खाड़ी में एक और जहाज़ पर अमेरिकी हमला, 20 भारतीय सवार; अब तक क्या-क्या पता है – BBC

इमेज स्रोत, US Centcom
अमेरिका ने पुष्टि की है कि उसने गिनी-बसाऊ के झंडे वाले जहाज़ 'जलवीर' पर हमला किया है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) का कहना है कि यह जहाज़ ओमान की खाड़ी के रास्ते ईरानी तेल की ढुलाई करने की कोशिश कर रहा था और उसने 'नाकेबंदी का उल्लंघन' किया.
इससे पहले भारत ने दावा किया था कि अमेरिका ने ओमान के शिनास बंदरगाह के पास भारतीय नाविकों को ले जा रहे तीसरे जहाज़ पर हमला किया. इसमें 20 भारतीयों के सवार होने की जानकारी दी गई.
इमेज स्रोत, ANI
पोर्ट, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी मुकेश मंगल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इसकी जानकारी दी थी.
उन्होंने कहा, 11 जून को गिनी-बसाऊ का झंडा लिए जहाज़ 'एमटी जलवीर' शिनास पोर्ट (ओमान) के पास एक सिक्योरिटी इन्सिडेंट की जद में आ गया. इस जहाज़ पर 20 भारतीय नाविक हैं और सभी सुरक्षित बताए गए हैं. किसी के घायल होने या मौत की ख़बर नहीं है.
एडिशनल सेक्रेटरी मुकेश मंगल ने कहा, "क्रू को शिनास पोर्ट लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. अभी 6 लोगों को बाहर निकालना बाकी है."
मंत्रालय हालात पर नज़र रख रहा है और विदेश मंत्रालय, विदेशों में भारतीय मिशन, भारतीय नौसेना और दूसरे ज़रूरी विभागों से लगातार संपर्क में है.
मंत्रालय ने बताया कि इस समय 562 भारतीय नाविक भारत के झंडे वाले जहाज़ों पर मौजूद हैं. इनमें से 329 नाविक खाड़ी क्षेत्र (होर्मुज़ के पश्चिम) में हैं. 233 नाविक ओमान की खाड़ी (होर्मुज़ के पूर्व) में हैं.
समाप्त
मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी मुकेश मंगल ने कहा कि पूरे खाड़ी क्षेत्र में कुल मिलाकर 18,000 से ज़्यादा भारतीय नाविक मौजूद हैं.
समाप्त
सेंटकॉम के मुताबिक, इस हफ़्ते ओमान की खाड़ी में अमेरिकी बलों की ओर से निशाना बनाया गया यह तीसरा जहाज़ है. इससे पहले 'मारिवेक्स' और 'सेटेबेलो' जहाज़ों पर भी हमले किए गए थे.
दरअसल, 13 अप्रैल 2026 से अमेरिका ने होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरानी बंदरगाहों की नाक़ेबंदी शुरू की थी. इस दौरान ईरान की ओर या ईरान से आने-जाने वाले जहाज़ों को रोका या वापस भेजा जा रहा है.
सेंटकॉम का दावा है कि अब तक 134 जहाज़ों को अमेरिकी बलों ने वापस लौटा दिया है. 8 जहाज़ों ने आदेश नहीं माना, जिन पर हमला हुआ, इनमें 'सेटेबेलो' भी शामिल है.
अमेरिकी बलों का कहना है कि उन्होंने नाक़ाबंदी के बावजूद ऐसे 42 जहाज़ों को जाने के लिए रास्ता दिया, जो राहत सामग्री या चिकित्सा सहायता ले जा रहे थे.
जबकि ईरान दावा करता रहा है कि शिपिंग चैनल "पूरी तरह बंद" है.
इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images
एमटी मारिवेक्स: इस जहाज़ पर सोमवार यानी 8 जून को हमला हुआ था, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान स्थित भारत के दूतावास ने इसकी पुष्टि की थी.
एमटी सेटेबेलो: इस जहाज़ पर बुधवार यानी 10 जून को हमला हुआ, इसमें भी 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे. इस हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए. बाकी 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया.
एमटी जलवीर: इस जहाज़ पर आज यानी 11 जून को हमला होने की सूचना सामने आई है. इस पर 20 भारतीय क्रू मेंबर सवार हैं. अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है.
इमेज स्रोत, Samuel Corum/Getty Images
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा है कि अमेरिका ईरान पर "आज रात बहुत बड़ा हमला" करेगा.
राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, "संयुक्त राज्य अमेरिका आज रात ईरान पर बहुत जोरदार हमला करेगा. ईरान की नौसेना, वायुसेना, रडार, वायु रक्षा प्रणाली और उसकी अधिकांश आक्रामक क्षमता पहले ही खत्म हो चुकी है."
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर दावा किया कि निकट भविष्य में अमेरिका, ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र ख़ार्ग और अन्य ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर पर नियंत्रण स्थापित करेगा. साथ ही, ईरान के तेल और गैस बाजारों पर "पूर्ण नियंत्रण" हासिल करेगा.
खार्ग द्वीप ईरान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है. ईरान के अधिकांश कच्चे तेल का निर्यात इसी द्वीप के टर्मिनल के माध्यम से होता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
समाप्त
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News