जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया ग
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार उसे कहां से मिला और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की शाम करीब 3 बजे सूचना मिली कि मुकेश सिंह सिदार (32) निवासी ग्राम ढोढ़ी टिकरा, थाना पत्थलगांव, अवैध देसी कट्टा लेकर चिड़रापारा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
तलाशी में मिला देसी कट्टा और कारतूस
गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
प्रारंभिक पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हथियार कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने देसी कट्टा कहां से प्राप्त किया। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हथियार किसी से खरीदा गया था, खुद तैयार कराया गया था या इसके पीछे कोई अवैध हथियार सप्लाई करने वाला गिरोह सक्रिय है।
एडिशनल एसपी ने कहा
एडिशनल एसपी राकेश कुमार पटनवार ने बताया कि पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.