ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि उसने अमेरिकी सेना की 'उकसावे की कार्रवाई का जवाब' दिया है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
समाप्त
चंदन कुमार जजवाड़े
इमेज स्रोत, US Central Command
ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि गुरुवार तड़के आईआरजीसी की एयरोस्पेस फ़ोर्स और नेवी के लड़ाकू विमानों ने 'हमलावर को दंड देते हुए और अमेरिकी सेना की उकसावे की कार्रवाई का जवाब' दिया है.
इसमें अली अल सलेम (कुवैत), अहमद अल जाबेर (कुवैत) और शेख़ ईसा एयर बेस (बहरीन) पर मौजूद अमेरिका के 18 अहम सैन्य ठिकानों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया.
ईरान की इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन कुवैत आर्मी के जनरल स्टाफ ने घोषणा की है कि एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन के हवाई टारगेट को इंटरसेप्ट कर रहे हैं.
एक सोशल मीडिया पोस्ट में कुवैत आर्मी ने कहा, "सभी लोगों से आग्रह है कि वे संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी किए सुरक्षा निर्देशों और गाइडलाइन का पालन करें."
कुवैत की सेना ने लोगों से आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर भरोसा करें.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, कुवैत ने ईरानी हमलों के कारण अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है.
ईरान पर ट्रंप और नेतन्याहू की रणनीति क्यों नाकाम होती दिख रही है?
इमेज स्रोत, ANI/ Rajya Sabha Secretariat
तृणमूल कांग्रेस से तीसरे राज्यसभा सांसद ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.
पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने गुरुवार को राज्यसभा चेयरमैन को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने आधिकारिक तौर पर पार्टी छोड़ी है या नहीं.
इससे पहले टीएमसी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव ने राज्यसभा से इस्तीफ़ा दिया था. उनका इस्तीफ़ा पहले ही मंज़ूर हो चुका है. ये दोनों पार्टी से भी इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
अगर प्रकाश चिक बड़ाईक का इस्तीफ़ा स्वीकार हो जाता है तो टीएमसी के राज्यसभा सांसदों की संख्या पांच रह जाएगी.
आदिवासी समुदाय से आने वाले बड़ाईक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "पश्चिम बंगाल के लोगों ने जिस तरह की राय दी है, उसको देखते हुए आज मैंने भी अपना इस्तीफ़ा दे दिया है."
बीजेपी में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''यह समय बताएगा.''
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को सौंपे गए अपने पत्र में बड़ाईक ने लिखा है, ''मेरे इस्तीफ़े को तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए."
साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान समर्थन के लिए सभापति और राज्यसभा सचिवालय का आभार भी व्यक्त किया है.
प्रकाश चिक बड़ाईक को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था.
वह संसद की उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण संबंधी संसद की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे. साथ ही वह जनजातीय मामलों की सलाहकार समिति के सदस्य भी थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि आज पुणे में प्रदर्शन के दौरान सीजेपी अपना एग्ज़ाम मेनिफ़ेस्टो जारी करेगी.
अभिजीत दीपके ने अपनी पार्टी के एक एक्स पोस्ट को शेयर किया है जिसमें कहा गया है कि यह घोषणापत्र देश में परीक्षाओं से जुड़े संकट के समाधान पर होगा.
इस प्रदर्शन के दौरान सीजेपी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को दोहराएगी.
'कॉकरोच जनता पार्टी' के 11 जून यानी आज गुरुवार को सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में एक प्रदर्शन करने जा रही है.
सीजेपी का कहना है कि यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में ज़्यादा जवाबदेही की मांग को लेकर चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान का अगला चरण होगा. इससे पहले बीते शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था.
इस विरोध प्रदर्शन के ज़रिए यह सीजेपी ‘नीट अंडर ग्रेजुएट 2026’ में पेपर लीक के साथ ही परीक्षा और भर्ती से जुड़े अन्य मुद्दों के ख़िलाफ़ भी अपनी आवाज़ उठाएगी.
'कॉकरोच जनता पार्टी' बनाने से पहले अभिजीत दीपके क्या कर रहे थे
पटना हाई कोर्ट में फ़ैज़ल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर ने एक याचिका दायर कर अपने ऊपर दर्ज एफ़आईआर को निरस्त करने की मांग की है.
दो जून को तक़रीबन साढ़े 10 बजे मुसल्लहपुर हाट स्थित ख़ान ग्लोबल स्टडीज़ पर हमला हुआ था, जिसमें कोचिंग सेंटर के गार्ड चुनचुन को चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था.
