Shreeom Singh
Date: 29-10-26 18:40
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में एक बार फिर आम नागरिकों की जान गई है. यूक्रेन के ड्नीप्रो शहर के एक रेलवे स्टेशन पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने तस्वीरें और वीडियो साझा कर रूस पर निशाना साधा. उन्होंने अमेरिका, यूरोपीय संघ और G7 देशों की नीतियों पर भी सवाल उठाए.
रेलवे स्टेशन पर ड्रोन हमले से मची अफरा-तफरी
यह हमला गुरुवार सुबह ड्नीप्रो के एक व्यस्त रेलवे स्टेशन पर हुआ. उस समय प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे. ट्रेन नंबर 866 ड्नीप्रो से जापोरिजिया जाने के लिए तैयार थी, तभी एक तेज रफ्तार रूसी जेट-चालित ड्रोन प्लेटफॉर्म के पास आ गिरा.
धमाके के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. हादसे में कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
यूक्रेन की राष्ट्रीय रेलवे कंपनी उक्रजालिज्नित्सिया ने बताया कि स्टेशन के आसपास खतरे को लेकर चेतावनी जारी की गई थी. इसके बावजूद कई यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे. घटना के बाद बचाव दल और डॉक्टरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
जेलेंस्की ने दिखाई हमले की तस्वीरें, 13 मौतों की पुष्टि
हमले के कुछ घंटों बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा किए. उन्होंने बताया कि इस हमले में कम से कम 13 लोगों की जान गई है, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
ड्नीप्रो के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सैंड्र हांझा और शहर के मेयर बोरिस फिलातोव ने भी हमले से हुए नुकसान की पुष्टि की. जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और रूस पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया.
रूस पर प्रतिबंधों में ढील को लेकर G7 देशों पर भड़के जेलेंस्की
हमले के बाद जेलेंस्की ने अमेरिका, यूरोपीय संघ और G7 देशों की नीतियों पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि एक तरफ पश्चिमी देश रूस के कुछ उद्योगपतियों और ऊर्जा क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों में ढील दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ यूक्रेन में रूसी हमले जारी हैं.
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन लगातार रूस के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहा है. उन्होंने पश्चिमी देशों से अपील की कि रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं, ताकि उसकी सैन्य कार्रवाई पर दबाव बनाया जा सके.
युद्ध के बीच बातचीत की कोशिशें भी जारी
रूस और यूक्रेन के बीच हमले जारी रहने के बावजूद कूटनीतिक स्तर पर संपर्क की कोशिशें भी हो रही हैं. यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारी दाविद अराखामिया के मुताबिक, एक विशेष प्रतिनिधिमंडल रूसी कब्जे वाले ओलेश्की इलाके के लिए रवाना हुआ है. इसकी अगुवाई यूक्रेन के मानवाधिकार लोकपाल दिमित्रो लुबिनेट्स कर रहे हैं.
रिपोर्टों के अनुसार, इस इलाके में मंगलवार से युद्धविराम लागू है. यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल वहां के हालात का जायजा लेकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश करेगा.
हालांकि, ड्नीप्रो के रेलवे स्टेशन पर हुए ताजा हमले ने एक बार फिर रूस-यूक्रेन युद्ध में तनाव बढ़ा दिया है. ऐसे में दोनों देशों के बीच शांति की कोशिशें कितनी सफल होंगी, इस पर सवाल बने हुए हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें