आज की ताजा खबर दिल्ली इलेक्शन (Aaj Ki Taaja Khabar), दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग हिंदी न्यूज़ LIVE Updates:
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान जारी है। राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 सीटों पर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। दिल्ली के करीब 1.56 करोड़ वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और करीब 700 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। परिणाम 8 फरवरी को घोषित होगा। आम आदमी पार्टी जहां तीसरी बार सत्ता हासिल करने की लड़ाई में जुटी है तो वहीं बीजेपी-कांग्रेस भी दिल्ली की गद्दी कब्जाने की जद्दोजहद में है। बीजेपी 25 साल से ज्यादा समय से सत्ता से बाहर है। वहीं कांग्रेस आम आदमी पार्टी से पहले 15 साल सत्ता में रही, लेकिन पिछले दो चुनावों में पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं रही है। राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 35,626 दिल्ली पुलिस के जवान और 19,000 होमगार्ड तैनात किए हैं। लगभग 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान पुलिस टीम ड्रोन से भी निगरानी रखेगी।
उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर आरक्षित विधानसभा सीट वोटिंग जारी है। यहां राज्य की सत्तारूढ़ बीजेपी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के लिए नाक की लड़ाई है। इसके लिए दोनों ही पक्षों की ओर से इतना ज़ोरदार चुनाव प्रचार हुआ है कि दिल्ली से छपने वाले कथित राष्ट्रीय अख़बारों में भी वो सुर्ख़ियां बनता रहा। अयोध्या ज़िले और फ़ैज़ाबाद लोकसभा सीट के तहत आने वाली मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर वैसे तो दस उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुक़ाबला बीजेपी के उम्मीदवार चंद्रभान पासवान और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद के बीच है। अजीत प्रसाद इस सीट से पूर्व विधायक रहे अवधेश प्रसाद के बेटे हैं। अवधेश प्रसाद अब फ़ैज़ाबाद सीट से सांसद हैं। पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने फ़ैज़ाबाद सीट से चुनाव जीता, तो बीजेपी में हड़कंप मच गया। उसकी दो वजह रही… एक तो पिछले साल जनवरी में राम मंदिर बनने के तीन महीने बाद हुए इस चुनाव में अयोध्या-फ़ैज़ाबाद इलाके में बीजेपी के लिए चुनाव हारना एक बड़ा झटका था, जिससे वो अभी तक उबर नहीं पाई है और दूसरा एक सुरक्षित सीट से अखिलेश यादव ने दलित उम्मीदवार को उतारा और जीत हासिल कर ली। यही वजह है कि मिल्कीपुर सीट को जीतकर बीजेपी उस हार का बदला लेने की जीतोड़ कोशिश कर रही है। मिल्कीपुर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। बीजेपी और सपा दोनों के ही उम्मीदवार अनुसूचित जाति से जुड़े पासी समुदाय से आते हैं, जिसकी इस सीट पर अच्छी ख़ासी तादाद है।
पीएम मोदी आज आ रहे महाकुंभ
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रयागराज आ रहे हैं। उनके संगम स्नान का महत्व अति महत्वपूर्ण है। आध्यात्मिक महत्व यह है कि वह माघ की अष्टमी को पुण्य काल में त्रिवेणी में स्नान करेंगे। उसी समय दिल्ली विधानसभा चुनाव और अयोध्या के मिल्कीपुर में उपचुनाव के लिए मतदान का राजनीतिक मुहूर्त भी चल रहा होगा। बता दें, पीएम मोदी ऐसे वक्त प्रयागराज आ रहे हैं जब महाकुंभ में मची भगदड़ को लेकर संसद से लेकर सड़क तक राजनीति गरमाई हुई है। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संगम में डुबकी से बीजेपी को आशीर्वाद मिल सकता है, जो दिल्ली से अयोध्या तक पार्टी के हिंदुत्व और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडे को काफी कुछ अभिसिंचित कर सकती हैं, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की संगम से दूरी के भी निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: यूपी की मिल्कीपुर सीट पर बीजेपी और सपा में कांटे का मुकाबला
Election Delhi LIVE: नई दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने सुबह-सुबह मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक मतदाता होने के नाते मैंने देखा है कि कौन सा विधायक मेरे निर्वाचन क्षेत्र में काम करेगा, कौन सी पार्टी अच्छी सरकार बनाएगी। जब मैं बूथ पर था, तो मैं सिर्फ एक मतदाता था। मतदाताओं ने अपना मन बना लिया है और लोग दिल्ली को बनाने वाली महिला को याद कर रहे हैं।
Delhi Election LIVE: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने वोट डालने के बाद कहा,’दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी। दिल्ली की जनता विकसित दिल्ली के लिए वोट करने जा रही है। दिल्ली में अपनी हार स्वीकार कर अरविंद केजरीवाल गुंडागर्दी कर रहे हैं। कल सीएम आतिशी का सहयोगी 5 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया और उसके साथ पकड़ा गया ड्राइवर दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में कार्यरत है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली में आम आदमी पार्टी जहां तीसरी बार सत्ता हासिल करने की लड़ाई में जुटी है तो वहीं बीजेपी-कांग्रेस भी दिल्ली की गद्दी कब्जाने की जद्दोजहद में है। बीजेपी 25 साल से ज्यादा समय से सत्ता से बाहर है। वहीं कांग्रेस आम आदमी पार्टी से पहले 15 साल सत्ता में रही, लेकिन पिछले दो चुनावों में पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं रही है।