इसी दौरान के एक वायरल वीडियो में ख़ान सर के दो बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह फ़ायरिंग करते दिख रहे थे. इस वीडियो के आधार पर कदमकुआं पुलिस ने फै़ज़ल ख़ान और उनके दो बॉडीगार्ड पर एफ़आईआर दर्ज की है.
बुधवार को जस्टिस चंद्रशेखर झा की एक जज की बेंच ने ख़ान सर की याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को चार हफ़्ते के अंदर जवाब देने को कहा है.
राज्य सरकार की तरफ़ से महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) पीके शाही के सहायक अधिवक्ता प्रभु नारायण शर्मा ने पक्ष रखा.
वहीं ख़ान सर की तरफ़ से वकील अभिषेक कुमार ने उनका पक्ष रखा. इस मामले की अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी.
वहीं बेऊर जेल में बंद ज्ञान बिन्दु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद ने पटना ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में नियमित जमानत की याचिका दायर की है.
इससे पहले मंगलवार को रौशन आनंद की जमानत याचिका प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत ने रद्द कर दी थी.
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन रद्द किए जाने के फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होने वाला है. इस चुनाव का नतीजा कुछ दिन पहले तक लगभग तय माना जा रहा था. विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से बीजेपी दो सीटें और कांग्रेस एक सीट जीतती दिखाई दे रही थी.
लेकिन रिटर्निंग ऑफ़िसर ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया है.
बीजेपी ने एक शिकायत में आरोप लगाया था कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन के साथ दाखिल फॉर्म 26 में न्यायालय में कथित तौर पर लंबित एक मामले की जानकारी नहीं दी.
कांग्रेस ने इस आरोप को ग़लत बताया है और रिटर्निंग ऑफ़िसर के फ़ैसले को क़ानून के ख़िलाफ़ दिया गया फ़ैसला कहा है.
बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से राज्यसभा चुनाव के लिए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने का विरोध किया.
कांग्रेस ने कहा कि चुनाव आयोग से हर क़ानूनी पहलू के आधार पर चर्चा की गई. उन्होंने उम्मीद जताई है कि चुनाव आयोग रिटर्निंग ऑफ़िसर के फ़ैसले पर ख़ुद रोक लगाएगा.
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करते हुए ''रिटर्निंग ऑफ़िसर ने 2 और 2 पांच ही नहीं, बल्कि 7 कर दिया है.''
अभिषेक मनु सिंघवी ने चुनाव आयोग से निकलने के बाद कहा, “मीनाक्षी नटराजन के ख़िलाफ़ कोर्ट ने कोई संज्ञान नहीं लिया है, बल्कि उन्हें एक नोटिस भेजा है, जिसमें जवाब मांगा गया है कि उनके ख़िलाफ़ संज्ञान क्यों नहीं लिया जाए.”
इमेज स्रोत, ANI
उन्होंने कहा, “केजी और पहले साल के लॉ स्टूडेंट को भी पता होता है कि बिना संज्ञान के क़ानून की नज़र में कोई आपराधिक मामला बनता ही नहीं है. इसका मतलब है कि मीनाक्षी नटराजन के ख़िलाफ़ कोई मामला ही नहीं है जिसके बारे में नामांकन के वक़्त जानकारी देतीं.”
सिंघवी ने कहा, “सेक्शन 33 ए (जनप्रतिनिधित्व कानून) कहता है कि अगर संज्ञान लिया जाए तो इसके बाद जांच होगी, फिर चार्जशीट फ़ाइल की जाएगी. सेक्शन कहता है कि इसके बाद जज चार्ज फ्रेम करेंगे और जो चार्ज फ्रेम होगा उसी के बारे में जानकारी देनी होती है.”
अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि रिटर्निंग ऑफ़िसर ने संज्ञान शब्द का इस्तेमाल किया है, जबकि संज्ञान लिया ही नहीं गया है.
कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार अहम बैठक बुलाई है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के प्रभारी और राज्यों के पार्टी अध्यक्ष शामिल होने वाले है.
कांग्रेस के क़रीबी सूत्र ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया है कि यह बैठक सुबह 11:30 पर दिल्ली में होगी, जिसमें मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन रद्द किए जाने के मुद्दे पर अहम फ़ैसला हो सकता है.
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने से बीजेपी के तीनों उम्मीदवारों की जीत तय, वाक़ई कांग्रेस से चूक हुई है?
