अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के 'पिकएक्स माउंटेन' परमाणु परिसर पर हमले की चेतावनी दी। …और पढ़ें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप।
ट्रंप ने ईरान के पिकएक्स माउंटेन पर हमले की चेतावनी दी।
यह परिसर भूमिगत सुरंगों में, नष्ट करना बेहद कठिन माना जाता है।
अमेरिका को यूरेनियम संवर्धन की आशंका, ईरान ने नकारा।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले ‘पिकएक्स माउंटेन’ परमाणु परिसर पर हमला करने की चेतावनी देकर तनाव और बढ़ा दिया है। ट्रंप के बयान के बाद इस रहस्यमयी परमाणु ठिकाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
अल जजीरा के अनुसार, तेहरान के दक्षिण में स्थित पिकएक्स माउंटेन परिसर में दो भूमिगत सुरंगें हैं, जिन्हें ग्रेनाइट की चट्टानों के करीब 100 मीटर नीचे बनाया गया है। माना जाता है कि इतनी गहराई में होने के कारण इस ठिकाने को नष्ट करना बेहद कठिन है और शक्तिशाली बमों से भी इसे गंभीर नुकसान पहुंचाना आसान नहीं होगा।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि ईरान यहां एक गोपनीय यूरेनियम संवर्धन केंद्र विकसित कर सकता है, जिससे उसके परमाणु कार्यक्रम को रणनीतिक बढ़त मिलेगी। हालांकि ईरान का कहना है कि इस परिसर में केवल उन्नत सेंट्रीफ्यूज के निर्माण और असेंबली का काम किया जाएगा। इस परियोजना का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने एक अमेरिकी कार्यक्रम में दावा किया कि अमेरिका पिकएक्स माउंटेन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि यदि वहां परमाणु गतिविधियों के स्पष्ट संकेत मिले तो अमेरिका कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। ट्रंप के इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।