आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: खबरों के लिहाज से आज का दिन अहम है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैबिनेट की बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें बिजली के मुद्दे पर कैबिनेट की मुहर लगेगी। वहीं आज उत्तराखंड कैबिनेट की अहम बैठक होगी। इसमें योग नीति और महिला नीति के प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं आज दिल्ली में बिहार चुनाव को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान कांग्रेस और आरजेडी के बीच बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग पर कोई फैसला लिया जा सकता है। बता दें कि बिहार कांग्रेस के नेता करीब 70-90 सीटों तक की मांग कर रहे हैं।
Weather Forecast LIVE Updates
दूसरी ओर हाल ही में अहमदबाद का कांग्रेस राष्ट्रीय अधिवेशन खत्म होने के बाद एक बार फिर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी गुजरात के दौरे पर होंगे। यहां वे अहमदाबाद में पर्यवेक्षकों की बैठक में हिस्सा लेंगे। बता दें कि आजादी के इतिहास में पहली बार केंद्र और राज्य के पर्यवेक्षक मिलकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तय करेंगे।
देश-विदेश की सभी अहम खबरों के लाइव अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग के साथ…
एल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले के साथ बैठक के दौरान व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि तीन लोगों की वजह से लाखों लोग मारे गए हैं, जिसमें पुतिन नंबर वन, दूसरे पर जो बाइडेन हैं, जिन्हें पता ही नहीं था कि वे क्या कर रहे हैं। तीसरे नंबर पर जेंलेंस्की हैं। मैं बस इतना ही कर सकता हूं कि इसे रोकने की कोशिश करूं। मैं हत्या को रोकना चाहता हूं, मुझे लगता है कि हम इस मामले में अच्छा कर रहे हैं।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मंगलवार सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और इसके बाद वह सीधे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जून खड़गे के आधिकारिक आवास पर जाकर खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के अहम मसलों में चुनाव से पहले की रणनीति और साथ चुनाव लड़ने पर उठ रही धुंध छांटने की कोशिश होगी।