इमेज स्रोत, @Ebrahimazizi33
ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि 'हम हारने वालों से लड़ने से नहीं डरते हैं.'
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''ट्रंप के बताए आंकड़ों के मुक़ाबले मारे गए (ईरान युद्ध में) या घायल हुए अमेरिकियों की संख्या पहले ही कहीं ज़्यादा है, और यह संख्या और बढ़ेगी.''
उन्होंने लिखा, ''इस बार, यह युद्ध सिर्फ़ इसी इलाक़े (खाड़ी) तक सीमित नहीं रहेगा. देखते हैं क्या होता है.''
इससे पहले अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. ईरान में कई जगहों पर इन हमलों की आवाज़ सुनी गई है. हालाँकि हमलों से कितना बड़ा नुक़सान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
लेकिन ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना ताक़त नहीं, हताशा का प्रदर्शन है.
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है और यहां से गुज़रने की कोशिश करने वाले किसी भी पोत को निशाना बनाने की चेतावनी दी है.
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा भी किया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बहरीन के गृह मंत्रालय ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है. बहरीन के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक संदेश में नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की.
गुरुवार सुबह अमेरिकी हमलों के एक घंटे बाद, ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसियों ने देश की सेना के हवाले से कहा, "बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया है. सेना के ड्रोन हमलों में, अमेरिका के पांचवे बेड़े की पैट्रियट सिस्टम के संचार एंटेना और रडार को निशाना बनाया गया."
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए ने रिवॉल्यूशनरी गार्ड के हवाले से कहा कि अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में, उसने बहरीन में एक हवाई अड्डे और कुवैत में दो अन्य ठिकानों सहित "18 अहम ठिकानों पर हमले किए हैं.
इससे पहले अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए हैं. इसके जवाब में ईरान ने कहा है कि वह अमेरिकी हमलों के आगे नहीं झुकेगा और इसका जवाब देगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान में कई जगहों को निशाना बनाकर हमले किए हैं.
ईरान में युद्ध का प्रबंधन कर रहे खातम अल-अनबिया मुख्यालय ने अमेरिकी हवाई हमलों के नए दौर के एक घंटे बाद एक बयान जारी किया है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ उसने कहा है, "फ़िलहाल ख़तरे की वजह से होर्मुज़ स्ट्रेट को तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों सहित किसी भी प्रकार के पोत के आवागमन के लिए बंद घोषित किया जाता है, और यहां से गुज़रने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जाएगा."
इसके साथ ही आईआरजीसी नौसेना ने भी चेतावनी दी है कि फारस की खाड़ी और ओमान सागर में "कोई भी जहाज" अपने लंगर से बाहर न निकले.
फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना ने दावा किया है कि उन्होंने होर्मुज़ स्ट्रेट में दो जहाजों को निशाना बनाया है जो जलडमरूमध्य से "अवैध रूप से गुजरने का इरादा" कर रहे थे.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लिखा, "महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे लोगों की जीवन-रेखा होते हैं. ट्रांसपोर्ट से लेकर बिजली और पानी के ठिकानों को निशाना बनाने की धमकियाँ ताक़त का प्रदर्शन नहीं, बल्कि किसी देश के दृढ़ संकल्प के सामने हताशा की निशानी हैं."
उन्होंने आगे लिखा है कि ईरान अपने विशेषज्ञों की जानकारी, उनकी क्षमता, राष्ट्रीय एकता और एकजुटता के दम पर किसी भी दबाव या धमकी का डटकर सामना करेगा.
तसनीम न्यूज एजेंसी ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा, "ईरान अमेरिकी सैन्य आक्रामकता का सैन्य जवाब देगा और अमेरिकियों की धमकियों और सैन्य मूर्खता के आगे कभी भी घुटने नहीं टेकेगा."
अमेरिका ने ईरान पर फिर शुरू किया हमला, तेहरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट बंद करने की घोषणा की
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ओमान तट के पास भारतीय क्रू मेंबर्स वाले जहाज़ पर हमला, विदेश मंत्रालय ने ये बताया
उत्तराखंड: अंतरजातीय प्रेम, एक फ़ोन कॉल और दलित युवक की मौत, क्या है पूरा मामला?
'ख़ान सर' और 'रौशन सर' के बीच कितना पुराना है विवाद, दोनों के स्टूडेंट्स ने क्या कहा
'पेद्दी' फ़िल्म में जाह्नवी कपूर की भूमिका को लेकर क्यों छिड़ा है विवाद
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.