रायबरेली के छतोह विकास क्षेत्र के एस डी पांडेय इण्टर कॉलेज, डीघा में 15 दिवसीय ‘हिंदी पखवाड़े’ का समापन हो गया। 14 सितंबर को ‘हिंदी दिवस’ से शुरू हुआ यह आयोजन 30 सितंबर बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ खत्म हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।
पखवाड़े के दौरान कई रचनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रम हुए। इनमें “हिंदी भाषाः वरदान या अभिशाप” विषय पर विचार प्रस्तुति, काव्यपाठ, और “हिंदी के स्थानीय कवि मलिक मोहम्मद जायसी” व “गोस्वामी तुलसीदासः व्यक्तित्व एवं कृतित्व” पर परिचर्चा शामिल थी। भजन-लोकगीत गायन और सुलेख प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. हरेराम पांडेय ने विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए। इस मौके पर प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक और कॉलेज स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका रेखा मौर्य, शिक्षक सोमदेव शर्मा और हिंदी प्रवक्ता रविकांत का खास योगदान रहा। मंच संचालन छात्रा अंशिका पाल, साक्षी गौतम, कृतिका यादव और सुप्रिया तिवारी ने किया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.