इजरायल और फिलिस्तीन के बीच एक बार फिर से जंग के हालात बनते जा रहे हैं। शुक्रवार को वेस्ट बैंक में तैनात इजरायली सेना के ऊपर हुए हमले में दो सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले का घर में घुसकर जवाब देने की शपथ ली है। कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंचे नेतन्याहू ने पूरे शहर को घेरने का आदेश दिया।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के बाहर येहुदा जंक्शन पर हुआ था। यहां पर तैनात इजरायली सेना के जवानों के ऊपर हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें 23 साल के सार्जेंट रॉन और 20 साल के सार्जेंट युवल की मौत हो गई, तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। हमलावरों को भी घटनास्थल पर ही मौत के घाट उतार दिया गया।
इजरायली सेना ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सैनिकों के ऊपर हुए इस आतंकी हमले को नाकाम कर दिया गया है। दोनों संदिग्ध हेब्रोन शहर के ही रहने वाले थे। IDF ने बताया, “दोनों हमलावर सुबह इजरायली सेना की एक चौकी पर पहुंचे, जिसके बाद लगभग 20 मिनट तक दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। अंत में, इजरायली सैनिकों ने हमलावरों को मार गिराया। सेना ने कहा कि उसके जवानों ने हमलावरों को नागरिकों की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया।
आम चुनाव में उलझे नेतन्याहू ने इस घटना के बाद बदला लेने का ऐलान किया। उन्होंने घटनास्थल पर जाकर हालात का जायजा लिया। इसके बाद उनके कार्यालय ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि वे तुरंत हेब्रोन की घेराबंदी करें और शुक्रवार से पूरे वेस्ट बैंक को पूरी तरह से बंद करने की तैयारी करें। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल हेब्रोन के उस इलाके में एक बड़ा आतंकवाद-विरोधी अभियान चलाकर जवाबी कार्रवाई करेगा, जहां ये हमलावर रहते थे। नेतन्याहू ने कहा, “हम वहां रहने वाले लोगों को हटाएंगे, घर-घर जाकर तलाशी लेंगे, हथियारों को जब्त करेंगे और आतंकवाद से जुड़े पूरे ढांचे को नष्ट कर देंगे।”
बता दें, यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब मंगलवार को इजरायल में चुनाव होने वाले हैं। गाजा में पहले से ही इजरायली सेना तबाही मचा चुकी है, लेकिन वेस्टबैंक काफी हद तक बचा हुआ है। हालांकि, इस हमले के बाद वेस्टबैंक में भी तबाही मचने की शुरुआत हो सकती है। खैर, अब देखना होगा कि इजरायल की जनता नेतन्याहू को लेकर क्या फैसला लेती है। हालांकि, इजरायल की सरकार ने चेतावनी दी है कि चुनाव के दौरान उसे कमजोर समझने की भूल न की जाए। वह चुनाव के बीच में भी अपने दुश्मनों पर हमला कर सकती है।
उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play