Rashmi Singh
Date: 18-10-26 14:17
Kolkata Stampede: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया है. हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है, जबकि कई लोग घायल हैं. इस घटना के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार, 18 अक्टूबर को कोलकाता के अपोलो अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती घायलों से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
Kolkata Pandal Stampede: HM Amit Shah, Suvendu Adhikari Meet Injured at Apollo Hospital |Bengal News #amitshah #kolkata #durgapuja #bengalnews #suvenduadhikari #apollo #live https://t.co/Ach41RCBeh
अमित शाह ने डॉक्टरों से ली घायलों की स्थिति की जानकारी
अस्पताल में अमित शाह ने घायलों और उनके इलाज से जुड़ी जानकारी हासिल की. उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि मरीजों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके उपचार में किसी तरह की कमी न रहे. इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे. हादसे की गंभीरता को देखते हुए शाह ने राज्य में अपने निर्धारित राजनीतिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए.
कालीघाट मंदिर में किए मां काली के दर्शन
अस्पताल पहुंचने से पहले अमित शाह ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने मां काली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और देश तथा राज्य की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की. हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और प्रभावित परिवारों के लिए भी उन्होंने प्रार्थना की. घायलों से मुलाकात के बाद उनके रविवार को ही दिल्ली लौटने का कार्यक्रम बताया गया.
दुर्गा पूजा पंडाल में कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा शनिवार शाम महासप्तमी के दिन उत्तरी कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में हुआ. मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. इसी दौरान तेज बारिश और भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई. घटना में कई लोग घायल हुए और बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 19 हो गई. हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
नितिन नबीन ने जताया दुख
कोलकाता हादसे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी दुख जताया. उन्होंने कहा कि बंगाल में दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच हुई यह घटना सभी के लिए बेहद दुखद है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. नबीन ने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हिम्मत मिले, इसके लिए वह प्रार्थना करते हैं.
टीएमसी ने प्रशासन की विफलता पर उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने हादसे को प्रशासन की विफलता बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की. उन्होंने कहा कि राहत और इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है, लेकिन संबंधित पूजा समिति की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. घोष ने मृतकों के पोस्टमार्टम और उनके परिवारों को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में परेशानी न होने देने की मांग की.
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किए जाने पर भी सवाल उठाए. घोष के मुताबिक, जब घायलों का इलाज शुरू हो चुका था, तो उन्हें दूसरे अस्पतालों में भेजने की जरूरत क्यों पड़ी, इसकी जानकारी सामने आनी चाहिए. उनके बयान के बाद हादसे के प्रबंधन और घायलों के उपचार को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है.
तीन घायल ICU में भर्ती
ताजा जानकारी के मुताबिक, भगदड़ में घायल हुए 25 लोगों में से 14 को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें तीन मरीज आईसीयू में हैं और उनकी हालत नाजुक बताई गई है. पश्चिम बंगाल क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमीशन के चेयरमैन बिस्वजीत बसु ने बताया कि तीन में से दो मरीजों की स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं. उम्मीद जताई गई है कि हालत बेहतर होने पर उन्हें जल्द ही सामान्य वार्ड में स्थानांतरित किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- कोलकाता भगदड़ हादसे में अब तक 19 की मौतों, अमित शाह ने रद्द किए सभी कार्यक्रम, घायलों से कर सकते हैं मुलाकात
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें