Yuvraj Singh
Date: 02-10-26 20:56
Udta Teer New Release Date: फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर दर्शकों का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया है. आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर इस फिल्म की रिलीज डेट दूसरी बार बदल दी गई है. ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर चर्चा तेज है और फैंस सिनेमाघरों में इसे देखने का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, अब उन्हें तय तारीख से थोड़ा और इंतजार करना होगा.
9 अक्टूबर को नहीं आएगी ‘उड़ता तीर’
पहले ‘उड़ता तीर’ को 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बदलकर 9 अक्टूबर कर दी गई. अब मेकर्स ने एक बार फिर रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया है. नई जानकारी के मुताबिक, आयुष्मान और सारा की यह फिल्म अब 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. यानी दर्शकों को पहले तय तारीख से करीब 15 दिन और इंतजार करना होगा.
फिल्मों के क्लैश से बचने के लिए बदली डेट
रिलीज डेट में बदलाव की एक बड़ी वजह 9 अक्टूबर को होने वाली दूसरी फिल्मों की रिलीज बताई जा रही है. इस दिन भारत की आधिकारिक ऑस्कर 2027 एंट्री ‘गोंधल’ की एक्सक्लूसिव प्रीव्यू स्क्रीनिंग भी शुरू होनी है. ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच होने वाले संभावित क्लैश को देखते हुए ‘उड़ता तीर’ के मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे खिसकाने का फैसला किया है.
बीच में रोकनी पड़ी थी फिल्म की शूटिंग
‘उड़ता तीर’ की शूटिंग से जुड़ी कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है. रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की शूटिंग 2024 में शुरू हुई थी, लेकिन पहला शेड्यूल पूरा होने के बाद इसके प्रोडक्शन पर रोक लग गई थी. कुछ समय तक फिल्म के ठंडे बस्ते में जाने की खबरें भी सामने आईं. हालांकि 2026 की शुरुआत में इस पर दोबारा काम शुरू हुआ. बताया गया कि फरवरी में आयुष्मान और सारा ने मुंबई में फिल्म का लंबा शेड्यूल शूट किया, जिसमें एक बड़े गाने का सीक्वेंस भी शामिल था.
क्या है फिल्म की कहानी?
‘उड़ता तीर’ की कहानी एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत में दाखिल होता है और एक हादसे का शिकार होने के बाद अपनी याददाश्त खो देता है. इसके बाद वह खुद को भारतीय समझने लगता है और धीरे-धीरे भारत के प्रति उसके अंदर गहरी देशभक्ति पैदा हो जाती है. फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं. करण जौहर, अपूर्व मेहता, आदर पूनावाला, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन इसके निर्माता हैं.
ये भी पढ़ें: अजय देवगन की ‘Drishyam 3’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, बनी 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें