कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इजरायल के साथ भारत के रिश्तों और गाजा में जारी संघर्ष को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि भारत के इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं और वह उससे हथियार भी खरीदता है, जो अच्छी बात है. हालांकि, राहुल गांधी ने अक्टूबर में हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि वह बेहद भयावह थी और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था. इसके साथ ही उन्होंने गाजा में जो कुछ हो रहा है, उसकी भी निंदा की.
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, ‘इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं. हम इजरायल से हथियार खरीदते हैं और यह अच्छी बात है. मैं अक्टूबर में जो हुआ, उसकी निंदा करता हूं. मुझे लगता है कि वह बेहद भयावह था. ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था. लेकिन गाजा में जो हो रहा है, मैं उसकी भी निंदा करता हूं.’
चुनाव के बहिष्कार के पक्ष में नहीं विपक्ष
इससे पहले अमेरिका के इलिनॉय स्थित शिकागो विश्वविद्यालय में ‘द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड’ कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने भारत की चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी अपनी बात रखी थी. राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगी, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को उजागर करती रहेंगी.
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता, जिससे लोगों की नजर में चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़ा हो और भारतीय लोकतंत्र की व्यवस्था कमजोर हो. उनके मुताबिक, विपक्ष चुनाव नहीं लड़ने का फैसला नहीं कर सकता, क्योंकि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा.
उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को सामने लाने और इस मुद्दे को जनता तक पहुंचाने की है. विपक्ष तब तक यह मुद्दा उठाता रहेगा, जब तक लोगों को यह समझ नहीं आ जाता कि व्यवस्था में क्या हो रहा है.
चुनाव आयोग के अधिकारियों का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर से भी विपक्ष को जानकारी मिल रही है. उनके मुताबिक, आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी कह रहे हैं कि वे अब इस तरह काम नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि यह एक लंबी प्रक्रिया रही है और उन्हें भरोसा है कि चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियां सामने आएंगी.
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष गैर-लोकतांत्रिक भारत को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है. यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के बड़ी संख्या में लोगों की इच्छा है. विपक्ष चाहता है कि लोग बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें और लोकतंत्र में उनकी यह ताकत फिर से मजबूत हो.
आशुतोष प्रताप सिंह ABP न्यूज़ डिजिटल की न्यूज़ टीम का हिस्सा हैं. नेशनल और इंटरनेशनल खबरें करते हैं. ब्रेकिंग न्यूज पर फोकस रखते हैं. राजनीति, चुनाव, खेल, राष्ट्रीय घटनाक्रम और सामाजिक मुद्दों पर गहरी समझ रखते हैं. करीब 8 वर्षों का पत्रकारिता में अनुभव है. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से ताल्लुक रखने वाले आशुतोष ने जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से रेडियो एवं टीवी जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है.
Mail Id- ashutoshsingh0218@gmail.com
X- https://x.com/ashupratap18
Facebook- https://www.facebook.com/share/1FBaHxEvc6/
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.