सिटी रिपोर्टर|भभुआ
चैनपुर थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान फकराबाद गांव निवासी शिवकुमार बिंद के 30 वर्षीय पुत्र राजेश प्रसाद बिंद के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि राजेश प्रसाद बिंद बुधवार शाम अपने घर से गाय चराने के लिए गांव की उत्तर दिशा की ओर गया था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पास बिजली का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा था। गाय चराने के दौरान वह अनजाने में टूटे तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में भी गंभीर चोट लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, भभुआ लाया गया। अस्पताल में चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से उसे इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे। रास्ते में चंदौली के समीप उसकी मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुरुवार को शव का पंचनामा किया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
राजेश परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था: मृतक के पिता शिवकुमार बिंद ने बताया कि राजेश परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। वही पूरे परिवार का सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उन्होंने कहा कि बेटा ही उनके बुढ़ापे का सहारा था। भगवान ने उसे उनसे छीन लिया। मृतक अपने पीछे पत्नी मनसा देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गया है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई। बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि राजेश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.