उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव- 136 कॉलेजों में वोटिंग जारी: 80 हजार स्टूडेंट चुन रहे नेता; DAV और MBPG में रोचक … – Dainik Bhaskar

उत्तराखंड में आज छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं। प्रदेश के 136 परिसरों में सुबह से छात्र-छात्राएं अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। इनमें 119 राजकीय महाविद्यालय, 14 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालय और तीन विश्वविद्यालय परिसर शामिल हैं।
तीनों विश्वविद्यालयों से संबद्ध कॉलेजों में 80 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं मतदान के लिए पंजीकृत हैं। मतदान के बाद दोपहर से मतगणना शुरू होगी और ज्यादातर कॉलेजों में देर शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। बड़े कॉलेजों में वोटों की संख्या ज्यादा होने के कारण परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।
छात्राओं के लिए 50% पद आरक्षित,
इस बार छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50% पद आरक्षित किए गए हैं। राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की संख्या करीब 66% से ज्यादा होने के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है। आरक्षण के चलते कई कॉलेजों में प्रत्याशियों के चयन और चुनावी समीकरण में बदलाव देखने को मिला।
देहरादून DAV- अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी
देहरादून के DAV PG कॉलेज में अध्यक्ष पद पर इस बार चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ABVP से नवदीप राणा, NSUI से सौरभ सेमवाल, आर्यन छात्र संगठन से अमित सिंह और निर्दलीय तान्या चुनाव लड़ रही हैं। कॉलेज में छह पदों के लिए कुल 29 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। अध्यक्ष पद के अलावा सचिव और अन्य पदों पर भी मुकाबला है।
हल्द्वानी MBPG- ABVP, NSUI और बागी निर्दलीय आमने-सामने
कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेजों में शामिल MBPG कॉलेज हल्द्वानी में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है। ABVP से धीरज बिष्ट, NSUI से मेहुल शाह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल मैदान में हैं। आर्यन बेलवाल पहले ABVP से जुड़े रहे हैं और टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कॉलेज में नौ पदों के लिए 74 प्रत्याशी मैदान में हैं।
MBPG में मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है। छात्राओं के लिए 10 और छात्रों के लिए 8 मतदान बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर CCTV से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
रुड़की से लेकर हरिद्वार तक भी चुनावी मुकाबला
रुड़की के कॉलेजों में भी ABVP और NSUI के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कन्हैया लाल PG कॉलेज में चुनाव को लेकर परिसर में चुनावी रंग चढ़ा हुआ है। हरिद्वार के राजकीय महाविद्यालय भूपतवाला में ABVP ने अध्यक्ष पद पर सनी शर्मा समेत अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। यहां भी 29 सितंबर को मतदान हो रहा है।
मसूरी के MPG कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान विवाद हुआ था। ABVP के तीन प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त होने के बाद हंगामा हुआ। बाद में कॉलेज प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच बातचीत के बाद 29 सितंबर को मतदान कराने पर सहमति बनी।
सुरक्षा पर प्रशासन की नजर
चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए कॉलेज परिसरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर छात्रों की पहचान की जांच की जा रही है। संवेदनशील कॉलेजों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की नजर खासतौर पर उन परिसरों पर है जहां चुनाव प्रचार के दौरान छात्र गुटों के बीच विवाद सामने आए थे। MBPG में नामांकन के दौरान भी छात्र गुटों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी थी।
मतदान खत्म होने के बाद दोपहर से मतगणना शुरू होगी। छोटे कॉलेजों में परिणाम जल्दी घोषित हो जाएंगे, जबकि DAV और MBPG जैसे बड़े कॉलेजों में ज्यादा मतदाताओं के कारण मतगणना में समय लगेगा। देर शाम से देर रात तक प्रदेशभर में छात्रसंघ के नए अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की तस्वीर साफ होने लगेगी।
हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News