मेरठ ब्यूरो। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के संचालित खंड के सभी स्टेशनों पर यात्रियों को एटीएम मशीन की सुविधा दी जाएगी। इससे यात्रियों को स्टेशन पर नकदी निकालने की सुविधा मिलेगी। इसी क्रम में कॉरिडोर के सभी संचालित स्टेशनों पर काफी शॉप, फार्मेसी, बुक स्टोर तक की सुविधा मिलेगी।
साहिबाबाद में पहला एटीएम
एनसीआरटीसी प्रत्येक स्टेशन परिसर में ई-लॉबी, भुगतान संग्रह बूथ आदि के लिए संभावित बैंकिंग भागीदारों के अवसर भी प्रदान कर रहा है। आईडीएफसी फस्र्ट बैंक समूह के साथ रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत पहली एटीएम मशीन साहिबाबाद स्टेशन पर लगाई गई है, जिसकी मदद से यहाँ यात्रियों की एटीएम से नकदी प्राप्त करने की आवश्यकताओं की पूर्ति होने लगी है। इसके अलावा कॉरीडोर के सभी स्टेशनों पर एटीएम लगाए जाएंगे।
मेरठ साउथ पर जल्द मिलेगी सुविधा
इसी क्रम में गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुराद नगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ और मेरठ साउथ स्टेशनों पर भी जल्द ही एटीएम की सुविधा उपलब्ध होगी। इन स्टेशनों पर एटीएम लगाने के लिए विभिन्न बैंकों के साथ साझेदारी की प्रक्रिया चल रही है। जैसे जैसे यह प्रक्रिया पूर्ण होती जाएगी वैसे वैसे यात्रियों के लिए लिए सभी स्टेशनों पर एटीएम की सुविधा मिलने लगेगी।
कॉफी शॉप और फार्मेसी की सुविधा
एनसीआरटीसी सभी स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अनेक उपायों को अपना रहा है जिसके अंतर्गत स्टेशनों के पेड और अनपेड एरिया, दोनों जगहों पर अनेक प्रकार के आउटलेट्स स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें फास्ट फूड से लेकर फैसिलिटी स्टोर, कॉफी शॉप, फ़ार्मेसी, रिफ्र शमेंट आउटलेट और यहां तक कि बुकस्टोर व लाइफस्टाइल उत्पाद आउटलेट भी शामिल किए जाएंगे।
82 किमी लंबे कॉरीडोर पर 9 स्टेशन
गौरतलब है कि दिल्ली से मेरठ तक 82 किमी लंबे निर्माणाधीन आरआरटीएस कॉरिडोर के 42 किमी के खंड में नमो भारत ट्रेन सेवाएँ संचालित हो चुकी हैं। इस खंड में साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुराद नगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ और मेरठ साउथ कुल 9 स्टेशन हैं। इसके अतिरिक्त साहिबाबाद से आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशन के बीच नमो भारत ट्रेनों का ट्रायल रन जारी है और जल्द ही दिल्ली के इन दोनों स्टेशनों पर भी नमो भारत ट्रेन सेवाएँ शुरू हो जाएंगी। इस खंड के जुडने से आरआरटीएस के संचालित खंड की लंबाई बढक़र 54 किमी हो जाएगी।
Copyright © 2024. All Rights Reserved