Yuvraj Singh
Date: 05-10-26 17:17
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ ऑटो में जाते हुए पकड़ लिया. पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति ने दोनों को ऑटो से नीचे उतार लिया और कथित तौर पर उनकी पिटाई शुरू कर दी. घटना राजा का ताल के पास हुई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों को समझाने का प्रयास किया.
गुरुग्राम में रहने के दौरान पत्नी के संपर्क में आया युवक
बताया जा रहा है कि युवक एका थाना क्षेत्र का रहने वाला है और करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी. उसका एक बेटा भी है. युवक गुरुग्राम में रहकर मजदूरी करता था और शादी के बाद पत्नी को भी अपने साथ गुरुग्राम ले गया था. पति का आरोप है कि वहीं रहने के दौरान उसकी पत्नी राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास निवासी एक युवक के संपर्क में आई. कुछ समय बाद पत्नी उसे छोड़कर कथित तौर पर प्रेमी के साथ चली गई और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी. पति के मुताबिक वह काफी समय से पत्नी की तलाश कर रहा था.
ऑटो में साथ जाते देख पति ने दोनों को पकड़ा
युवक को जब पत्नी के फिरोजाबाद में होने की जानकारी मिली तो वह वहां पहुंच गया. रविवार दोपहर राजा का ताल के पास उसने पत्नी और उसके प्रेमी को एक ऑटो में साथ जाते हुए देख लिया. इसके बाद उसने दोनों को ऑटो से नीचे उतारकर उनके साथ मारपीट की और पत्नी को अपने साथ ले जाने की कोशिश की. हालांकि महिला ने पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया. घटना के कारण सड़क पर काफी देर तक हंगामा होता रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
पुलिस ने तीनों को थाने बुलाया
पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को थाने ले गई. इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलाया गया. महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता था. महिला का आरोप है कि पति शराब के लिए बाइक और अन्य सामान तक बेच चुका है, इसलिए उसने उसके साथ वापस जाने से इनकार कर दिया. फिलहाल पुलिस परिजनों की मौजूदगी में मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढ़ें: ‘दृश्यम’ देखकर रची पिता की हत्या की साजिश, एक फोन कॉल ने बेटे को पहुंचाया जेल, जानें पूरा मामला
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें