकर खुद क्या बोले थे राहुल गांधी? – AajTak

Feedback
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार पर जश्न मनाने वाले कांग्रेस नेताओं और समर्थकों को ऐसा न करने की नसीहत दी है. यह लगातार दूसरा दिन था जब राहुल गांधी, निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में नजर आए. इससे पहले 4 मई को मतगणना के दौरान भी उन्होंने ममता के उस आरोप से सहमति जताई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी ने 100 से ज्यादा सीटें लूटी हैं. 
मतगणना वाले दिन जब यह साफ हो गया कि टीएमसी चुनाव हार रही है, तब कांग्रेस के कुछ समर्थकों और पार्टी से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स ने ममता बनर्जी की सत्ता से विदाई का जश्न मनाना शुरू कर दिया. लेकिन राहुल गांधी ने ऐसे जश्न को मौजूदा राजनीतिक हालात में अनुचित बताया.
सोशल मीडया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर राहुल गांधी ने लिखा, ‘कुछ कांग्रेस नेता और अन्य लोग टीएमसी की हार पर खुश हो रहे हैं. उन्हें समझना चाहिए कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने की दिशा में बीजेपी का बड़ा कदम है. छोटी राजनीति छोड़िए, यह किसी एक पार्टी की नहीं, देश की लड़ाई है.’ उन्होंने विपक्षी दलों से आपसी प्रतिस्पर्धा छोड़कर एकजुट रहने की अपील की.
Rahul Gandhi
राहुल गांधी चुनाव नतीजों के बाद भले ही ममता बनर्जी और टीएमसी के साथ सहानुभूति जता रहे हैं, लेकिन वह राज्य में कांग्रेस के लिए प्रचार करते हुए निवर्तमान मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी पर खुद हमलावर थे. उन्होंने बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी के शासन को ‘भ्रष्ट’ बताया था और बंगाल में बीजेपी के उभार के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया था. उन्होंने एक रैली में कहा था, ‘टीएमसी ने बंगाल में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं… यहां के लोग नफरत फैलाने वाली बीजेपी और जनता विरोधी टीएमसी के बीच फंसे हुए हैं.’
राहुल गांधी ने बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के बाद एक वीडियो संदेश में कहा था, ‘अगर ममता बनर्जी ने साफ-सुथरी सरकार चलाई होती और बंगाल को पोलराइज (ध्रुवीकरण) नहीं किया होता, तो राज्य में भाजपा को उभरने का मौका नहीं मिलता.’ बंगाल के मतदाताओं से कांग्रेस का समर्थन करने की अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी पार्टी ही भाजपा को रोकने में सक्षम है.’ बता दें कि बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई. कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली. 
बंगाल में टीएमसी को हार झेलनी पड़ी है, तो तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की नई-नवेली पार्टी टीवीके (TVK) ने डीएमके और एमके स्टालिन की सत्ता से विदाई कर दी है. वहीं, कांग्रेस ने केरल चुनाव में जीत दर्ज करके ‘इंडिया ब्लॉक’ में अपनी स्थिति थोड़ी और मजबूत कर ली है. ममता और टीएमसी को लेकर राहुल गांधी के स्टैंड में अचानक आए इस बदलाव को क्षेत्रीय दलों के कमजोर होने के बीच कांग्रेस के लिए ‘इंडिया ब्लॉक’ में अपनी स्थिति मजबूत करने के मौके के तौर पर देखा जा रहा है. यही कारण है कि राहुल ने चुनाव नतीजों के तुरंत बाद ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से फोन पर बातचीत की और उनके साथ अपना समर्थन जताया.
बंगाल में कांग्रेस और TMC के रिश्ते
कांग्रेस और टीएमसी के बीच तनाव नया नहीं है. ममता बनर्जी ने 1998 में कांग्रेस से अलग होकर टीएमसी की स्थापना की थी. लंबे समय तक लेफ्ट फ्रंट सरकार के खिलाफ संघर्ष के बाद टीएमसी ने 2011 में 34 साल से बंगाल में शासन कर रही कम्युनिस्ट पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया. कांग्रेस ने बंगाल में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए समय-समय पर अलग-अलग रणनीतियां अपनाईं. कभी अकेले चुनाव लड़ा, कभी टीएमसी के साथ गठबंधन किया तो कभी वाम दलों के साथ. लेकिन उसे खास सफलता नहीं मिली.
ममता बनर्जी ‘इंडिया ब्लॉक’ की संस्थापक सदस्य रही हैं, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और वाम दलों से सीट बंटवारे पर मतभेद के चलते उन्होंने बंगाल की सभी 42 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया. इस चुनाव में टीएमसी को 29 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ 1 सीट जीत सकी. बीजेपी ने 12 सीटें जीती थीं. पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को टीएमसी के युसुफ पठान (पूर्व क्रिकेटर) ने बहरामपुर सीट पर हराया. इसके बाद से दोनों दलों के रिश्तों में उतार-चढ़ाव जारी है.
‘इंडिया ब्लॉक’ में सामंजस्य की कमी
राहुल गांधी द्वारा विभिन्न राज्यों में चुनावी नतीजों को ‘वोट चोरी’ बताने और ईवीएम पर सवाल उठाने पर भी टीएमसी ने हमेशा खुलकर समर्थन नहीं किया. हालांकि हाल के दिनों में संसद के भीतर दोनों पार्टियों के बीच कुछ मुद्दों पर तालमेल भी दिखा है, जैसे 131वें संविधान संशोधन विधेयक का विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को लेकर. राहुल गांधी का पहले खुद टीएमसी को भ्रष्ट बताना, बंगाल में बीजेपी के उभार के लिए ममता को कोसना और फिर उनकी हार पर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों के जश्न को गलत बताना, यह दिखाता है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया ब्लॉक’ में शामिल दलों के बीच सामंजस्य की किस कदर कमी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News