Feedback
उत्तराखंड के पहाड़ी गांवों में आग लगने की घटना कितनी भयावह हो सकती है, इसकी तस्वीर उत्तरकाशी से सामने आई है. जिले के सीमांत विकासखंड मोरी के पंवाणी गांव में भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, 20 से ज्यादा मकान जल गए हैं और लगभग पूरा गांव इसकी चपेट में आ गया.
घटना 24 नवंबर की रात की है. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गांव से उठता धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था. घरों में रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, मकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है. आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
लोग अपने घरों से सामान निकालने और आग को दूसरे मकानों तक फैलने से रोकने की कोशिश में जुट गए. लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ती रहीं. घटना के करीब पांच घंटे बाद टीम की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका.
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में हादसा: 10वीं मंजिल के फ्लैट में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने मछलियों को भी बचाया
गांव के कई घरों से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दे रही थीं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग ने एक के बाद एक कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया. अभी तक नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है.
दुर्गम रास्ते बने राहत-बचाव में चुनौती
पंवाणी गांव उत्तरकाशी के सीमांत मोरी क्षेत्र में स्थित है. यहां की भौगोलिक परिस्थितियां राहत और बचाव कार्य को मुश्किल कर रही थीं. दुर्गम रास्तों की वजह से फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमों को मौके तक पहुंचने में भी मुश्किल हुई. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम को गांव के लिए रवाना कर दिया गया. आग लगने की वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है. प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी. घर जलने से प्रभावित परिवारों के नुकसान का वास्तविक आंकड़ा राहत-बचाव कार्य और प्रशासनिक आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. आग लगने की वजह और कुल नुकसान को लेकर प्रशासन की तरफ से डिटेल का इंतजार है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू