आज का मौसम 27 फरवरी, IMD Weather Forecast Today LIVE: बुधवार को यूपी और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश हुई और हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को यूपी के कई जिलों में तापमान में गिरावट आई। इसमें मथुरा, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर शामिल हैं। 28 फरवरी को बारिश का दायरा बढ़कर प्रदेश के 35 से ज्यादा जिलों तक पहुंच सकता है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। 1 मार्च को भी बारिश के आसार बने हुए हैं, जिसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी में तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स
दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। बुधवार को राजधानी में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हवा में नमी का स्तर 59% से 86% के बीच रहा। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 247 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजधानी में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Mausam ki Jaankari LIVE: दिल्ली एनसीआर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मामूली बारिश होने से पूरे एनसीआर का मौसम सुहावना बना हुआ है।
Mausam ki Jaankari LIVE: मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी स्तर की बारिश और हिमपात होने का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इसी अवधि के लिए लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात और शिमला जिले में भारी बारिश व हिमपात होने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने ऊना और हमीरपुर जिलों में भी भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
Mausam ki Jaankari LIVE: हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का हिमपात जारी रहा, जबकि मध्यम और निचले पहाड़ी इलाकों के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई।
कश्मीर के ऊंचाई वाले अधिकतर इलाकों में बृहस्पतिवार को मध्यम से भारी हिमपात हुआ और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। सुबह कई इलाकों में हिमपात हुआ। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में ताजा हिमपात हुआ जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल गए। बांदीपोरा में राजदान टॉप एवं गुरेज, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में साधना टॉप, हंदवाड़ा एवं कुपवाड़ा और शोपियां में मुगल रोड पर भी ताजा हिमपात हुआ। इसके अलावा ऊंचाई वाले जिन अन्य इलाकों में हिमपात हुआ, उनमें जोजिला दर्रा, सिंथन टॉप और अमरनाथ गुफा शामिल हैं।
उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के साथ ही पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में बुधवार को हल्की वर्षा हुई। वहीं, गुजरात समेत पश्चिम और दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में गर्मी महसूस की गई। इन राज्यों में दिन के समय अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री तक ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
बिहार में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। फरवरी में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और ज्यादा हो सकता है।
उत्तराखंड के चारधाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट आई है। बर्फबारी के कारण तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 28 फरवरी से 1 मार्च तक हवा का स्तर सामान्य रहेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह सामान्य से खराब स्तर के बीच बना रह सकता है। बुधवार को हवाएं 8 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। 27 फरवरी को यह 8 से 20 किमी प्रति घंटे, 28 फरवरी को 16 से 22 किमी प्रति घंटे और एक मार्च को 10 से 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है, जबकि निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है।
दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे खराब (260) श्रेणी में दर्ज किया गया।
राजस्थान के कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए है। मौसम विभाग के मुताबिक यह एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से है। वैसे तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। आज से प्रदेश के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और बारिश का मौसम बनने वाला है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
मध्य प्रदेश में दिन में तेज धूप की वजह से दिन के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। रात का तापमान अब भी स्थिर है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान रतलाम में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में अगले कुछ दिनों में तापमान में इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की भी संभावना है। गर्मी भी बढ़ेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ आंधी-तूफान और भारी वर्षा/बर्फबारी होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे), गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आंधी तूफान की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी के बाद सोनमर्ग का पूरा इलाका बर्फ की चादर से ढका हुआ नजर आया।
https://twitter.com/AHindinews/status/1894644007348965442
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 26 फरवरी से 1 मार्च तक भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी है। इसके कारण यातायात और अन्य सेवाएं प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है। ऊंचे क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला और कांगड़ा सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। बर्फबारी और बारिश के कारण प्रदेश में शीतलहर फिर से बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में 11 डिग्री तक की गिरावट आई है।
जम्मू-कश्मीर में इन दिनों शीत लहर की स्थिति है। तेज हवाओं, बारिश और बर्फबारी के चलते मौसम काफी ठंडा हो गया है।
अगले 2-3 दिनों के दौरान लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है।
प्रयागराज के मौसम की बात की जाए तो आज महाशिवरात्रि के दिन यहां मौसम साफ रहने और अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, 27 फरवरी को भी मौसम साफ रहने और अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान बुधवार को सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक, 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पालम वेधशाला ने रात का तापमान मौसम के औसत से 4.5 डिग्री अधिक, 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बूंदाबांदी होने तथा बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है। दिल्ली में सुबह एक्यूआई 221 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में जम्मू क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश में 27 फरवरी, 2025 को गरज के साथ आंधी-तूफान और भारी वर्षा/बर्फबारी होने के संभावना है।
दिल्ली में दिन का तापमान बढ़ रहा है। 26-27 फरवरी को हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तापमान कम होने की संभावना है।
मुंबई में इन दिनों मौसम गर्म है, लगातार चार दिनों से तापमान 37°C से अधिक बढ़ रहा है। जिससे गर्मी और उमस की स्थिति बनी रहेगी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में लू की चेतावनी जारी की गई है। कोंकण और गोवा सहित मुंबई, तटीय कर्नाटक और केरल में लू की चेतावनी जारी की गई है। 3 दिन बाद तापमान में गिरावट हो सकती है।
यूपी में 27 फरवरी से अगले तीन दिन 1 मार्च को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान का जताया है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों संभागों के कई जिलों में झमाझम बारिश होगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
महाराष्ट्र और गुजरात में दिन का तापमान बढ़ सकता है। मुंबई और अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होगी। हालांकि, सुबह और शाम का मौसम सुहावना बना रहेगा।
असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में मौसम साफ रहने की संभावना है लेकिन ठंड का हल्का असर अभी भी बना रहेगा। कोलकाता में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है, जहां न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। चेन्नई और बेंगलुरु में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान थोड़ा कम बना रहेगा। इन शहरों में दिन का तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।