आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: कांग्रेस 3 जनवरी यानी आज सभी ब्लॉक, जिलों और राज्यों में ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान’ शुरू करने के लिए तैयार है। अभियान का समापन 26 जनवरी को मध्य प्रदेश के महू में एक सार्वजनिक रैली के साथ होगा। इस अभियान को आयोजित करने का फैसला 26 दिसंबर को बेलगावी में सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में लिया गया था। सीडब्ल्यूसी ने अपने प्रस्ताव में कहा था कि कांग्रेस संविधान और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस महीने के दौरान हर एक ब्लॉक, जिले और राज्य में रैलियां और मार्च आयोजित किए जाएंगे। सीडब्ल्यूसी ने कहा कि यह पदयात्रा रिले के रूप में गांव-गांव, बस्ती-बस्ती तक होगी।
पीएम मोदी कई परियोजनाओं की देंगे सौगात: पीएम मोदी दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विकास परियोजनाएं फिर से चर्चा में आ गई हैं। पीएमओ ने एक बयान में कहा कि मोदी नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला रखेंगे। शुक्रवार को मोदी दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इसमें पहली तो नौरोजी नगर में डब्ल्यूटीसी और सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास है।
देश-दुनिया से जुड़ी तमाम बड़ी अपडेट्स के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
दिल्ली की सीएम आतिशी के बयान पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि कल दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जो शब्द इस्तेमाल किए वो एक आतंकवादी के थे। शिवराज सिंह चौहान जैसे वरिष्ठ नेता के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करना इस लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। वो सीएम हैं और उन्हें शब्दों का सही तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आप किसी व्यक्ति को आतंकवादी कहकर संबोधित करते हैं तो ये आपकी मानसिकता को दर्शाता है। हम सब कहते हैं कि लोकतंत्र मजबूत है, अब अगर कोई कुछ कहता है तो वो उसकी मानसिकता, उसकी भाषा, उसका अंदाज, उसका चरित्र, उसका चेहरा होता है। हम सब मां भारती की सेवा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 में विकसित भारत के संकल्प के लिए समर्पित हैं।
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयंसेवकों और BPSC उम्मीदवारों के साथ, ठंड के मौसम में पटना के गांधी मैदान में विरोध प्रदर्शन जारी है।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिल्ली की आप सरकार पर किसानों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ न देने का आरोप लगाने पर कहा कि दिल्ली के लोगों ने केंद्र में भाजपा को चुना है, चाहे हम इसे पसंद करें या नहीं और उनके द्वारा लागू की गई योजनाओं पर उनका अधिकार है। केंद्र की योजनाओं को लागू करना दिल्ली सरकार का कर्तव्य है।