हाल के वर्षों में भारत घूमने आए विदेशी पर्यटक यहां बसने वाले भारतीय परिवारों की गर्मजोशी और मजबूत रिश्तों को लेकर काफी इंप्रेस दिखते हैं। अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया से आए कई लोग कहते हैं कि भारतीय परिवारों में बुजुर्गों का सम्मान, बच्चों की देखभाल और आपसी एकजुटता उन्हें अपने देशों की न्यूक्लियर फैमिली से बहुत अलग लगती है। त्योहारों में पूरा परिवार इकट्ठा होना, घर का बना खाना और बिना रिश्ते के भी मेहमाननवाजी उन्हें गहरी छाप छोड़ती है। इसी कड़ी में अब एक इटैलियन महिला की प्रतिक्रिया भी शामिल हो गई है, जिसने भारतीय परिवार में शादी करने के बाद 3 हैरान कर देने वाली चीजों के बारे में बताया है।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @chrissyvarughese नामक हैंडल से शेयर किया गया है। "भारतीय परिवार में शादी करने के 3 आश्चर्य" शीर्षक वाले एक इंस्टाग्राम वीडियो में क्रिसी वर्गीज ने कहा कि, 'जब मेरी शादी एक भारतीय परिवार में हुई, तो मुझे पता था कि यहां परंपराएं, उत्सव और ढेर सारा खाना होगा। मैं एक इटैलियन परिवार में पली-बढ़ी हूं, इसलिए मुझे बड़े भोज और उससे भी बड़े व्यक्तित्वों की आदत थी। लेकिन इन तीन चीजों की मुझे उम्मीद नहीं थी।'
क्रिसी वर्गीज ने कहा कि, 'पहली बात तो यह है कि आपको कभी भूखा रहने की इजाजत नहीं होती। मुझे पता था कि भारतीय परिवार अपनी मेहमाननवाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन खाने-पीने के इस स्तर के लिए मैं तैयार नहीं थी। जैसे ही आप खाने की पहली भरी हुई थाली खत्म करते हैं, आपकी थाली में तीन और परोस दी जाती हैं। मैंने यह सीख लिया है कि— मेरा पेट भर गया है!! कहना अब कोई मायने नहीं रखता।'
वे बोलीं कि, वह इस बात से हैरान थीं कि रसोई में मदद का बिल्कुल भी स्वागत नहीं किया जाता था, जो कि एक इटैलियन किचन से बिल्कुल अलग था। जहां तक भोजन तैयार करने की बात है तो उनका कहना था कि, 'रसोई में मदद करना हमेशा स्वागत योग्य नहीं होता। यह मामला बिल्कुल अलग था। मेरे परिवार में, अगर मेहमान आते हैं, तो हर कोई रसोई में मदद करता है। लेकिन मैंने अपने पति के परिवार में सीखा है कि अगर मेहमान आते हैं, तो मेहमान मेहमान ही होते हैं। बैठिए और आनंद लीजिए।'
अंत में इटैलियन महिला ने जाना कि भारतीय लोग ज्यादातर समय सीधे-सादे होते हैं और अपने मन की बात कह देते हैं। उनका कहना था कि, "मैंने जल्दी ही सीख लिया कि भारतीय परिवारों में, वे आपको सीधे-सीधे बता देते हैं कि वे क्या सोच रहे हैं। 'तुम्हें अपनी भौहें ठीक करवानी चाहिए,' 'मुझे तुम्हारे लहंगे के साथ वो गहने पसंद नहीं आ रहे।' पहले तो मुझे लगा, अरे, क्या हम लड़ रहे हैं? लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ, नहीं, यह तो बस एक सामान्य बातचीत है।" उनका कहना था कि, 'लेकिन सच कहूं तो, एक अलग पारिवारिक संस्कृति में स्वागत किए जाने से मैंने बहुत कुछ सीखा है, और मैं इसे या अपने पति को किसी भी चीज के लिए नहीं बदलूंगी।'
आखिरी अपडेट के अनुसार, वीडियो को 4.1 लाख से अधिक बार देखा जा चुका था और सैकड़ों कमेंट्स मिले थे। एक यूजर ने लिखा कि, 'मैं एक इटैलियन हूं और एक भारतीय लड़के को डेट कर रही हूं। ये तो कमाल का कॉम्बिनेशन है।'
दूसरे ने लिखा कि, 'आप इन सभी बातों में बिल्कुल सही हैं।'
तीसरे व्यक्ति ने टिप्पणी की, 'हां, हम ईमानदार हैं। किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं है; यही हम भारतीयों का आपसी मेलजोल का तरीका है। भोजन करते समय इस तरह से खाना खाना कि आंटियां आपको इतना न खिला दें कि आप बेहोश हो जाएं, एक कला है और इसके लिए कुशल रणनीति की आवश्यकता होती है। पहली बार खाना परोसना एक अभ्यास होता है, इसलिए उसी के अनुसार योजना बनाएँ। लेकिन परिवार के लिए, वे लोग आपके लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।'
चौथे व्यक्ति ने कहा, 'मुझे लोगों के घरों में खाना खाने से मना करने पर डांट पड़ती थी और बड़े होने पर भी खाना खाने से मना करने पर डांट पड़ती है। लोग यह मानते ही नहीं कि पेट भर सकता है। फिर भी, मैं अपने लोगों से इसी बात के लिए प्यार करता हूं।'
गौरतलब है कि, इससे पहले एक शख्स ने भारतीय और नॉर्वे के परिवारों के बीच अंतर का वीडियो शेयर किया था जो कि काफी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
भारत में QR पेमेंट सिस्टम देख जर्मन टूरिस्ट का दिमाग हिल गया, UPI को बताया जादू; रिएक्शन वायरल
© 2009-2026 Independent News Service. All rights reserved.