कुशीनगर के हाटा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर 11 के पटनी टोला कारखाना में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप चबूतरे के अभाव में अनुपयोगी साबित हो रहा है। हैंडपंप चालू होने के बावजूद उसके चारों ओर पक्का चबूतरा न होने से पानी भरने में कठिनाई हो रही है। इसके चलते आसपास कीचड़ और गंदगी फैल रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि चबूतरे के अभाव में फिसलने का खतरा बना रहता है, साथ ही जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। यह स्थिति पेयजल सुविधा को प्रभावित कर रही है, जिससे विशेषकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटनी टोला कारखाना निवासी शौकत, अमानत, वीरेंद्र, नन्नू मणी, हरगोविंद मणी और अन्य ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय सभासद अमित मणि से शिकायत की थी। सभासद ने एक सप्ताह के भीतर चबूतरा बनवाने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, एक माह बीत जाने के बाद भी चबूतरा निर्माण का कोई कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन की उपेक्षा के कारण यह समस्या बनी हुई है और पेयजल की सुविधा प्रभावित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल चबूतरा निर्माण कराने और हैंडपंप के आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका उद्देश्य है कि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.